फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kedarnath Helicopter Crash: क्रैश के बाद राख में तब्दील हुआ हेलिकॉप्टर; बुरी तरह जल गए शव; हादसे की तस्वीरें

Sun, 15 Jun 2025 11:40 AM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, रुद्रप्रयाग

सार

Helicopter Crash in Kedarnath Today: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान रविवार को बड़ा हादसा हुआ है। गौरीकुंड क्षेत्र में केदारनाथ धाम से गुप्तकाशी आ रहा हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया है। दर्दनाक हादसे में 23 महीने के बच्चे समेत सात की मौत हो गई है। 
विज्ञापन
1 of 11
हेलिकॉप्टर क्रैश के बाद उठता धुआं - फोटो : अमर उजाला
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग के गौरीकुंड क्षेत्र में रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ है। केदारनाथ रूट पर आर्यन कंपनी का एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। हेलिकॉप्टर में सवार सभी सातों लोगों की मौत हो गई, मृतकों में 23 महीने की बच्ची भी है। कैप्टन की भी हादसे में मौत हुई है। हादसे के बाद अगले आदेश तक हेलिकॉप्टर सेवा रोक दी गई है। उत्तराखंड में हुई हेलिकॉप्टर दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेलिकॉप्टर संचालन को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हेली सेवाओं के संचालन के लिए सख्त एसओपी तैयार की जाए, जिसमें हेलिकॉप्टर की तकनीकी स्थिति की पूर्ण जांच और उड़ान से पूर्व मौसम की सटीक जानकारी लेना अनिवार्य किया जाए।


मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि तकनीकी विशेषज्ञों की एक समिति का गठन किया जाए, जो हेली संचालन की सभी तकनीकी व सुरक्षा पहलुओं की गहन समीक्षा कर एसओपी तैयार करेगी। यह समिति यह सुनिश्चित करेगी कि हेली सेवाओं का संचालन पूरी तरह से सुरक्षित, पारदर्शी और निर्धारित मानकों के अनुसार हो। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब सुबह 5.30 बजे आर्यन कंपनी का हेलिकॉप्टर गौरीकुंड क्षेत्र में क्रैश हो गया। हेलिकॉप्टर गौरी माई खर्क से ऊपर जंगल में गिरा है। हेलिकॉप्टर के क्रैश होने की वजह खराब मौसम बताई जा रही है। हेलिकॉप्टर केदारनाथ धाम से गुप्तकाशी जा रहा था। 
विज्ञापन

2 of 11
हेलिकॉप्टर क्रैश के बाद उठता धुआं - फोटो : अमर उजाला
हेलिकॉप्टर नोडल अधिकारी राहुल चौबे और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने हेलिकॉप्टर के क्रैश होने की पुष्टि की है। गौरीकुंड के ऊपर घास काट रही नेपाली मूल की महिलाओं ने हेलिकॉप्टर क्रैश होने की सूचना दी थी।


 
विज्ञापन

3 of 11
हेलिकॉप्टर क्रैश के बाद उठता धुआं - फोटो : अमर उजाला
दंपती और 23 माह की बच्ची की मौत
जानकारी के अनुसार, दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों में एक दंपती और उनकी 23 महीने की बच्ची भी शामिल है, जयसवाल परिवार महाराष्ट्र का बताया जा रहा है। जबकि दो लोग स्थानीय भी बताए जा रहे हैं। विनोद नेगी और विक्रम सिंह रावत शामिल हैं। विक्रम सिंह रावत बीकेटीसी के कर्मचारी थे। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए लोगों के शव बुरी तरह से जल गए। 

4 of 11
हेलिकॉप्टर क्रैश के बाद उठता धुआं - फोटो : अमर उजाला
मृतकों की लिस्ट
1. विक्रम सिंह रावत(46) निवासी  ग्राम रांसी, तहसील ऊखीमठ, जिला रुद्रप्रयाग 
2. विनोद देवी(66) निवासी हाउस नंबर. 429, सिविल लाइन 2, बिजनोरराम बैग कॉलोनी, बिजनौर, उत्तर प्रदेश 
3. तुष्टी सिंह(19) निवासी हाउस नंबर 429, सिविल लाइन 2, बिजनोरराम बैग कॉलोनी, बिजनौर, उत्तर प्रदेश। 
4. राजुकुमार सुरेश जायसवाल(41) निवासी वाणी नंदेपेरा रोड, सैन मंदिर, महाराष्ट्र।
5.शारदा राजकुमार जायसवा (35) निवासी वाणी नंदेपेरा रोड, सैन मंदिर, महाराष्ट्र।
6. काशी (23 महीने की बच्ची) निवासी, वाणी नंदेपेरा रोड, सैन मंदिर, महाराष्ट्र। 
7. कैप. राजीव, रेसि. राजस्थान. (आर्यन अवेशन)
 
विज्ञापन

5 of 11
सीएम धामी - फोटो : अमर उजाला
हेलिकॉप्टर हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि जनपद रुद्रप्रयाग में हेलिकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन एवं अन्य रेस्क्यू दल राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हैं। बाबा केदार से सभी यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं।
 
