पांच आईपीएल खिताब, आखिरी ओवर में यादगार जीत और विकेट के पीछे असाधारण फुर्ती... धोनी ने लीग को कई अविस्मरणीय पल दिए। लेकिन उनके सफर में ऐसे मौके भी आए, जब मैदान के भीतर और बाहर उनके फैसलों पर सवाल उठे। खिलाड़ी के रूप में विदाई से पहले माही के करियर के ये 14 पल जरूर जानिए।
एमएस धोनी का नाम आते ही दिमाग में सबसे पहले हेलीकॉप्टर शॉट, आखिरी ओवर में जीत और पीली जर्सी में ट्रॉफी उठाते माही की तस्वीर उभरती है। करीब दो दशक तक उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपने खेल और कप्तानी से ऐसी छाप छोड़ी, जिसे मिटाना आसान नहीं होगा। अब खिलाड़ी के तौर पर आईपीएल से संन्यास लेने के बाद उनका यह सफर एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ उनका रिश्ता आगे भी जारी रहेगा, लेकिन मैदान पर बल्लेबाजी के लिए उतरते और विकेट के पीछे बिजली जैसी फुर्ती दिखाते धोनी अब नजर नहीं आएंगे।
धोनी ने 278 आईपीएल मैचों में 5439 रन बनाए। उनका औसत 38.30 और स्ट्राइक रेट 137.45 रहा। उन्होंने अपनी कप्तानी में चेन्नई को पांच बार आईपीएल चैंपियन बनाया। उनके करियर में कई ऐसे पल आए, जब उन्होंने लगभग हारी हुई बाजी पलट दी। हालांकि, इस सफर में कुछ विवाद भी उनके नाम से जुड़े। कभी अंपायर के फैसले पर नाराजगी जताई, तो कभी टीम चयन और फ्रेंचाइजी से जुड़े मामलों पर चर्चा हुई। आइए, धोनी के आईपीएल करियर के सात सबसे यादगार और सात विवादित पलों पर नजर डालते हैं।
धोनी के आईपीएल करियर के सात सबसे यादगार पल
Trending Videos
विज्ञापन
2 of 16
धोनी का जश्न
- फोटो : BCCI
1. 2010 में आखिरी ओवर में 16 रन बनाकर पंजाब को हराया
धोनी की फिनिशिंग क्षमता का सबसे यादगार उदाहरण 2010 में किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के खिलाफ देखने को मिला। धर्मशाला में खेला गया यह मुकाबला चेन्नई के लिए बेहद अहम था। टीम को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए जीत की जरूरत थी। दबाव के बीच धोनी ने 29 गेंदों पर 54 रन की पारी खेली।
मैच के आखिरी ओवर में चेन्नई को जीत के लिए 16 रन चाहिए थे। धोनी ने इरफान पठान के ओवर में लगातार बड़े शॉट लगाकर टीम को जीत दिला दी। आखिरी छक्का लगने के बाद धोनी का हेलमेट पर मुक्का मारने वाला जश्न भी काफी चर्चित हुआ। आमतौर पर शांत रहने वाले माही का यह भावुक अंदाज प्रशंसकों के लिए यादगार तस्वीर बन गया। यह पारी सिर्फ एक जीत नहीं थी। इसने दिखाया कि धोनी दबाव के क्षणों में किस तरह मैच का रुख बदल सकते हैं।
विज्ञापन
3 of 16
धोनी और सीएसके खिताब के साथ
- फोटो : BCCI
2. 2010 और 2011 में लगातार दो आईपीएल खिताब
धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 2010 में पहली बार आईपीएल का खिताब जीता। फाइनल में मुंबई इंडियंस को हराकर चेन्नई ने अपनी पहली ट्रॉफी हासिल की। इस जीत के साथ धोनी आईपीएल खिताब जीतने वाले पहले भारतीय कप्तान बने। इसके बाद 2011 में चेन्नई ने एक बार फिर खिताब अपने नाम किया। इस बार टीम ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को फाइनल में हराया। लगातार दो सीजन खिताब जीतकर चेन्नई आईपीएल में अपना दबदबा कायम करने वाली पहली टीम बनी। इन दोनों खिताबों ने धोनी को सिर्फ एक सफल कप्तान नहीं, बल्कि आईपीएल के सबसे प्रभावशाली नेतृत्वकर्ताओं में शामिल कर दिया। उनकी कप्तानी में टीम ने मुश्किल परिस्थितियों में भी अपना संयम बनाए रखना सीखा।
