उत्तराखंड में निकाय चुनाव को लेकर ऐसा रंग चढ़ा कि कोटद्वार और हरिद्वार में एक युवक और युवती अपनी शादी से पहले वोट डालने पहुंचे। उन्हें देखकर हर कोई हतप्रभ रह गया। दुल्हन बनने से पहले कोटद्वार के लालपुर मतदान केंद्र पर मेहंदी के दिन वोट डालने के लिए अल्का कंडवाल पहुंचीं, तो वहीं हरिद्वार के लक्सर में विशेष चौधरी की मंढा का कार्यक्रम था। रविवार को तमाम मेहमान शादी की रस्म पूरा करने घर पहुंचे हुए थे, लेकिन विशेष चौधरी ने सबसे पहले मतदान को वरीयता दी। वहीं भीमताल में दो दूल्हे बारात ले जाने से पहले वोट डालने के लिए मतदान केंद्र पर पहुंचे तो वह अन्य मतदाताओं के आकर्षण का केंद्र बन गए। खास बात यह रही कि वोट डालने के बाद दोनों दूल्हे बारात लेकर अपनी-अपनी दुल्हन लेने के लिए मुरादाबाद चले गए।