आईसीएसई बोर्ड की परीक्षा में उत्तराखंड में संयुक्त रूप से पहले और दूसरे स्थान पर आने वाले टॉपर छात्र-छात्राएं वित्त और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में भविष्य बनाना चाहते हैं। कारमन रेजीडेंस एंड डे स्कूल प्रेमनगर, नंदा की चौकी के छात्र वैभव अरोड़ा ने प्रदेश में संयुक्त रूप से पहला स्थान और देश में दूसरी रैंक हासिल की है। वैभव इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, बड़े भाई की प्रेरणा और शिक्षकों के प्रयास के साथ ही खुद की मेहनत को देते हैं। बताया कि उन्होंने सेल्फ स्टडी की है। कहीं कुछ संदेह होता था तो शिक्षक से पूछ लेते थे।
पूरे साल अंग्रेजी, एकाउंटेंसी और गणित विषय के अध्ययन पर फोकस रखा। अर्थशास्त्र, कामर्स और फिजिकल एजुकेशन को साल में कभी कभार पढ़ा। परीक्षा के वक्त इन विषयों को भी पूरा समय दिया।
माता रीना अरोड़ा, पिता शेखर अरोड़ा और बड़े भाई प्रखर अरोड़ा का भी सफलता में बड़ा सहयोग रहा। प्रखर अरोड़ा की दो साल पहले इंटरमीडिएट में 98.5 प्रतिशत अंक आए थे। जिस पर भारत सरकार की ओर से प्रखर को स्कॉलरशिप भी मिल रही है। वह अभी दिल्ली विवि में फिजिक्स से बीएससी ऑनर्स कर रहा है। प्रखर से भी वैभव को बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली। वैभव ने बताया कि वह सरकारी नौकरी के बजाय कॉरपोरेट सेक्टर में वित्त विशेषज्ञ बनना चाहते हैं। पिता बिजनेसमैन हैं और शेयर मार्केट का भी कार्य करते हैं।