विज्ञापन

6 of 11
Uttarakhand helicopter crash - फोटो : SDRF
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के अनुसार, गुप्तकाशी के लिए केदारनाथ से उड़ान भर रहा आर्यन एविएशन बेल 407 हेलीकॉप्टर VT-BKA दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर में पांच यात्री, एक शिशु और एक चालक दल का सदस्य सवार था। हेलीकॉप्टर ने सुबह 05:19 बजे गुप्तकाशी के लिए उड़ान भरी और गौरीकुंड के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। एहतियात के तौर पर, DGCA ने पहले ही चार धाम के लिए हेलीकॉप्टर संचालन की आवृत्ति कम कर दी है और आगे की कार्रवाई के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है। ऑपरेशन की समीक्षा की जा रही है। AAIB दुर्घटना की जांच करेगा।


 
विज्ञापन

7 of 11
Uttarakhand helicopter crash - फोटो : SDRF
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) की सीईओ सोनिका ने बताया कि "आज सुबह करीब 5:30 बजे सूचना मिली कि केदारनाथ से गुप्तकाशी के लिए रवाना हुआ आर्यन एविएशन का हेलीकॉप्टर कहीं नहीं मिल रहा है और कुछ देर बाद पता चला कि गौरीकुंड के पास वह क्रैश हो गया है। बचाव अभियान जारी है। सीईओ सोनिका ने कहा कि घाटी में मौसम की स्थिति को देखते हुए सेवाएं बंद कर दी गई हैं।


 

8 of 11
Uttarakhand helicopter crash - फोटो : SDRF
गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने उत्तराखंड हेलीकॉप्टर दुर्घटना पर कहा कि "आज एक दुखद समाचार मिला। आर्यन कंपनी का एक हेलीकॉप्टर जो हेलीकॉप्टर ऑपरेटर है, उसने सुबह करीब 5-5:20 बजे केदारनाथ से उड़ान भरी थी। इसे गुप्तकाशी जाना था लेकिन यह रास्ते में ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा गौरीकुंड के पास एक बुग्याल में हुआ। यह जगह सात किलोमीटर का ट्रैकिंग रूट है। हेलिकॉप्टर में चार वयस्क, एक बच्चा, एक पायलट और एक BKTC कर्मचारी भी सवार थे।

9 of 11
उत्तराखंड हेलीकॉप्टर दुर्घटना में बीकेटीसी कर्मचारी विक्रम रावत की मौत - फोटो : परिजन
उत्तराखंड में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में 47 वर्षीय बीकेटीसी कर्मचारी विक्रम रावत की मौत हो गई। मंदिर समिति के सभी कार्यालयों में कर्मचारियों ने एकत्र होकर शोक संवेदना व्यक्त की। श्री बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के प्रवक्ता हरीश गौड़ ने यह जानकारी दी।

10 of 11
हेलिकॉप्टर सड़क पर उतरा - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हाईवे पर हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग
इससे पहले, सात जून को केदारघाटी के बडासू हेलिपैड से केदारनाथ के लिए टेकऑफ करते समय हेलिकॉप्टर में तकनीकी खामी आने पर पायटल ने रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर इमरजेंसी लैंडिंग करा दी। इस दौरान पायलट के पीठ में चोट आई। हेलिकॉप्टर में सवार सभी पांच यात्री सुरक्षित थे। पायलट को अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था। सात जून को दोपहर 1.02 बजे क्रिस्टल कंपनी के हेलिकॉप्टर ने पांच यात्रियों के साथ बडासू हेलिपैड से केदारनाथ के लिए उड़ान भरी थी। हेलिकॉप्टर हेलिपैड से बमुश्किल दो मीटर ऊपर ही उठ पाया था कि कुछ तकनीकी खामी आ गई, जिसे भांपते हुए पायलट ने हेलिपैड से ठीक नीचे रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर इमरजेंसी लैंडिंग करा दी। जिससे हेलिकॉप्टर की टेल क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर खड़ी कार पर जा गिरी। साथ ही हेलिकॉप्टर के पंखों के चपेट में आने से दुकान का आगे का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। संयोग से उस समय हाईवे पर कोई वाहन और राहगीर नहीं गुजर रहा था।




 
विज्ञापन

11 of 11
उत्तरकाशी में हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
उत्तरकाशी में हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त; दर्दनाक हादसे में पायलट समेत छह यात्रियों की मौत
इससे पहले, उत्तरकाशी जिले में आठ मई की सुबह एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया था। इस हादसे में पायलट समेत छह लोगों के मौत हो गई थी। जबकि एक घायल को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के साथ ही आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास एक हेलिकॉप्टर क्रैश होने की सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ, फायर, मेडिकल व अन्य आपदा राहत दल मौके पर पहुंचे थे। हेलिकॉप्टर एयरोट्रांस कंपनी का था, जिसने आठ मई की सुबह सहस्त्रधारा हेलीपैड से हर्षिल के लिए उड़ान भरी थी।

यह भी पढ़ें: Kedarnath Helicopter Crash: गौरीकुंड में बड़ा हादसा, केदारनाथ से गुप्तकाशी आ रहा हेलिकॉप्टर क्रैश; सात की मौत


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें