फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dehradun Jhanda Mela: श्रीझंडे जी का हुआ आरोहण, उमड़ा आस्था का सैलाब, जयकारों से गूंजा दरबार साहिब, तस्वीरें

Wed, 19 Mar 2025 03:19 PM IST
रेनू सकलानी संवाद न्यूज एजेंसी, देहरादून

सार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून के ऐतिहासिक श्री झंडे जी मेले की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। श्री झंडे जी के आरोहण के साथ ही रामनवमी तक चलने वाला मेला शुरू हो गया है।

विज्ञापन
1 of 5
श्रीझंडे जी का आरोहण - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

देखो देखो गुरां दा देखो झंडा चढ़या... बुधवार को दून में भक्ति, उत्साह, उल्लास और उमंग के साथ श्री झंडे जी का आरोहण हो गया। जैसे ही श्री झंडे जी का आरोहण हुआ तो द्रोणनगरी गुरु महाराज के जयकारों से गूंज उठी। आरोहण के साथ ही छह अप्रैल तक चलने वाला मेला भी शुरू हो गया।

देशभर से दून पहुंचे हजारों श्रद्धालु श्री झंडे जी आरोहण के साक्षी बने। वहीं शहर की सड़कों पर दिनभर संगत दिखी। इसे लेकर जगह-जगह लंगर लगाकर प्रसाद वितरित किया गया। हर साल की तरह आरोहण होते ही बाज ने भी श्री झंडे जी की परिक्रमा की। वहीं श्री दरबार साहिब में एलईडी स्क्रीन लगाकर सजीव प्रसारण दिखाया गया।



बुधवार को द्रोणनगरी गुरु महाराज की भक्ति में लीन दिखी। श्री दरबार साहिब में सुबह सात बजे पूजा-अर्चना के बाद श्री झंडे जी को उतारने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। इसके बाद 8:30 बजे श्री झंडे जी को उतारा गया। पुराने श्री झंडे जी को उतारने के बाद नए 90 फीट ऊंचे श्री झंडे जी को दूध, घी, शहद आदि से स्नान कराया गया।

गिलाफ चढ़ाने की प्रक्रिया
इसके बाद गिलाफ चढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की गई। सबसे पहले श्री झंडे जी पर सादे गिलाफ चढ़ाए गए। इसके बाद शनील के गिलाफ और इसके बाद पंजाब के दो भाइयों ने दर्शनी गिलाफ चढ़ाए। गिलाफ चढ़ाने को लेकर भक्तों में खासा उत्साह दिखा। दोपहर 3:50 बजे श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने आरोहण प्रक्रिया शुरू करने का संदेश दिया।

इसके बाद झंडे जी के आरोहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। वहीं भक्ति उल्लास और गुरु महाराज के जयकारों के साथ दोपहर 4:19 बजे श्री झंडे जी का आरोहण किया गया। श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने कहा कि श्री झंडा महोत्सव मेला प्रेम, सद्भावना और आपसी भाईचारे का संदेश देने वाला मेला हैं। श्री झंडे जी पर शीश नवाने से सभी की मन्नतें पूरी होती हैं। वहीं मेयर सौरभ थपलियाल, विधायक खजानदास, निवर्तमान मेयर सुनील उनियाल गामा, पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष अशोक वर्मा ने भी श्री झंडा साहिब पर शीश नवाया और श्रीमहंत से मुलाकात की।

विज्ञापन

2 of 5
श्री झंडे जी मेला - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

मिलता गया आदेश, चढ़ते गए झंडे जी

श्री दरबार साहिब में दोपहर के समय श्री झंडे जी के आरोहण की प्रक्रिया शुरू हुई। इसके बाद श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज संगत को आदेश देते रहे। जैसे-जैसे श्रीमहंत आदेश देते रहे वैसे ही श्री झंडे जी भी चढ़ते रहे।

बस एक नजर दिख जाए

श्री झंडे जी के आरोहण के इस पल के साक्षी बनने के लिए आस्था का जनसैलाब उमड़ा। हर कोई श्री झंडे जी के आरोहण की झलक देखने के लिए बेताब रहा। श्री दरबार साहिब और उसके आसपास जगह नहीं बची तो लोग घरों की छतों और उसके आसपास के ऊंचे स्थानों पर चढ़कर श्री झंडे जी के आरोहण के पल के साक्षी बने।


विज्ञापन

3 of 5
मेले के लिए जाते लोग - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

खुशियां नाल मनाइये जन्मदिन सद्गुरु दा....

श्री झंडे जी के आरोहण के बाद श्री दरबार साहिब में संगत ने गीतों पर खूब नृत्य किया। उन्होंने खुशियां नाल मनाइये जन्मदिन सद्गुरु दा..समेत कई गीतों पर संगत झूमी।

4 of 5
देहरादून झंडा मेला - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

कब क्या हुआ

सुबह सात बजे- श्री झंडे जी की पूजा

सुबह आठ बजे- श्री झंडे जी को उतारने की प्रक्रिया

सुबह 8:30 बजे- श्री झंडे जी को उतारा गया

सुबह 10 बजे- श्री झंडे जी का स्नान

दोपहर 1:30 बजे- गिलाफ चढ़ाए गए

दोपहर 2:18 बजे- दर्शनी गिलाफ चढ़ाया गया

दोपहर 3:20 बजे- श्री झंडे जी पर पुष्पवर्षा

दोपहर 3:39 बजे- श्रीमहंत ने दर्शन दिए

दोपहर 3:50 बजे- आरोहण की प्रक्रिया शुरू

दोपहर 4:19 बजे- श्री झंडे जी का आरोहण हुआ

विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
सीएम धामी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

नवाए शीश, हाथ जोड़ खड़ी रही संगत

श्री दरबार साहिब में श्री झंडे जी के दर्शन के लिए हर कोई बेताब दिखा। सुबह से दोपहर तक श्री झंडे जी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शीश नवाए। वहीं आरोहण की प्रक्रिया के दौरान संगत हाथ जोड़े खड़ी रही।

राजेंद्र, सतनाम ने चढ़ाया दर्शनी गिलाफ

पंजाब के नवाशहर स्थित चिक्का जिला के निवासी राजेंद्र पाल और उनके भाई सतनाम सिंह ने इस बार दर्शनी गिलाफ चढ़ाया। उन्होंने बताया कि उनके दादा ने 100 साल पहले श्री दरबार साहिब में आकर दर्शनी गिलाफ की बुकिंग कराई थी। गुरु महाराज की कृपा से उन्हें दर्शनी गिलाफ चढ़ाने का सौभाग्य मिला।

ये भी पढ़ें...Uttarakhand:  धामी कैबिनेट...फेरबदल की संभावनाओं के बीच सीमांत जिले उत्तरकाशी की उम्मीदें चढ़ रही परवान

सीएम ने दी बधाई
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून के ऐतिहासिक श्री झंडे जी मेले की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि हर साल श्री गुरु राम राय जी के जन्मोत्सव पर परंपरागत रूप से मनाया जाने वाला दून का ऐतिहासिक श्री झंडे जी मेला मानवता और विश्वास से ओतप्रोत विशिष्ट परंपराओं को समेटे हुए है। इसके साथ ही यह मेला श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेला हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक होने के साथ-साथ आपसी प्रेम एवं सौहार्द का भी प्रतीक है। श्री गुरु राम राय महाराज की शिक्षाएं और उनके संदेश आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक हैं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें