भगवान आशुतोष के द्वादश ज्योतिर्लिंगों में एक केदारनाथ धाम में श्रद्धा व भक्ति का उल्लास अपने चरम पर है। प्रतिदिन बढ़ रही भक्तों की भीड़ के चलते इन दिनों मंदिर में 23 घंटे तक धार्मिक गतिविधियां हो रही हैं, जिसमें 15 घंटे धर्म दर्शन, 4 घंटे श्रृंगार दर्शन और देर रात्रि से तड़के तक चार घंटे भक्तों द्वारा ऑनलाइन व ऑफलाइन बुक की गई पूजाएं संपादित की जा रही हैं।
केदारनाथ यात्रा के इतिहास में यह पहला मौका है, जब मंदिर दिनरात में सिर्फ एक घंटे बंद रहा है। इसके अलावा, समूची केदारपुरी, पैदल मार्ग और राजमार्ग पर 24 घंटे यात्रा संचालित हो रही है। 10 मई से शुरू हुई केदारनाथ यात्रा में इस वर्ष आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। यात्रा के 14 दिनों में ही दर्शनार्थियों का आंकड़ा 4 लाख 24 हजार 242 पहुंच गया है। धाम में पिछले सात दिनों से प्रतिदिन 30 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन को पहुंच रहे हैं, जिस कारण मंदिर केा अधिकाधिक समय के लिए खुला रखा जा रहा है।
इन दिनों 24 घंटे के दिनरात में 23 घंटे तक बाबा केदार के मंदिर में धार्मिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जिसमें सुबह 4 बजे कपाट खुलने के बाद पूजा-अर्चना हो रही है। इसके बाद सुबह 5 बजे से बाबा के भक्तों के लिए धर्म दर्शन शुरू हो रहे हैं, जो अपराह्न तीन बजे तक हो रहे हैं।