बीसीसीआई ने अपने ट्विटर अकाउंट पर टीम इंडिया के खिलाड़ियों का वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें सभी खिलाड़ी देशवासियों को 73वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दे रहे हैं। इस वीडियो में टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली, उपकप्तान रोहित शर्मा, कोच रवि शास्त्री के अलावा जडेजा, जाधव, खलील अहमद, युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव हैं।
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने भी ट्वीट कर स्वंतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी।
वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज जीतने के बाद टीम इंडिया ने वनडे सीरीज में भी जीत का परचम लहराया है। त्रिनिदाद में खेले गए आखिरी वनडे में कोहली की सेना ने छह विकेट से जीत दर्ज की। बारिश के कारण 35-35 ओवर का मैच हुआ और पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने सात विकेट पर 240 रन बनाए।
भारतीय टीम को डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 35 ओवर में 255 रन का लक्ष्य मिला। जिसे विराट सेना ने 32.3 ओवर में चार विकेट खोकर ही हासिल कर लिया। भारत की जीत में कप्तान विराट कोहली ने नाबाद 114 रन बनाए, उन्हें मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया। वहीं युवा बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने 65 रन की शानदार पारी खेली।
टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने भी अपने खास अंदाज में ट्वीट कर आजादी के इस पर्व की शुभकामनाएं दी हैं। सहवाग ने लिखा,
दे सलामी इस तिरंगे को, जिससे तेरी शान है, सर हमेशा ऊँचा रखना इसका, जब तक दिल में जान है। स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं, जय हिंद।
तेंदुलकर ने ट्वीट किया कि ‘सभी भारतीयों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं। पिछले 72 साल में हमने जो उपलब्धियां हासिल की उन पर गर्व है। चलिए बच्चों के विकास के लिए जल्दी निवेश करते हैं। इससे हमारा देश आगामी पीढ़ियों तक स्वस्थ, धनवान और खुश रहेगा।’
खेल मंत्री किरेन रीजीजू ने लिखा, ‘‘73वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मैं सभी साथी भारतीयों को शुभकामनाएं देना चाहता हूं, विशेषकर नवीन भारत के निर्माण में योगदान के लिए खिलाड़ियों और भारत के युवाओं को।’’
छह बार की विश्व चैंपियन और ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज मेरीकोम ने ट्वीट किया, ‘‘सभी मिलकर देश की संप्रभुता को बचाने में अपने सैन्यबलों के बलिदान और समर्पण को याद करते हैं। 73वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं। जय हिन्द।’’
दो बार के ओलंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील ने ट्वीट किया, ‘‘सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं। जय हिन्द।’’