फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत-पाकिस्तान विश्वकप मैच में किसकी चलेगी: बुमराह या साहिबजादा...अभिषेक या शाहीन,  कौन जीतेगा सबसे बड़ी जंग?

Sun, 15 Feb 2026 07:40 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कोलंबो

सार

कोलंबो में होने वाली यह भिड़ंत पांच अहम व्यक्तिगत लड़ाइयों पर टिक सकती है। बुमराह की सटीकता, स्पिन का जाल, हार्दिक और सूर्या की मारक क्षमता, शाहीन की नई गेंद, और दुबे की ताकत, इनमें जो पलड़ा भारी रहेगा, ट्रॉफी की राह भी उसी तरफ मुड़ सकती है।
विज्ञापन
1 of 9
भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : ANI
भारत बनाम पाकिस्तान, यह सिर्फ एक मैच नहीं, भावनाओं का ज्वालामुखी है। जब मंच टी20 विश्वकप का हो, तो हर गेंद इतिहास लिखती है और हर ओवर नसों में दौड़ते एड्रेनलिन को बढ़ा देता है। फॉर्म, रणनीति, दबाव, और करोड़ों उम्मीदों के बीच जीत अक्सर उन छोटे-छोटे मैच-अप्स से निकलती है, जिन्हें कोचिंग स्टाफ महीनों डेटा में तलाशता है। आधुनिक टी20 क्रिकेट में आंकड़ों की भूमिका बेहद अहम हो चुकी है। 

कोलंबो की धीमी पिच, स्पिन की पकड़ और बड़े मैच का भार, इन सबके बीच कुछ खिलाड़ी आमने-सामने होंगे, और वहीं से तय हो सकता है कि बाजी किसके हाथ जाएगी। यही वजह है कि मैच-अप अब शीर्ष अंतरराष्ट्रीय टीमों के कोचिंग स्टाफ की रणनीति का केंद्र बन गए हैं। गौतम गंभीर और माइक हेसन, दोनों के लिए उपलब्ध डाटा के आधार पर सही टक्कर चुनना बहुत जरूरी होगा। अगर बारिश ने खेल खराब नहीं किया तो प्रशंसकों को कुछ बेहद रोमांचक भिड़ंतें देखने को मिल सकती हैं।
विज्ञापन

2 of 9
भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : Twitter
दबदबा बनाम जवाब
आईसीसी विश्वकप में भारत का पाकिस्तान पर हमेशा से पलड़ा भारी रहा है। पाकिस्तान को आईसीसी विश्व कप में पहली और आखिरी जीत 2021 टी20 विश्व कप में मिली थी। हालांकि, इसके बाद से तस्वीर बदलती गई। अब पाकिस्तान के सामने सिर्फ मैच जीतने की चुनौती नहीं, बल्कि रफ्तार रोकने का मिशन है।
विज्ञापन

3 of 9
भारत पाकिस्तान टी20 विश्वकप मुकाबला - फोटो : ANI
क्यों अहम हैं मैच-अप्स?
आधुनिक टी20 में भावनाओं से ज्यादा गणित चलता है। किस गेंदबाज के सामने कौन बल्लेबाज फंसता है, किसकी स्ट्राइक रेट गिरती है, कौन पावरप्ले में हावी रहता है, यही लड़ाइयां अंत में स्कोरबोर्ड और मैच का नतीजा तय करती हैं। हम यहां दोनों टीमों के खिलाड़ियों की ऐसी ही कुछ जोड़ियों के बारे में बता रहे हैं, जिनके बीच टक्कर सुपरहिट होगी...

4 of 9
बुमराह और साहिबजादा - फोटो : ANI
1) जसप्रीत बुमराह vs साहिबजादा फरहान
पिछली भिड़ंत में फरहान ने बुमराह पर दो छक्के जड़कर सुर्खियां बटोरी थीं। इसके बाद पाकिस्तान में उन पर डॉक्यूमेंट्री बन गई थी। बुमराह पर छक्के लगना दुर्लभ है, क्योंकि वह आमतौर पर बल्लेबाज को सांस लेने का मौका नहीं देते। आंकड़े बताते हैं कि फरहान ने सीमित मौकों पर रन बनाए हैं, लेकिन बड़े मैच में बुमराह की वापसी अक्सर और खतरनाक होती है।अगर पावरप्ले में यह टक्कर होती है, तो एक विकेट या एक बड़ा ओवर मैच की दिशा मोड़ सकता है। हालांकि, आंकड़े बताते हैं कि बुमराह ने अभी तक साहिबजादा को आउट नहीं किया है और इसकी शुरुआत टी20 विश्वकप से हो सकती है। साहिबजादा ने अब तक बुमराह की 34 गेंदों का सामना किया है और 51 रन बनाए हैं। 
विज्ञापन

5 of 9
वरुण और बाबर - फोटो : ANI
2) बाबर आजम vs कुलदीप यादव/वरुण चक्रवर्ती
बाबर क्लास खिलाड़ी हैं, लेकिन स्पिन जाल बुनने में माहिर भारतीय गेंदबाज उन्हें रोक सकते हैं। कुलदीप ने वनडे में बाबर को परेशान किया है। वहीं वरुण की मिस्ट्री, खासकर कोलंबो की पकड़ वाली पिच पर, बल्लेबाज को फंसा सकती है। अगर बाबर बीच के ओवरों में अटकते हैं, तो पाकिस्तान की रन गति पर ब्रेक लग सकता है।
विज्ञापन

6 of 9
हार्दिक और उस्मान तारिक - फोटो : ANI
3) हार्दिक पांड्या/सूर्यकुमार यादव vs उस्मान तारिक
तारिक का रुककर फेंकने वाला एक्शन लय बिगाड़ सकता है, लेकिन हार्दिक की ताकत है देर से भी वही बैट स्पीड पैदा करना। अगर गेंद जरा भी स्लॉट में आई, तो स्टैंड में जाएगी। सूर्यकुमार के पास 360 डिग्री का खेल है। अनऑर्थोडॉक्स बनाम अनऑर्थोडॉक्स, यह शतरंज जैसा मुकाबला होगा। कौन किसपर भारी रहेगा, यह तो वक्त ही बताएगा।
विज्ञापन

7 of 9
शाहीन अफरीदी और अभिषेक शर्मा - फोटो : ANI
4) अभिषेक शर्मा/ईशान किशन vs शाहीन अफरीदी
नई गेंद, तेज रफ्तार और एंगल, शाहीन की पहचान है, लेकिन किशन आक्रामक मूड में हों तो पहले ही ओवर से हमला कर सकते हैं। अगर अभिषेक खेलते हैं, तो पिछली भिड़ंतों में शाहीन को उन्हें आउट करने में सफलता नहीं मिली, यह मानसिक बढ़त भारत के पास रह सकती है। अभिषेक ने शाहीन के खिलाफ अब तक 19 गेंदों का सामना किया है और 36 रन बनाए हैं। शाहीन अभिषेक को आउट करने में कामयाब नहीं हो सके हैं। वहीं, ईशान अपने जीवन के सबसे बेहतरीन फॉर्म में हैं। उनका बल्ला चला तो पाकिस्तान की खैर नहीं।

8 of 9
अबरार और दुबे - फोटो : Twitter
5) शिवम दुबे vs अबरार अहमद/शादाब खान
शिवम दुबे का स्पिनरों, खासकर कलाई के स्पिनर्स के खिलाफ रिकॉर्ड शानदार रहा है। मजबूत कद-काठी वाले इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 2025 में टी20 क्रिकेट में धीमी गेंदबाजी के सामने 193 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। दाएं हाथ के लेग स्पिनरों की बात करें तो हाल ही में हुई टी20 सीरीज में दुबे ने ईश सोढ़ी जैसे गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला। पाकिस्तान की टीम में मौजूद दो कलाई के स्पिनर, अबरार अहमद और शादाब खान, भी दुबे के निशाने पर आ सकते हैं और उन्हें खास ट्रीटमेंट मिलने की पूरी उम्मीद है।
विज्ञापन

9 of 9
भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : IANS
रणनीति का गणित
  • भारत चाहेगा पावरप्ले में एक बड़ा विकेट।
  • पाकिस्तान मिडिल ओवर में रन रोककर मैच लंबा खींचना चाहेगा।
  • जो टीम दबाव में कम गलती करेगी, वही आगे निकलेगी।

क्या कहती है फॉर्म बुक?
हाल के वर्षों में भारत ने बड़े मंच पर ज्यादा स्थिरता दिखाई है, लेकिन भारत-पाकिस्तान मैच में फॉर्म कागज पर रहता है, मैदान पर नसें खेलती हैं। यह मुकाबला सिर्फ खिलाड़ियों का नहीं, यादों का है। एक कैच, एक रिव्यू, एक ओवर, पीढ़ियों तक चर्चा बन जाता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें