हरिद्वार में खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने राष्ट्रपिता को लेकर विवादित बयान दे डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता का दर्जा महात्मा गांधी से हटाकर भारत रत्न डॉ. बीआर आंबेडकर को मिलना चाहिए। भारतीय मुद्रा से महात्मा गांधी की फोटो हटाकर आंबेडकर की फोटो लगनी चाहिए। इसके लिए प्रस्ताव पारित कर सीएम के माध्यम से पीएम तक भेजा जाएगा। बता दें कि इन दिनों भाजपा के खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल के बीच काफी गरम जुबानी जंग चल रही है। जिसे लेकर राजनीतिक गलियारों में पहले से ही हलचल मची हुई थी और अब प्रणव सिंह चैंपियन के इस बयान ने फिर विवादों को हवा दे दी है। बता दें कि खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन अक्सर अपने विवादित बयानों के लिए सुर्खियों में रहते हैं।