अखाड़ों ने पेशवाइयां निकालने के साथ ही महाकुंभ का विधिवत आगाज कर दिया है। देशभर से संतों और नागा संन्यासियों का हुजूम कुंभनगरी पहुंचने लगा है। सनातन धर्म की रक्षा एवं प्रचार-प्रसार के लिए भगवा वस्त्र धारण करने वाले साधु-संत भी जमाने के साथ हाईटेक हैं। तपस्या में लीन रहने वाले नागा संन्यासी भी सोशल मीडिया जैसे प्लेटफार्म पर एक्टिव हैं। पेशवाई में कई बाबा सोशल मीडिया पर लाइव आ रहे हैं तो कई सेल्फी और वीडियो भी बना रहे हैं। वक्त के साथ इंसानों की जरूरतें भी बदल रही हैं। इंटरनेट और स्मार्टफोन के बगैर आज इंसान अधूरा है। इंटरनेट ने लोगों का दायरा बढ़ाया है। साधु-संत और नागा संन्यासी भी इससे अछूते नहीं हैं। अखाड़ों की पेशवाई में पहुंच रहे कई संत और नागा संन्यासी भी स्मार्टफोन चलाते हैं। बाकायदा सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं। फेसबुक, यू ट्यूब, इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफार्म पर पेशवाई शुरू होने से लेकर छावनी पहुंचने तक बीच-बीच में लाइव आ रहे हैं। पेशवाई की भव्य झांकियों की फोटो के साथ स्टेटस भी बदल रहे हैं। हाथ में डमरू और त्रिशूल लिए नागा संन्यासी भी कहीं लाइव तो कहीं सेेल्फी लेते नजर आ रहे हैं। बाबाओं को सेल्फी लेते देख दर्शक हर-हर महादेव के जयकारे लगाकर उनका उत्साह बढ़ा रहे हैं। श्रद्धालुओं का जोश देखकर कई बाबा उनके मोबाइल कैमरों के फ्रेम में आकर सेल्फी दे रहे हैं।