गंगा जीवित प्राणी हैं यह मानते हुए उन्हें स्वच्छ रखने और आस्था के साथ देवी के रूप में पूजने की प्रेरणा देने के उद्देश्य से सोमवार को चंडीपुल के पास नमामि गंगे घाट पर आठवां गंगा उत्सव मनाया गया। केंद्रीय मंत्री से लेकर उत्तराखंड के मंत्रियों ने इसमें शिकरत की। इस दौरान गंगा आरती ने हर किसी का मन मोहा।
पहली बार गंगा किनारे उत्सव मनाया गया, जिसमें आशुतोष राणा के शिव स्त्रोत ने हर किसी का दिल जीत लिया। गंगा उत्सव में आरती के दौरान लेजर लाइट शो, थ्रीडी मूवी को लोगों ने खूब सराहा। वहीं राजीव खंडेलवार का नाट्य मंचन भी काफी सराहा गया। गंगा पर आधारित इस थीम को मौजूद लोगों ने देखा। आरती के दौरान लोगों ने माता गंगा का दर्शन पूजन किया।
महानिदेशक नमामि गंगे राजीव मित्तल ने बताया कि उत्सव मां गंगा के संरक्षण को लेकर है। उन्होंने कहा कि पांच अन्य राज्यों में भी यह उत्सव मनाया जा रहा है। कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य है कि नदियों को सिर्फ जल का स्रोत नहीं, बल्कि जीवन का आधार बनाना होगा।