गिल को इस साल रोहित शर्मा के संन्यास लेने के बाद इंग्लैंड दौरे से ठीक पहले टेस्ट टीम की कमान सौंपी गई थी। गिल ने ना सिर्फ कप्तानी बल्कि बल्ले से भी सभी को प्रभावित किया है।
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में शतक जड़ा। गिल ने इस मैच में कप्तानी पारी खेली जिससे भारत ने वेस्टंडीज के खिलाफ विशाल स्कोर खड़ा किया। गिल को कप्तान बने अभी ज्यादा समय नहीं हुआ है, लेकिन जब से उन्हें ये जिम्मेदारी मिली है उनका बल्ला काफी आग उगल रहा है। गिल ने इससे पहले इंग्लैंड दौरे पर भी शानदार प्रदर्शन किया था और अब वेस्टइंडीज के खिलाफ भी चमक बिखेरने में सफल रहे।
गिल को इस साल रोहित शर्मा के संन्यास लेने के बाद इंग्लैंड दौरे से ठीक पहले टेस्ट टीम की कमान सौंपी गई थी। गिल ने ना सिर्फ कप्तानी बल्कि बल्ले से भी सभी को प्रभावित किया है। गिल के नेतृत्व में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज 2-2 से ड्रॉ कराई थी और अब वेस्टइंडीज के खिलाफ भी दो मैचों की सीरीज में टीम को 1-0 की बढ़त हासिल है।
विज्ञापन
2 of 4
शुभमन गिल
- फोटो : PTI
एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक शतक लगाने वाले कप्तान
गिल इस कैलेंडर वर्ष में कप्तान के तौर पर पांच टेस्ट शतक लगा चुके हैं। गिल इसके साथ ही एक कैलेंडर वर्ष में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले भारतीय हैं। उन्होंने इस मामले में विराट कोहली की बराबरी कर ली है जिन्होंने कप्तान रहते दो बार एक कैलेंडर वर्ष में पांच टेस्ट शतक लगाए हैं। कोहली ने 2017 और 2018 में पांच टेस्ट शतक लगाए थे और उस समय वह कप्तान की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे।
विज्ञापन
3 of 4
शुभमन गिल
- फोटो : PTI
घरेलू मैदान पर टेस्ट का सर्वोच्च स्कोर बनाया
गिल ने कप्तान रहते 12 पारियों में पांच टेस्ट शतक लगाए हैं। कप्तान के तौर पर सबसे कम पारियों में पांच शतक लगाने के मामले में गिल से आगे सिर्फ एलिस्टियर कुक और सुनील गावस्कर हैं। कुक ने नौ पारियों में पांच शतक लगाए थे, जबकि गावस्कर ने कप्तान रहते 10 पारियों में पांच टेस्ट शतक पूरे किए थे। गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 196 गेंदों पर 16 चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 129 रनों की पारी खेली। ये उनका घरेलू टेस्ट मैच में सर्वोच्च स्कोर है। इससे पहले घर पर टेस्ट में गिल का सर्वोच्च स्कोर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2023 में अहमदाबाद टेस्ट में 128 रन बनाना था।
भारत ने पारी घोषित की
भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन पहली पारी पांच विकेट पर 518 रन बनाकर घोषित कर दी। भारतीय बल्लेबाजों ने इस मैच में भी शानदार प्रदर्शन किया और यशस्वी जायसवाल के बाद कप्तान शुभमन गिल ने भी शतक लगाया। भारत ने जैसे ही ध्रुव जुरेल के रूप में पांचवां विकेट गंवाया, टीम ने पारी घोषित कर दी। भारत के लिए सबसे ज्यादा रन यशस्वी ने बनाए जो 175 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
भारत ने दूसरे दिन दो विकेट पर 318 रन से आगे खेलना शुरू किया, लेकिन यशस्वी और गिल के बीच तालमेल सही नहीं बैठ पाने के कारण जायसवाल रन आउट हो गए और दोहरा शतक लगाने से चूक गए। इसके बाद गिल ने नीतीश रेड्डी के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी की। नीतीश अर्धशतक नहीं लगा सके और 43 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद गिल ने गियर बदला और तेजी से खेलना शुरू किया। उन्होंने दूसरे सत्र में करियर का 10वां टेस्ट शतक पूरा किया। जुरेल भी अर्धशतक लगाने के करीब थे, लेकिन 44 रन बनाकर आउट हो गए। वेस्टइंडीज की ओर से जोमेल वारिकन ने तीन विकेट लिए, जबकि रोस्टन चेज को एक विकेट मिला।