फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शिवम दुबे की कहानी: ओवरवेट होने के कारण छोड़ा था क्रिकेट, फिर ऐसी की वापसी और बन गए दो बार के विश्व चैंपियन

Fri, 26 Jun 2026 10:16 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

भारतीय क्रिकेट के स्टार ऑलराउंडर शिवम दुबे की कहानी संघर्ष, धैर्य और वापसी की मिसाल है। आर्थिक तंगी और बढ़ते वजन के कारण उन्हें किशोरावस्था में क्रिकेट छोड़ना पड़ा था, लेकिन पांच साल बाद उन्होंने शानदार वापसी की। आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए दमदार प्रदर्शन और भारतीय टीम में लगातार प्रभावशाली खेल की बदौलत वह दो टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम का अहम हिस्सा बने।
विज्ञापन
1 of 8
शिवम दुबे और अंजुम - फोटो : Instagram
भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक ऑलराउंडर शिवम दुबे आज उन खिलाड़ियों में गिने जाते हैं, जिन पर टीम मुश्किल परिस्थितियों में भरोसा करती है। बड़े-बड़े छक्के लगाने की उनकी क्षमता और जरूरत पड़ने पर उपयोगी गेंदबाजी ने उन्हें सीमित ओवरों की टीम का अहम सदस्य बना दिया है। लेकिन यहां तक पहुंचने का उनका सफर बिल्कुल आसान नहीं रहा।
विज्ञापन

2 of 8
शिवम दुबे और अंजुम - फोटो : Instagram
दुबे का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के भदोही का रहने वाला
26 जून 1993 को मुंबई में जन्मे शिवम दुबे का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के भदोही का रहने वाला है। बचपन से ही क्रिकेट के प्रति उनका जुनून था और उन्होंने कम उम्र में ही इस खेल को अपना लक्ष्य बना लिया था। हालांकि, 14 साल की उम्र में उनकी जिंदगी ने ऐसा मोड़ लिया, जिसने उनके क्रिकेट करियर पर लगभग विराम लगा दिया।

आर्थिक तंगी के कारण नियमित प्रशिक्षण और फिटनेस पर ध्यान देना मुश्किल हो गया। धीरे-धीरे उनका वजन काफी बढ़ गया और उन्हें क्रिकेट छोड़ना पड़ा। कई खिलाड़ियों के लिए ऐसी स्थिति करियर का अंत साबित होती है, लेकिन शिवम ने हार मानने के बजाय वापसी की तैयारी शुरू कर दी।
विज्ञापन

3 of 8
शिवम दुबे और अंजुम - फोटो : Instagram
पांच साल बाद मैदान पर लौटे और बदल दी किस्मत
करीब पांच साल तक क्रिकेट से दूर रहने के बाद शिवम दुबे ने जब वापसी की तो उनका लक्ष्य सिर्फ टीम में जगह बनाना नहीं, बल्कि खुद को साबित करना था। उन्होंने कड़ी मेहनत कर फिटनेस हासिल की और मुंबई की अंडर-23 टीम में जगह बनाई।

इसके बाद उनका करियर तेजी से आगे बढ़ा। जनवरी 2016 में उन्होंने मुंबई के लिए टी20 क्रिकेट में डेब्यू किया। 2017 में प्रथम श्रेणी और लिस्ट-ए क्रिकेट में भी डेब्यू किया। घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन ने उन्हें भारतीय क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद उभरते ऑलराउंडरों में शामिल कर दिया।

4 of 8
शिवम दुबे और अंजुम - फोटो : Instagram
आईपीएल ने बदली जिंदगी
शिवम दुबे को आईपीएल 2019 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मौका दिया, लेकिन उनके करियर में असली बदलाव 2022 में आया, जब वह चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े। महेंद्र सिंह धोनी की टीम में उन्हें अपनी भूमिका स्पष्ट मिली। मध्यक्रम में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने मैच फिनिश करने की कला विकसित की। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

सीएसके के लिए उन्होंने लगातार शानदार प्रदर्शन किया। 2022 में 289 रन, 2023 में 418 रन, 2024 में 396 रन, 2025 में 357 रन और 2026 में 270 रन बनाकर टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में अपनी जगह बनाई। आईपीएल में वह अब तक 92 मैचों में 2129 रन और 10 अर्धशतक अपने नाम कर चुके हैं।
विज्ञापन

5 of 8
शिवम दुबे और अंजुम - फोटो : Instagram
रोहित शर्मा का भरोसा, सूर्यकुमार की टीम के भी बने हीरो
घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद शिवम दुबे को भारतीय टीम में लगातार मौके मिलने लगे। कप्तान रोहित शर्मा ने उनकी ताकत को पहचाना और उन्हें मध्यक्रम में आक्रामक बल्लेबाज की भूमिका सौंपी। शिवम ने इस भरोसे को सही साबित किया। उन्होंने बीच के ओवरों में तेजी से रन बनाकर कई मैचों का रुख बदला। गेंदबाजी में भी जरूरत पड़ने पर महत्वपूर्ण विकेट निकालकर टीम को संतुलन दिया। वह 2024 में रोहित शर्मा और 2026 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के अहम सदस्य रहे।
विज्ञापन

6 of 8
शिवम दुबे और अंजुम - फोटो : Instagram
विश्व कप के बड़े मुकाबलों में निभाई अहम भूमिका
बड़े खिलाड़ियों की पहचान बड़े मैचों से होती है और शिवम दुबे ने यह कई बार साबित किया। टी20 विश्व कप 2024 के फाइनल में उन्होंने सिर्फ 16 गेंदों में 27 रन बनाकर भारत की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके बाद 2026 विश्व कप के सेमीफाइनल में उन्होंने 25 गेंदों पर 43 रन की तेजतर्रार पारी खेली। फाइनल में भी उन्होंने महज आठ गेंदों पर 26 रन बनाकर मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया। इन पारियों ने साबित किया कि दबाव वाले मुकाबलों में भी वह टीम के लिए मैच विनर बन सकते हैं।
विज्ञापन

7 of 8
शिवम दुबे - फोटो : Instagram/PTI
अंतरराष्ट्रीय करियर भी लगातार ऊंचाइयों पर
शिवम दुबे ने तीन नवंबर 2019 को भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। अब तक वह 64 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 48 पारियों में 16 बार नाबाद रहते हुए 991 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 154.12 रहा है। इसके अलावा उन्होंने 31 विकेट भी अपने नाम किए हैं। वनडे क्रिकेट में उन्होंने चार मैच खेलते हुए 43 रन बनाए हैं और एक विकेट भी लिया है।
विज्ञापन

8 of 8
शिवम दुबे - फोटो : Instagram/PTI
संघर्ष से सफलता तक का प्रेरणादायक सफर
शिवम दुबे की कहानी बताती है कि मुश्किल परिस्थितियां किसी खिलाड़ी की मंजिल तय नहीं करतीं। 14 साल की उम्र में क्रिकेट छोड़ने को मजबूर हुए इस खिलाड़ी ने मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर न सिर्फ भारतीय टीम में अपनी जगह बनाई, बल्कि दो बार टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा भी बने।

33 साल के हो चुके शिवम के पास अभी भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कई साल बाकी हैं। यदि उनकी फिटनेस और फॉर्म बरकरार रहती है, तो वह आने वाले वर्षों में भारत के लिए और भी कई यादगार पारियां खेल सकते हैं और टीम को बड़े टूर्नामेंट जिताने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उनका सफर हर उस युवा खिलाड़ी के लिए प्रेरणा है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को छोड़ना नहीं चाहता।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें