बदरीनाथ हाईवे पर उमट्टा में भूस्खलन क्षेत्र का दायरा बढ़ता जा रहा है। पहाड़ी के शीर्ष भाग से हो रहा भूस्खलन हाईवे पर आने से यहां बार-बार यातायात बाधित हो रहा है। शनिवार को एनएचआईडीसीएल (राष्ट्रीय राजमार्ग एवं ढांचागत विकास) और प्रशासन की टीम यहां हाईवे का निरीक्षण करेगी।
जिसके बाद यहां ट्रीटमेंट कार्य शुरू किया जाएगा। शुक्रवार को एनएचआईडीसीएल ने दो घंटे (अपराह्न साढ़े चार से साढ़े छह बजे तक) वाहनों की आवाजाही रोककर मलबा हटाने का काम किया। लेकिन हिल साइड अभी भी टनों मलबा होने से दोबारा हाईवे के बाधित होने के आसार बने हैं।
जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने कहा कि हाईवे को पूरी तरह से सुचारु करने को लेकर एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों से बात की जाएगी। मलबे के निस्तारण के लिए आगे भी कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात को डायवर्ट किया जाएगा। इस दौरान आम लोगों के साथ ही तीर्थयात्रियों को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।