फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs PAK: 31 रन पर भारत ने गंवाए चार विकेट, फिर कोहली-हार्दिक ने पलटी बाजी, 10 पॉइंट्स में मैच के उतार-चढ़ाव

Mon, 24 Oct 2022 07:42 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मेलबर्न

सार

टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की यह पाकिस्तान पर छठी जीत रही। दोनों टीमों के बीच टी20 वर्ल्ड कप में अब तक सात मैच हुए हैं। एक मुकाबला पाकिस्तान ने जीता है। पाकिस्तान ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 159 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने आखिरी गेंद पर मैच जीता। टीम इंडिया ने चार विकेट से जीत दर्ज की।
विज्ञापन
1 of 11
रोहित ने कोहली को कंधे पर उठा लिया था - फोटो : सोशल मीडिया
टी20 वर्ल्ड कप में सुपर-12 के मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को चार विकेट से हरा दिया है। इस मैच में विराट कोहली ने अविश्वसनीय पारी खेली और 53 गेंदों पर 82 रन बनाए। उन्होंने हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर भारतीय टीम को जीत दिलाई। यह पहली बार नहीं है जब कोहली पाकिस्तान के खिलाफ अकेले मैदान पर जमे रहे और जीत दिलाने तक बिल्कुल भी उम्मीद नहीं छोड़ी। कोहली ने मैच के बाद कहा कि हार्दिक ने उन्हें प्रेरित किया और हौसला नहीं गंवाने दिया। दोनों की जुगलबंदी ने भारतीय टीम को जीत दिलाई। स मैच में दोनों पारियों के दौरान कई उतार-चढ़ाव देखने को मिले। हम आपको 10 पॉइंट्स में इसके बारे में बता रहे हैं...
विज्ञापन

2 of 11
अर्शदीप ने बाबर को पवेलियन भेजा - फोटो : सोशल मीडिया
1. पाकिस्तान ने चार ओवर के अंदर दोनों ओपनर्स गंवाए
पिछले टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान ने दुबई में भारत को 10 विकेट से हराया था। टीम इंडिया की हार के सबसे बड़े कारण मोहम्मद रिजवान और बाबर आजम रहे थे। इन दोनों ने 152 रन की नाबाद साझेदारी की थी। इस मैच में भारतीय तेज गेंदबाजों ने शुरुआत से ही स्विंग से बाबर-रिजवान की ओपनिंग जोड़ी को परेशान किया। इसके बाद दूसरे ओवर में अर्शदीप ने बाबर आजम को एल्बीडब्लूय किया। बाबर खाता भी नहीं खोल सके। वहीं, चौथे ओवर में अर्शदीप ने रिजवान को भुवनेश्वर के हाथों कैच कराया। रिजवान 12 गेंदों में चार रन बना सके। 15 रन पर पाकिस्तान के दो विकेट गिर गए थे।

रिजवान को आउट करने के बाद अर्शदीप
विज्ञापन

3 of 11
इफ्तिखार अहमद और शान मसूद - फोटो : सोशल मीडिया
2. आलोचना का शिकार होने वाले इफ्तिखार और मसूद ने बचाई लाज
पाकिस्तान मुश्किल में दिख रही थी। तब भुवनेश्वर और अर्शदीप स्विंग से कहर बरपा रहे थे। इसके बाद इफ्तिखार अहमद और शान मसूद ने पाकिस्तानी टीम की लाज बचाई। वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान के कई पूर्व दिग्गजों ने इफ्तिखार अहमद की आलोचना की थी। साथ ही पाकिस्तान के मध्यक्रम को लचर बताया था। हालांकि, इस मैच में मध्यक्रम ने ही पाकिस्तान को मैच में वापस बनाया। मसूद और इफ्तिखार ने अर्धशतक जड़े। इफ्तिखार 34 गेंदों में 51 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अक्षर पटेल के एक ओवर में तीन छक्के लगाए और पाकिस्तान की रन गति को बढ़ाया। इफ्तिखार ने अपनी पारी में दो चौके और चार छक्के लगाए। वहीं, मसूद 42 गेंदों में पांच चौके की मदद से 52 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी हुई।

