बदरीनाथ हाईवे पर सौड़पानी में रविवार देर रात को हुए हादसे में पांच लोगों की जान चली गई। घटना के प्रत्यक्षदर्शी सागर ने बताया कि वह उक्त कार से लगभग 30 मीटर पीछे चल रहे थे। दुर्घटना से पहले उन्होंने एक ट्रक को ओवरटेक किया। इससे कुछ मीटर आगे कार मोड़ पर मुड़ने के बजाय सीधे खाई में गिर गई। थाना प्रभारी रावत ने बताया कि घटनास्थल से 20 मीटर पहले सड़क पर कार के टायर के निशान हैं, जिससे लगता है कि स्टेयरिंग न मुड़ने पर कार चालक ने ब्रेक मारकर कार रोकने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो पाया।