4 of 16
आरसीबी के खिलाफ 70 रन की पारी
- फोटो : BCCI
3. 2011 में आरसीबी के खिलाफ 70 रन की पारी से संभाली टीम
2011 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ एक मुकाबले में चेन्नई की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पावरप्ले के अंदर ही 22 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में धोनी ने पारी को संभालने की जिम्मेदारी उठाई। उन्होंने 40 गेंदों पर 70 रन बनाए। शुरुआत में विकेट गिरने के बाद उन्होंने पारी को स्थिरता दी और फिर डेथ ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी की। उनकी पारी में तीन छक्के और एक चौका खास तौर पर चर्चा में रहे। धोनी की इस पारी ने चेन्नई को मुश्किल स्थिति से निकालकर 128 रन तक पहुंचाया। यह पारी उनके खेल का एक अलग पहलू दिखाती है। धोनी केवल आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाने वाले बल्लेबाज नहीं थे, बल्कि जरूरत पड़ने पर पारी को संभालने और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने की क्षमता भी रखते थे।
विज्ञापन
5 of 16
धोनी
- फोटो : BCCI
4. 2018 में वापसी के बाद बंगलूरू में 34 गेंदों पर 70 रन
चेन्नई सुपर किंग्स ने दो साल के प्रतिबंध के बाद 2018 में आईपीएल में वापसी की। प्रशंसकों को धोनी और चेन्नई की वापसी का बेसब्री से इंतजार था। इसी सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में धोनी ने एक ऐसी पारी खेली, जिसने टीम की वापसी को और यादगार बना दिया। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 205 रन बनाए थे। जवाब में चेन्नई को जीत के लिए 206 रन चाहिए थे। धोनी ने 34 गेंदों पर नाबाद 70 रन की पारी खेली। उन्होंने सात छक्के लगाए और दो गेंद शेष रहते टीम को जीत दिला दी। यह मुकाबला चेन्नई के प्रशंसकों के लिए खास था। दो साल बाद लौटे धोनी ने बता दिया कि उनका अंदाज और बड़े लक्ष्य का पीछा करने की क्षमता अब भी बरकरार है। इसी सीजन में चेन्नई ने खिताब भी जीता और अपनी वापसी को यादगार बनाया।
विज्ञापन
6 of 16
धोनी
- फोटो : BCCI
5. 2019 में आरसीबी के खिलाफ 84 रन, लेकिन एक रन से हार
धोनी की सबसे यादगार पारियों में 2019 में आरसीबी के खिलाफ खेली गई 84 रन की पारी भी शामिल है। बेंगलुरु में खेले गए इस मुकाबले में चेन्नई को 162 रन का लक्ष्य मिला था। लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए और मुकाबला उसके हाथ से निकलता दिखाई देने लगा। ऐसे समय में धोनी ने 48 गेंदों पर नाबाद 84 रन बनाए। उन्होंने अकेले दम पर चेन्नई को मुकाबले में बनाए रखा। आखिरी ओवर में टीम को जीत के लिए 26 रन चाहिए थे। धोनी ने शुरुआती पांच गेंदों पर 24 रन बना दिए। आखिरी गेंद पर दो रन की जरूरत थी, लेकिन चेन्नई एक रन से मुकाबला हार गई। नतीजा भले ही चेन्नई के पक्ष में नहीं रहा, लेकिन धोनी की यह पारी उनके आईपीएल करियर की सबसे यादगार पारियों में शामिल हो गई। 84 रन उनका आईपीएल में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर भी है। इस मुकाबले ने एक बार फिर साबित किया कि धोनी आखिरी गेंद तक हार मानने वालों में नहीं हैं।
विज्ञापन
7 of 16
धोनी ने गिल को स्टंप किया
- फोटो : BCCI
6. 2023 के फाइनल में 0.10 सेकंड में शुभमन गिल की स्टंपिंग
2023 का आईपीएल फाइनल चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया। गुजरात की ओर से शुभमन गिल शानदार फॉर्म में थे और चेन्नई के लिए बड़ा खतरा बन सकते थे। ऐसे में धोनी ने विकेट के पीछे अपनी असाधारण फुर्ती का प्रदर्शन किया। रवींद्र जडेजा की गेंद पर गिल क्रीज से बाहर निकले। धोनी ने पलक झपकते ही गेंद पकड़ी और बेल्स गिरा दीं। प्रसारण के दौरान इस स्टंपिंग का समय 0.10 सेकंड बताया गया। गिल के आउट होने से चेन्नई को बड़ी सफलता मिली और मुकाबले में उसकी स्थिति मजबूत हुई। धोनी की यह स्टंपिंग उनके विकेटकीपिंग कौशल का शानदार उदाहरण थी। उम्र बढ़ने के बावजूद उनकी प्रतिक्रिया और तेजी में कमी नहीं आई थी। फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में इस तरह का प्रदर्शन उनके अनुभव और एकाग्रता को दिखाता है।
8 of 16
धोनी और जडेजा
- फोटो : BCCI
7. पांचवां खिताब जीतने के बाद जडेजा को उठाकर मनाया जश्न
2023 के फाइनल में चेन्नई को आखिरी दो गेंदों पर जीत के लिए 10 रन चाहिए थे। रवींद्र जडेजा ने आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर छक्का और अंतिम गेंद पर चौका लगाकर चेन्नई को जीत दिला दी। बारिश से प्रभावित मुकाबले में चेन्नई ने गुजरात टाइटंस को हराकर अपना पांचवां आईपीएल खिताब जीता। जैसे ही जडेजा ने विजयी चौका लगाया, धोनी खुशी से मैदान पर पहुंचे और उन्हें उठाकर जश्न मनाया। आमतौर पर मैदान पर अपनी भावनाएं जाहिर नहीं करने वाले धोनी का यह अंदाज प्रशंसकों के लिए बेहद खास था। इस जीत के साथ चेन्नई ने मुंबई इंडियंस के पांच खिताब की बराबरी कर ली। धोनी के लिए यह खिताब इसलिए भी खास था, क्योंकि टीम ने उनके नेतृत्व में एक बार फिर साबित किया कि वह बड़े मुकाबलों में दबाव झेलना जानती है।
धोनी के आईपीएल करियर से जुड़े सात बड़े विवाद
9 of 16
धोनी
- फोटो : BCCI
1. 2019 में नो-बॉल विवाद के दौरान मैदान पर पहुंचे धोनी
धोनी के आईपीएल करियर का सबसे चर्चित विवाद 2019 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में हुआ। मैच के आखिरी ओवर में बेन स्टोक्स की एक फुलटॉस गेंद को लेकर नो-बॉल का विवाद खड़ा हो गया। पहले इसे नो-बॉल करार दिया गया, लेकिन बाद में अंपायरों ने अपना फैसला बदल दिया। इस फैसले से धोनी काफी नाराज हो गए। वह डगआउट से उठकर मैदान में चले गए और अंपायरों से बहस करने लगे। धोनी जैसे शांत स्वभाव के कप्तान का इस तरह मैदान पर पहुंचना क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बन गया। इस घटना के बाद उन पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। धोनी ने बाद में स्वीकार किया कि मैदान पर उनका इस तरह जाना बड़ी गलती थी। इस घटना ने दिखाया कि मैच के दबाव में कभी-कभी धोनी भी अपना आपा खो सकते हैं।
10 of 16
धोनी
- फोटो : BCCI
2. स्पॉट फिक्सिंग विवाद और CSK का निलंबन
