प्रेम और सौहार्द का त्योहार होली रविवार और सोमवार को मनाया जाएगा। रविवार को होलिका दहन किया जाएगा। इस बार होलिका दहन में अशुभ माना गया भद्रा योग बाधा नहीं रहेगा। होलिका दहन का शुभ मुहूर्त शाम साढ़े छह बजे से रात साढ़े आठ बजे तक रहेगा। इसके बाद चौघड़िया में शुभ, लाभ व अमृत के दौरान भी होलिका दहन किया जा सकता है। होलिका दहन 28 मार्च को होगा, जबकि 29 मार्च को रंगों का त्योहार होली मनाई जाएगी।
होलिका दहन होली के एक दिन पहले फाल्गुन मास की पूर्णिमा को मनाया जाता है। इसके अगले दिन रंगों से खेलने की परंपरा है। ज्योतिषाचार्य पंडित विष्णु प्रसाद भट्ट ने बताया कि होलिका दहन के दिन भद्रा योग दोपहर एक बजे तक रहेगा। जबकि, होलिका दहन शाम को गोधुलि बेला के समय से शुरू होगा।
उधर, शुक्रवार को देहरादून के मुख्य बाजारों में होली की खरीदारी करने आए लोगों से दिन भर बाजार गुलजार रहे। बाजार में दुकानें रंग बिरंगे रंगों से गुलजार हैं।
ज्योतिषों का कहना है कि रंगों के बिना जीवन अधूरा है। हर रंग अपनी अलग कहानी बयां करता है। रंगों को ग्रहों का प्रतीक माना जाता है। प्रत्येक रंग किसी न किसी ग्रह का प्रतिनिधित्व करता है।