फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांवड़ यात्रा की अनोखी तस्वीरें: फौजी बेटे ने मां को कंधों पर बैठाया, किसी ने एक पैर से तय किया आस्था का सफर

Wed, 05 Aug 2026 06:02 PM IST
Renu Saklani संवाद न्यूज एजेंसी, हरिद्वार

सार

कांवड़ यात्रा के बीच कुछ ऐसे दृश्य भी सामने आए, जो केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि रिश्तों की गर्माहट और साहस की कहानी भी बयां करते हैं। आइए आपको बताते हैं हरिद्वार से निकली इन प्रेरक तस्वीरों के कहानी।
विज्ञापन
1 of 6
हरिद्वार कांवड़ यात्रा - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक
हरिद्वार से कांवड़ यात्रा की ऐसी कई तस्वीरें सामने आईं, जिन्होंने लोगों को भावुक कर दिया। कहीं एक फौजी अपनी मां को कंधे पर बैठाकर ले जाता दिखा, तो कहीं एक पैर के सहारे कांवड़ लेकर निकले श्रद्धालु ने सभी को प्रेरित किया। आस्था के साथ इंसानियत और हिम्मत की मिसाल भी देखने को मिली। मां की सेवा को अपना धर्म मानने वाले बेटे से लेकर शारीरिक चुनौती के बावजूद कांवड़ यात्रा पूरी करने निकले श्रद्धालु तक, इन कहानियों ने हर किसी का दिल जीत लिया।



मां को कंधे पर बैठाकर निकला फौजी
टोल प्लाजा बहादराबाद के पास मंगलवार को एक भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला। हरिद्वार में गंगा स्नान कराने के बाद एक फौजी अपने 62 वर्षीय वृद्ध मां को कंधे पर बैठाकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हुआ। साथ चल रहे कांवड़ियों ने बताया गया कि जवान अपने माता-पिता को हरिद्वार में गंगा स्नान कराने लाया था। हरियाणा निवासी फौजी रणवीर सिंह ने बताया कि मैं अपने माता-पिता को कांवड़ मेले में मां गंगा के दर्शन और स्नान कराने लेकर आया था। गंगा स्नान के बाद मेरी 62 वर्षीय मां के पैरों में दर्द होने लगा और उन्हें चलने में काफी परेशानी हो रही थी। मां को तकलीफ में देखकर मैंने उन्हें अपने कंधों पर बैठा लिया। माता-पिता की सेवा करना मेरा कर्तव्य है और उनके लिए इतना करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मां-बाप का आशीर्वाद ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उपस्थित लोगों ने कहा कि आज के दौर में यह दृश्य समाज के लिए प्रेरणादायक है और माता-पिता की सेवा का सच्चा संदेश देता है।
विज्ञापन

2 of 6
मां को कंधे पर बैठाकर लेकर जाते बेटा। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
एक पैर के सहारे कांवड़ लेकर राजीव दिल्ली रवाना
आस्था और दृढ़ संकल्प के आगे शारीरिक चुनौतियां भी छोटी पड़ जाती हैं। इसका जीवंत उदाहरण दिल्ली निवासी कांवड़ यात्री राजीव हैं जिन्होंने एक पैर गंवाने के बावजूद हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली के लिए कांवड़ यात्रा शुरू की है। राजीव ने बताया कि करीब चार वर्ष पहले खाटू श्याम की यात्रा के दौरान उनके साथ हादसा हो गया था। हादसे में उन्हें अपना एक पैर गंवाना पड़ा। इस कठिन दौर के बाद भी उनका हौसला नहीं टूटा और उन्होंने भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था को बनाए रखी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष वह एक पैर के सहारे हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं। उनका कहना है कि सच्ची श्रद्धा और मजबूत इरादों के सामने कोई भी मुश्किल बड़ी नहीं होती। राजीव का साहस और अटूट आस्था कांवड़ यात्रा में शामिल अन्य श्रद्धालुओं के लिए भी प्रेरणा का विषय बनी हुई है। रास्ते में उन्हें देखकर श्रद्धालु उनके जज्बे की सराहना कर रहे हैं।
विज्ञापन

3 of 6
एक पैर के सहारे कांवड़ लेकर राजीव दिल्ली रवाना - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

एक दिन में 34.15 लाख शिवभक्त गंगाजल लेकर रवाना

धर्मनगरी में कांवड़ मेले के दौरान आस्था का सैलाब लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने हरकी पैड़ी और गंगा के विभिन्न घाटों से पवित्र गंगाजल उठाकर अपने-अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया। पुलिस प्रशासन के अनुसार शाम छह बजे तक 34 लाख 15 हजार शिवभक्त गंगाजल लेकर हरिद्वार से रवाना हो चुके थे। कांवड़ यात्रा के दौरान हर तरफ हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष सुनाई दे रहे हैं।

4 of 6
हरिद्वार कांवड़ यात्रा - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार से अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे कांवड़ यात्री
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के मुताबिक, कांवड़ मेला शुरू होने से मंगलवार शाम छह बजे तक एक करोड़ 43 लाख 25 हजार शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर चुके हैं। बड़ी संख्या में कांवड़िये पैदल यात्रा करते हुए आगे बढ़ रहे हैं, जबकि डाक कांवड़ियों की भी संख्या लगातार बढ़ रही है।
विज्ञापन

5 of 6
हरिद्वार - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज रहा धर्मनगरी का माहौल
कांवड़ियों के जत्थों में धार्मिक उत्साह देखते ही बन रहा है। रास्तों में जगह-जगह कांवड़ियों की सेवा के लिए लगाए गए शिविरों में श्रद्धालुओं को भोजन, पानी और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिवभक्तों से हरिद्वार पूरी तरह शिवमय नजर आ रहा है।


 
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
हरिद्वार - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
गंगा तट से लेकर कांवड़ मार्गों तक भगवा रंग 

गंगा तट से लेकर कांवड़ मार्गों तक भगवा रंग दिखाई दे रहा है। कांवड़िये गंगाजल को शिवभक्ति और आस्था का प्रतीक मानकर लंबी यात्रा पर निकल रहे हैं। मंगलवार को भी गंगाजल लेकर रवाना हुए लाखों शिवभक्तों के साथ पूरा वातावरण हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें