फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरिद्वार कुंभ 2021: मस्त मलंग नागाओं के साथ निकली अटल अखाड़े की शाही पेशवाई, तस्वीरों में देखें

Tue, 09 Mar 2021 07:43 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, हरिद्वार
विज्ञापन
1 of 7
शंभू पंचायती अटल अखाड़े की भव्य पेशवाई - फोटो : अमर उजाला
कुंभनगरी में हर हर महादेव के उद्घोष के साथ मंगलवार को श्री शंभू पंचायती अटल अखाड़े की भव्य पेशवाई निकाली गई। सैकड़ों की संख्या में साधु संतों और नागा संन्यासियों ने कुंभ क्षेत्र में प्रवेश किया। पेशवाई के आगे चल रहे हाथी, घोड़े, ऊंट और रथों पर चांदी के सिंहासन पर सवार महामंडलेश्वरों ने पेशवाई वैभव पर चार चांद लगा दिए। अघोरियों के रूप धारण कर नृत्य और करतब दिखा रहे कलाकार पेशवाई का मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। श्री शंभू पंचायती अटल अखाड़ा की पेशवाई शाही अंदाज में कनखल स्थित शीतला माता मंदिर से रवाना हुई। पेशवाई में सबसे आगे अखाड़े की धर्मध्वजा थी। इसके पीछे नागा संन्यासियों के सुरक्षा घेरे में इष्टदेव भगवान गणपति की चांदी की पालकी चल रही थी। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में नागा संन्यासी करतब दिखाते चल रहे थे। नागा संन्यासियों के साथ अटल पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर राजगुरु स्वामी विश्वात्मानंद सरस्वती विशाल रथ पर चांदी के भव्य सिंहासन पर विराजमान थे। चांदी के हौदे पर रत्न, आभूषणों से जड़ित छतरी में उनकी शोभा देखते ही बन रही थी। उनके पीछे महांडलेश्वरों के रथ चल रहे थे। दर्जन भर महामंडलेश्वरों की इस सेना में नगाड़े का नक्कारा गूंजा तो पारंपरिक वाद्य यंत्र तुतुही, ढोल, ताशा की आवाज भी कुंभनगरी की आबोहवा में गूंजती रही।
विज्ञापन

2 of 7
शंभू पंचायती अटल अखाड़े की भव्य पेशवाई - फोटो : अमर उजाला
जैसे ही बैंडबाजों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ महामंडलेश्वरों के रथ भीड़ के बीच से निकले तो श्रद्धालुओं के सिर श्रद्धा से स्वत: ही झुक गए। महामंडलेश्वरों और नागा संन्यासियों ने भी श्रद्धालुओं को हाथ उठाकर आशीर्वाद दिया।
विज्ञापन

3 of 7
शंभू पंचायती अटल अखाड़े की भव्य पेशवाई - फोटो : अमर उजाला
लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी पेशवाई का श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर स्वागत किया। पेशवाई के दौरान अघोरियों के भेष में धूनी की राख को हवा में उड़ाकर नृत्य कर रहे कलाकारों ने श्रद्धालुओं को खूब रोमांचित किया।

4 of 7
शंभू पंचायती अटल अखाड़े की भव्य पेशवाई - फोटो : अमर उजाला
पेशवाई ने श्रीयंत्र मंदिर, बुड्ढी माता मिराहा, देशरक्षक औषधालय तिराहे, कनखल थाना, चौक बार होते हुए बंगाली मोड़ स्थित छावनी में प्रवेश किया। आराध्य की पालकी को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच स्थापित कर पूजन करने के बाद पुकार चढ़ावा चढ़ाया गया।
विज्ञापन

5 of 7
शंभू पंचायती अटल अखाड़े की भव्य पेशवाई - फोटो : अमर उजाला
छावनी में पहुंचने के बाद सबसे पहले आराध्य सिद्ध गणेश भगवान को भोग लगाया गया। इसके बाद महामंडलेश्वर, संत-महात्मा, नागा संन्यासियों ने दही, चावल, चीनी का प्रसाद ग्रहण किया। 
विज्ञापन

6 of 7
शंभू पंचायती अटल अखाड़े की भव्य पेशवाई - फोटो : अमर उजाला
श्री शंभू पंचायती अटल अखाड़े की पेशवाई में नागा संन्यासी आदिकालीन अस्त्र-शस्त्र थामे हुए थे। श्रद्धालु इन शस्त्रों का आश्चर्य भरी निगाहों से देख रहे थे। नागा संन्यासियों ने त्रिशूल, भाला, तलवार और लाठी से अजब-गजब करतब दिखाए।
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
शंभू पंचायती अटल अखाड़े की भव्य पेशवाई - फोटो : अमर उजाला
उत्तराखंड के पारंपरिक लोकनृत्यों की झांकियों में शामिल लोक कलाकारों ने कुमाऊंनी, गढ़वाली गीतों पर थिरकना शुरू किया तो श्रद्धालु भी उत्साहित होकर झूमने लगे। लोक कलाकारों ने पूरी पेशवाई का समां बांध दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें