भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर टेस्ट के पांचवें दिन मैदान पर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। भारतीय बल्लेबाजों रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर ने इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स के मैच के अंतिम घंटे की शुरुआत से पहले ड्रॉ पर सहमति जताने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया। इससे बौखलाए अंग्रेजों ने भारतीय खिलाड़ियों को स्लेज करने की कोशिश की। इतना ही नहीं कप्तान स्टोक्स ने गेंदबाजी आक्रामण पर हैरी ब्रुक और जो रूट को लगा दिया। रूट पार्ट-टाइमर हैं, जबकि ब्रुक का आना चौंकाने वाला था।
जैसे ही जडेजा और सुंदर ने शतक पूरा किया, मैच को ड्रॉ पर समाप्त करने की घोषणा हुई। हालांकि, इस पूरे विवाद पर स्टोक्स की जमकर आलोचना हो रही है। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्टोक्स ने इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। साथ ही यह भी बताया कि ब्रुक से गेंदबाजी कराने का फैसला क्यों लेना पड़ा। स्टोक्स ने भले ही मैदान पर विवाद किया हो, लेकिन उन्होंने जडेजा और सुंदर की तारीफ भी की।