4 of 11
मोहम्मद शमी और हार्दिक पांड्या - फोटो : सोशल मीडिया
3. पाकिस्तान का लोअर ऑर्डर फेल
पाकिस्तान का लोअर ऑर्डर फिर फेल रहा। इफ्तिखार और मसूद ने जो मोमेंटम बनाया, वह पाकिस्तान के पुछल्ले बल्लेबाजों ने गंवा दिया। शादाब खान पांच रन, हैदर अली दो रन, नवाज नौ रन और आसिफ अली दो रन बनाकर आउट हुए। 
विज्ञापन

5 of 11
शाहीन अफरीदी बल्लेबाजी करते हुए - फोटो : सोशल मीडिया
4. शाहीन अफरीदी की तूफानी पारी
आखिर में शाहीन अफरीदी ने छोटी मगर कमाल की पारी खेली। उन्होंने आठ गेंदों में एक चौका और एक छक्के की मदद से 16 रन बनाए और पाकिस्तान को 150 के पार पहुंचाया। शाहीन को भुवनेश्वर ने पवेलियन भेजा। आखिरी चार ओवरों में पाकिस्तान की टीम ने 44 रन बनाए। हारिस रऊफ चार गेंदों में एक छक्के की मदद से छह रन बनाकर नाबाद रहे। 
विज्ञापन

6 of 11
भारतीय टीम - फोटो : सोशल मीडिया
5. अर्शदीप और हार्दिक की घातक गेंदबाजी
शुरुआत में भुवनेश्वर और अर्शदीप ने स्विंग से कहर बरपाया। उन्होंने चार ओवर में 32 रन देकर तीन विकेट झटके। पिछले कुछ महीनों में टीम इंडिया ने 19वें ओवर में खूब रन लुटाए थे, लेकिन इस मैच में अर्शदीप ने 19वें ओवर में गेंदबाजी की और सिर्फ 10 रन लुटाए। इसके अलावा भुवनेश्वर कुमार भी किफायती रहे। उन्होंने चार ओवर में 22 रन देकर एक विकेट लिया। शमी भी किफायती रहे। उन्होंने चार ओवर में 25 रन देकर एक विकेट लिया। मिडिल ओवर्स में हार्दिक पांड्या ने घातक गेंदबाजी की। उन्होंने चार ओवर में 30 रन देकर तीन विकेट झटके। 
विज्ञापन

7 of 11
केएल राहुल और रोहित शर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
6. भारतीय ओपनर्स रहे फेल
160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को केएल राहुल और रोहित शर्मा से काफी उम्मीदें थीं। राहुल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ प्रैक्टिस मैच में अर्धशतक जड़ा था। ऐसे में कुछ वैसी ही उम्मीदें फैन्स को उनसे थीं, लेकिन वह उन उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। केएल राहुल पारी के दूसरे ओवर में नसीम शाह की गेंद पर बोल्ड हो गए। वह आठ गेंदों में चार रन बना सके। चौथे ओवर में हारिस रऊफ ने कप्तान रोहित को भी आउट कर दिया। रोहित सात गेंदों में चार रन बना सके। 

8 of 11
अक्षर को पवेलियन भेजने के बाद पाकिस्तान की टीम - फोटो : सोशल मीडिया
7. वर्ल्ड नंबर-2 सूर्यकुमार यादव और अक्षर पटेल सस्ते में पवेलियन लौटे
10 रन पर दो विकेट गिर जाने के बाद भारतीय फैन्स को नए 'मिस्टर 360' सूर्यकुमार यादव से उम्मीदें थीं। टी20 रैंकिंग में नंबर दो बल्लेबाज सूर्या ने पिछले कुछ समय में टीम इंडिया को कई बार मुश्किल परिस्थितियों से निकाला था, लेकिन इस मैच में ऐसा नहीं हो सका। वह 10 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हो गए। छठे ओवर में हारिस रऊफ ने सूर्यकुमार को विकेटकीपर रिजवान के हाथों कैच कराया और पाकिस्तान को बड़ी सफलता दिलाई। अपनी पारी में सूर्या सिर्फ दो चौके लगा सके। भारतीय टीम ने छह ओवर तक तीन विकेट गंवाकर 31 रन बनाए थे। टीम इंडिया मुश्किल में दिख रही थी। टीम मैनेजमेंट ने प्लान में बदलाव करते हुए बाएं हाथ के बल्लेबाज अक्षर पटेल को हार्दिक और कार्तिक के आगे प्रमोट किया, लेकिन अक्षर सातवें ओवर की पहली गेंद पर रन आउट हो गए। 31 रन पर चार विकेट गिर चुके थे। 

9 of 11
विराट कोहली और हार्दिक पांड्या ने शानदार साझेदारी की - फोटो : अमर उजाला
8. विराट कोहली और हार्दिक पांड्या की साझेदारी
भारत के लिए सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट हार्दिक पांड्या और विराट कोहली की साझेदारी रही। इन दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 78 गेंदों में 113 रन की साझेदारी निभाई। यह किसी भी विकेट के लिए टी20 में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी साझेदारी है। वहीं, यह टी20 में पांचवें विकेट के लिए भारत की सबसे बड़ी साझेदारी भी है। इन दोनों ने संभल कर खेलते हुए आठवें ओवर से लेकर 19वें ओवर तक भारत का एक भी विकेट नहीं गिरने दिया। साथ ही लगातार स्ट्राइक भी रोटेट करते रहे। इस बीच कोहली ने टी20 में 34वां अर्धशतक लगाया। 20वें ओवर में हार्दिक आउट हुए। उन्होंने 37 गेंदों में एक चौका और दो छक्के की मदद से 40 रन की पारी खेली।

10 of 11
विराट कोहली - फोटो : सोशल मीडिया
9. हारिस रऊफ के 19वें ओवर में विराट के लगातार दो छक्के
आखिरी दो ओवर में टीम इंडिया को 31 रन बनाने थे। 19वें ओवर की पहली चार गेंदों पर सिर्फ तीन रन बने। पांचवीं गेंद पर कोहली स्ट्राइक पर थे और गेंदबाजी हारिस रऊफ कर रहे थे। रऊफ की शॉर्ट बॉल पर कोहली ने स्ट्रेट बाउंड्री के ऊपर से बेहतरीन छक्का लगाया। सोशल मीडिया पर लोग इसे दुनिया के सबसे खूबसूरत शॉट में से एक बता रहे हैं। वहीं, भारत के पूर्व कोच वेंकटेश प्रसाद ने इसे शॉट ऑफ द ईयर बताया है।

वहीं, रऊफ की आखिरी गेंद पर कोहली ने फाइनल लेग के ऊपर से छक्का जड़ा। इन दोनों छक्कों ने मैच का रुख बदल कर रख दिया। मैच के बाद कोहली ने बताया कि जब आठ गेंदों में 28 रन चाहिए थे, उस वक्त मैं खुद को दो छक्के लगाने के लिए पंप अप कर रहा था। मैंने हिम्मत दिखाई और नतीजा यह हुआ कि आठ गेंदों पर 28 रन की जगह छह गेंदों पर 16 रन का इक्वेशन रह गया। 
विज्ञापन

11 of 11
जीत के बाद अश्विन और कोहली के रिएक्शन - फोटो : सोशल मीडिया
10. अश्विन की सूझबूझ, वाइड बॉल को छुआ तक नहीं
आखिरी ओवर में टीम इंडिया को 16 रन चाहिए थे। 20वें ओवर में मोहम्मद नवाज गेंदबाजी के लिए आए और पहली ही गेंद पर हार्दिक पांड्या को पवेलियन भेजा। उनके आउट होने पर दिनेश कार्तिक बल्लेबाजी के लिए आए और उन्होंने दूसरी गेंद पर एक रन लिया। तीसरी गेंद पर कोहली ने दो रन लिए। चौथी गेंद पर कोहली ने छक्का लगाया और इसे अंपायर ने नो बॉल करार दिया। अगली गेंद नवाज ने वाइड फेंकी और फ्री हिट जारी रहा। इसकी अगली गेंद पर कोहली ने बाई में तीन रन लिए। पांचवीं गेंद पर कार्तिक आउट हो गए।


अश्विन ने वाइड जाने दिया

आखिरी गेंद पर अश्विन स्ट्राइक पर थे। तब जीत के लिए एक गेंद पर दो रन चाहिए थे। ऐसा लग रहा था मैच सुपरओवर में जाएगा। नवाज ने लेग स्टंप पर बॉल फेंकी और अश्विन ने सूझबूझ से गेंद को वाइड के लिए जाने दिया। इसके बाद एक गेंद पर भारत को एक रन बनाने थे। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने सभी फील्डर्स को 30 यार्ड के अंदर तैनात कर दिया। नवाज की आखिरी गेंद पर अश्विन ने ऊंचा शॉट खेला जो कि 30 यार्ड से बाहर जाकर गिरी। तब तक अश्विन और कोहली ने दौड़कर एक रन लिया और टीम इंडिया को जीत दिलाई।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें