दो माह से लापता बीवी को खोजने के लिए एक आदमी ने पुलिस को ऐसी धमकी दे डाली कि कोहराम मच गया। तस्वीरों में देखने के लिए क्लिक करें...
विज्ञापन
2 of 4
harish mehra
उत्तराखंड के खटीमा में दो माह से पत्नी के लापता होने से परेशान युवक मंगलवार को अपनी छह वर्ष की बच्ची के साथ 18 मीटर ऊंचे ओवर हेड टैंक पर चढ़ गया। युवक का आरोप था कि पुलिस उसकी पत्नी को खोजने का प्रयास नहीं कर रही है। पुलिस, एसओजी के जवानों के समझाने पर करीब 40 मिनट बाद युवक बच्ची को लेकर टंकी से उतरा। इस दौरान पुलिस प्रशासन की सांसे अटकी रहीं। मूल रूप से छिनकी गांव निवासी हरीश मेहरा(37) हाल निवासी नानकमत्ता ने बीते 15 दिसंबर को पत्नी के लापता होने की तहरीर पुलिस को सौंपी थी। इस दौरान कई दिन तक वह स्वयं भी पत्नी की तलाश में इधर-उधर घूमता रहा। सात जनवरी को पुलिस ने हरीश की तहरीर पर उसकी पत्नी बबीता मेहरा की गुमशुदगी दर्ज की थी।
विज्ञापन
3 of 4
harish mehra
पत्नी की बरामदगी की मांग को लेकर हरीश डीएम, एसएसपी, एसडीएम सहित सभी अधिकारियों से मिलकर गुहार लगा चुका है। परेशान हरीश अपनी छह वर्ष की बेटी तनु को साथ लेकर एक बैग कंधे पर लटकाए अकसर पुलिस प्रशासन के अधिकारियों चक्कर लगाते दिखाई देता है। सोमवार को भी हरीश हाथ में नींद की गोलियां लेकर घूम रहा था और धमकी दे रहा था कि अगर उसकी पत्नी की तलाश नहीं की गई तो वह आत्महत्या कर लेगा। मंगलवार को दोपहर करीब एक बजे हरीश कोतवाली और बाजार चौकी के नजदीक बने 18 मीटर ऊंचे ओवर हेड टैंक पर बच्ची को साथ लेकर चढ़ गया और बच्ची सहित कूदने की धमकी देने लगा। मामला कोतवाली के नजदीक होने के कारण पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। वहां मौजूद एसओजी के जवान महेंद्र डंगवाल, संतोष रावत, झनकइया चौकी में तैनात एचसीपी प्रताप सिंह मेहरा समेत कुछ और लोग भी टंकी पर चढ़ गए। काफी समझाने के बाद हरीश इस शर्त पर माना कि उसके खिलाफ आत्महत्या के प्रयास का मुकदमा पंजीकृत नहीं होगा और उसकी पत्नी को खोजने के प्रयास तेज किए जाएंगे। करीब 40 मिनट तक चले ड्रामे के बाद हरीश टंकी से उतरा।
ओवर हेड टैंक पर चढ़े हरीश मेहरा को पुलिस ने टंकी से उतारकर काफी समझाया और उसे शांतिभंग 151 धारा में एसडीएम कोर्ट में पेश किया। कोतवाल कुंवर सिंह रावत ने कहा कि हरीश की बेटी को उसके भाई के सुपुर्द किया जा रहा है। साथ ही हरीश की पत्नी को खोजने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। ओवर हेड टैंक पर चढ़े हरीश और लापता बबीता ने आठ वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था। इसको लेकर दोनों के परिवार खुश नहीं थे। इसी के चलते परिवार ने संपत्ति का बंटवारा कर हरीश को अलग कर दिया गया था। अलग होने के बाद हरीश यहां से सितारगंज चला गया और वहां मकान लेकर रहने लगा। बताया जा रहा है कि बंटवारे में आए रुपये खर्च हो गए और मकान बिक चुका है। पत्नी के लापता होने के बाद से हरीश मानसिक रूप से भी टूटा हुआ है। हरीश मेहरा के ओवर हेड टैंक पर चढ़े होने की सूचना पर मौके पर पहुंचे एसडीएम विजयनाथ शुक्ल ने एसएसआई जगदीश ढकरियाल से लापता बबीता की तलाश में किए गए अब तक के प्रयासों की जानकारी मांगी।