अपने उत्तराखंड दौरे के दौरान मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भारत के आखिरी गांव माणा पहुंचे। माणा में बर्फ से ढकी वादियों के बीच योगी आदित्यनाथ ने आईटीबीपी के जवानों से मुलाकात की। योगी चीन सीमा क्षेत्र घस्तोली भी जाना चाहते थे, लेकिन मार्ग पर बर्फ होने के कारण वह घस्तोली नहीं जा पाए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत आज बदरीनाथ धाम पहुंचे। योगी आदित्यनाथ और सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने करीब 45 मिनट तक बदरीनाथ भगवान की पूजा अर्चना की। इसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने अलकनंदा किनारे ब्रह्मकपाल में अपने पितरों को तर्पण दिया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने बदरीनाथ में 11 करोड़ की लागत से बनने वाले यूपी पर्यटक आवास गृह का शिलान्यास किया।