उत्तराखंड में आज लोकपर्व हरेला पूरे उत्साह और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेशभर में व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। भाजपा ने भी 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत अगले एक माह में छह लाख पौधे लगाने का लक्ष्य लेकर राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत की है।
हरेला पर्व पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत भाजपा ने प्रदेशभर में छह लाख पौधे रोपने का अभियान शुरु कर दिया है। आज शुरू होकर एक माह तक चलने वाले इस अभियान के तहत राज्य में बूथ स्तर पर न्यूनतम 50 पौधे मंत्रियों, सांसदों, विधायकों आदि जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों के सहयोग से लगाए जाएंगे।
प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि पौधरोपण का यह अभियान 15 अगस्त तक चलेगा। पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के त्यौहार हरेला को पार्टी एक पेड़ मां के नाम अभियान के रूप में मनाएगी। प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट के संयोजन में महिला मोर्चा अध्यक्ष रुचि भट्ट, किसान मोर्चा अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी एवं युवा मोर्चा अध्यक्ष विपुल मेंदोली को जिम्मेदारी सौंपी गई है।