कोरोना टीकाकरण का चौथा चरण आज से शुरू हो गया है। इसके तहत 45 वर्ष के आयु वर्ग के सभी लोग टीका लगवा सकेंगे। हालांकि, सरकारी अस्पताल में स्टाफ की कमी रोड़ा बनने की आशंका है। अधिकारियों ने मुख्यालय से स्टाफ बढ़ाने की मांग की है। गुरुवार से टीकाकरण के चौथे चरण का अभियान शुरू हो गया है। इसमें 45 साल से ज्यादा वाले लोगों को कोरोना वैक्सीन का सरकारी टीकाकरण केंद्र पर निशुल्क टीका लगाया जा रहा है। लोगों को अपना आधार कार्ड लाना अनिवार्य है। चौथे चरण के अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने भी अपने स्तर पर पूरी तैयारी की हुई है। सिविल अस्पताल के अलावा अन्य केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त की गई हैं। हालांकि, इस बार अभियान में स्टाफ की कमी दिक्कत पैदा कर सकती है। क्योंकि, सिविल अस्पताल में विभाग के पास इतना स्टाफ नहीं है कि वह हर सेंटर पर स्टाफ की संख्या बढ़ा सके, जबकि चौथे चरण में लोगों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। रुड़की सिविल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय कंसल ने बताया कि चौथे चरण के अभियान के लिए विभाग की तरफ से पूरी तैयारी है। मुख्यालय से स्टाफ की मांग की गई है। वहीं हरिद्वार में ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज स्थित टीकाकरण केंद्र में आईजी कुंभ मेला संजय गुंज्याल कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाई। संजय गुज्याल ने रेड क्रास सचिव डा. नरेश चौधरी और उनकी टीम की सराहना की।