रुद्रप्रयाग अंत्येष्टि में जा रहा दून का परिवार पांच घंटे तक काल से लड़ता रहा। टूटे पुल से परिवार की कार नदी में गिर गई थी और उसमें पांच लोग सवार थे। अंधेरे और भीड़भाड़ के चलते उनकी तरफ किसी का ध्यान नहीं गया। विधायक और कुछ लोगों को कार दिखी तो एसडीआरएफ ने सभी को बचाया। परिवार के पांचों सदस्यों को चोटें आई हैं। उन्हें हिमालयन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भारी बारिश में शुक्रवार देर रात सौड़ा सरोली के पास नदी पर बना पुल टूट गया था। तड़के चार बजे पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें आसपास के क्षेत्रों में रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही थीं। एहतियात के तौर पर इस पुल के दोनों ओर लाल पट्टी बांध दी गई ताकि लोगों को पता चल सके कि आगे खतरा है। मगर, रात में यहां से गुजर रहा नेहरू ग्राम निवासी सतेंद्र बुटोला का परिवार इससे अनजान था। सुबह सवा सात बजे पुल टूटा हुआ दिखा और बाकी सब सामान्य लग रहा था।