चार दिन से निमोनिया से पीड़ित डेढ़ साल के बेटे की सांस टूट रही थी। रेस्क्यू करने के लिए पहुंचे हेलिकॉप्टर के खराब मौसम के कारण उड़ने की आस भी छूट गई लेकिन पिता की आस नहीं टूटी और 18 किलोमीटर दौड़कर बच्चे को अस्पताल पहुंचाया।
मसूरी के थत्यूड़ का रहने वाला डेढ़ साल का देवांग चार दिन से बीमार था। शुरुआत में उसको बुखार आया था तो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराया गया। आपदा के कारण रास्ता बंद होने से वे बच्चे को बाहर लेकर नहीं जा पा रहे थे। चिकित्सकों ने बताया था कि उनके बेटे को निमोनिया हुआ है।
ऐसे में उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। उसके पिता समवीर उसे देहरादून लाना चाह रहे थे लेकिन रास्ता बंद होने के कारण नहीं आ सके।बुधवार को प्रशासन ने गंभीर मरीजों को मसूरी से देहरादून लाने के लिए हेलिकॉप्टर भेजा पर खराब मौसम के कारण वह भी उड़ नहीं सका।
ये भी पढ़ें...Dehradun Flood: फुलेत में हुआ दूसरा सबसे बड़ा हादसा, लापता हैं सहारनपुर के छह लोग, SDRF ने चलाया सर्च ऑपरेशन
देवांग की हालत लगातार खराब हो रही थी और उसकी सांसें उखड़ने लगीं तो पिता समवीर ने गोद में लेकर दौड़ लगा दी। बड़ा मोड़ से कुठालगेट तक करीब 18 किलोमीटर तक पिता दौड़ते रहे। खराब रास्ते, भूस्खलन की चुनौतियों को पार करते हुए वह दोपहर बाद करीब चार बजे देहरादून पहुंचे और एक निजी अस्पताल में बेटे को भर्ती कराया।