2013 का आईपीएल भारतीय क्रिकेट के सबसे विवादित दौर में से एक रहा। स्पॉट फिक्सिंग और सट्टेबाजी से जुड़े मामले ने लीग को हिलाकर रख दिया। इस विवाद में चेन्नई सुपर किंग्स का नाम भी सामने आया। टीम के तत्कालीन टीम प्रिंसिपल गुरुनाथ मयप्पन की भूमिका को लेकर जांच हुई और बाद में चेन्नई सुपर किंग्स पर दो साल का प्रतिबंध लगा दिया गया। इस पूरे मामले के दौरान धोनी से भी पूछताछ हुई और उनके बयानों को लेकर चर्चा हुई। हालांकि, धोनी को इस मामले में किसी गलत काम का दोषी नहीं ठहराया गया। उन्होंने बाद में उस अधिकारी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा भी दायर किया, जिसने उन्हें इस विवाद से जोड़ने की कोशिश की थी। यह विवाद धोनी के करियर से जुड़ा सबसे बड़ा ऑफ-फील्ड विवाद रहा। चेन्नई के दो सीजन तक आईपीएल से बाहर रहने के कारण धोनी को 2016 और 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स के लिए खेलना पड़ा।
11 of 16
धोनी के विवाद
- फोटो : BCCI
3. 2023: पथिराना की गेंदबाजी के लिए अंपायरों से बहस
आईपीएल 2023 के क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ धोनी अंपायरों से उलझते नजर आए। दरअसल, मथीशा पथिराना कुछ समय के लिए मैदान से बाहर रहे थे। नियम के मुताबिक, उन्हें दोबारा गेंदबाजी करने से पहले निर्धारित समय मैदान पर बिताना था। धोनी चाहते थे कि पथिराना तुरंत गेंदबाजी करें। इसी मुद्दे पर अंपायरों के साथ उनकी लंबी बातचीत हुई। इस घटना ने मैच में काफी सुर्खियां बटोरीं। हालांकि, धोनी पर इस मामले में कोई बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं हुई।
12 of 16
धोनी के विवाद
- फोटो : BCCI
4. 2015 में अंपायर के फैसले को बताया 'खराब'
धोनी ने 2015 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ क्वालिफायर-1 में हार के बाद अंपायरिंग पर सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताई थी। मुकाबले में ड्वेन स्मिथ के खिलाफ दिए गए एलबीडब्ल्यू फैसले को लेकर धोनी ने सवाल उठाए। मैच के बाद प्रस्तुति के दौरान उन्होंने अंपायर के फैसले को 'बेहद खराब' बताया। इस टिप्पणी के बाद अंपायरिंग और खिलाड़ियों के आचरण को लेकर चर्चा शुरू हो गई। कुछ लोगों ने माना कि फैसला गलत था, जबकि कुछ का कहना था कि एक अनुभवी कप्तान को सार्वजनिक रूप से अंपायर के फैसले पर इस तरह टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। इस मामले में धोनी पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाए जाने की बात भी सामने आई। यह घटना उनके उस पक्ष को दिखाती है, जिसमें वह अपनी टीम के खिलाफ फैसले को लेकर खुलकर नाराजगी जाहिर करते रहे हैं।
13 of 16
धोनी के विवाद
- फोटो : BCCI
5. 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट की कप्तानी से हटाए गए
2016 और 2017 में चेन्नई सुपर किंग्स के निलंबन के दौरान धोनी राइजिंग पुणे सुपरजायंट के लिए खेले। 2016 में वह टीम के कप्तान थे, लेकिन 2017 सीजन से पहले फ्रेंचाइजी ने उन्हें कप्तानी से हटा दिया और स्टीव स्मिथ को टीम की कमान सौंप दी। इस फैसले ने क्रिकेट जगत में काफी चर्चा बटोरी। फ्रेंचाइजी के मालिक हर्ष गोयनका ने सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे पोस्ट किए, जिनमें धोनी की स्ट्राइक रेट पर सवाल उठाए गए और स्मिथ की कप्तानी की तारीफ की गई। इन पोस्ट के बाद धोनी के प्रशंसकों ने गोयनका की आलोचना की। धोनी ने हालांकि इस फैसले पर सार्वजनिक रूप से कोई बड़ा विवाद नहीं खड़ा किया। उन्होंने खिलाड़ी के रूप में अपनी भूमिका जारी रखी। यह उनके आईपीएल करियर का ऐसा दौर था, जब पहली बार उन्हें कप्तानी से हटाया गया था।
14 of 16
धोनी के विवाद
- फोटो : BCCI
6. 2020 में युवा खिलाड़ियों में 'स्पार्क' नहीं दिखने वाला बयान
2020 का आईपीएल चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बेहद खराब रहा। टीम पहली बार प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही। पूरे सीजन में टीम के प्रदर्शन और युवा खिलाड़ियों को मौका देने को लेकर सवाल उठते रहे। एक मैच के बाद धोनी से पूछा गया कि युवा खिलाड़ियों को अधिक मौके क्यों नहीं दिए जा रहे हैं। इस पर उन्होंने कहा कि युवाओं में ऐसा 'स्पार्क' नहीं दिखा, जिसके आधार पर उन्हें टीम में शामिल किया जा सके। धोनी के इस बयान ने काफी बहस छेड़ दी। कुछ लोगों ने उनके फैसले का समर्थन किया और कहा कि टीम में जगह पाने के लिए प्रदर्शन जरूरी है। वहीं, कई पूर्व खिलाड़ियों और प्रशंसकों ने सवाल उठाया कि अगर युवा खिलाड़ियों को पर्याप्त मौके ही नहीं मिलेंगे, तो वे अपनी क्षमता कैसे साबित करेंगे। यह विवाद चेन्नई की टीम चयन नीति और युवा खिलाड़ियों को मौका देने के तरीके पर केंद्रित रहा।
15 of 16
धोनी के विवाद
- फोटो : BCCI
7. धीमी ओवर गति और वाइड गेंद पर अंपायर से जुड़ा विवाद
धोनी के आईपीएल करियर में धीमी ओवर गति को लेकर भी अनुशासनात्मक कार्रवाई हुई। 2019 और 2020 के दौरान चेन्नई सुपर किंग्स पर निर्धारित समय में ओवर पूरे नहीं करने के मामले सामने आए और धोनी को भी कप्तान के रूप में इसका खामियाजा भुगतना पड़ा। इसके अलावा 2020 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एक मुकाबले में वाइड गेंद को लेकर विवाद हुआ। विकेट के पीछे खड़े धोनी अंपायर पॉल रीफेल के फैसले से नाराज दिखाई दिए। उनकी प्रतिक्रिया के बाद अंपायर के वाइड का संकेत देने को लेकर चर्चा हुई। इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े किए कि क्या धोनी जैसे अनुभवी कप्तान का मैदान पर इस तरह प्रतिक्रिया देना अंपायर के फैसले को प्रभावित कर सकता है। हालांकि, यह घटना मुख्य रूप से अंपायरिंग और मैदान पर कप्तान की प्रतिक्रिया को लेकर चर्चा में रही।
पांच खिताब, हजारों रन और विवादों के बीच खत्म हुआ एक युग
धोनी का आईपीएल करियर सिर्फ आंकड़ों में नहीं समेटा जा सकता। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स को पांच बार चैंपियन बनाया, टीम को 10 फाइनल तक पहुंचाया और मुश्किल परिस्थितियों में जीत दिलाने की कला को नई पहचान दी। उनके नाम 278 मैचों में 5439 रन हैं। विकेट के पीछे भी उन्होंने 201 पारियों में 201 शिकार किए।
उनके करियर में विवाद भी आए, लेकिन मैदान पर उनके प्रदर्शन और कप्तानी की उपलब्धियों ने उन्हें आईपीएल के सबसे बड़े चेहरों में शामिल किया। 2010 में पंजाब के खिलाफ आखिरी ओवर में जीत हो या 2023 के फाइनल में जडेजा के साथ जश्न, धोनी ने प्रशंसकों को कई ऐसी यादें दीं जो लंबे समय तक उनके साथ रहेंगी।
अब धोनी खिलाड़ी के रूप में आईपीएल में नहीं उतरेंगे, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनका जुड़ाव जारी रहेगा। वह टीम मेंटर की भूमिका में नए खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे। मैदान पर उनका हेलीकॉप्टर शॉट और आखिरी ओवर का रोमांच भले ही अब देखने को न मिले, लेकिन उनकी विरासत चेन्नई और आईपीएल के साथ बनी रहेगी।