फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rohit Sharma: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रोहित शर्मा के 15 साल पूरे, 15 तस्वीरों में देखें हिटमैन का सफर

Thu, 23 Jun 2022 02:38 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

रोहित ने 2007 में आयरलैंड के खिलाफ अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। इसके कुछ महीने बाद ही इंग्लैंड के खिलाफ रोहित ने पहला टी20 मैच खेला था। हालांकि, उनका टेस्ट डेब्यू 2013 में हुआ था। 
 
विज्ञापन
1 of 17
रोहित शर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 15 साल पूरे कर चुके हैं। उन्होंने आज के दिन ही आयरलैंड के खिलाफ वनडे मैच से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद टी20 में भी उन्होंने जगह बनाई और 2007 विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे। हालांकि, 2011 विश्व कप की टीम में रोहित को जगह नहीं मिली थी और यह बात उनके दिल में लग गई। इसके बाद रोहित ने जमकर मेहनत की और वनडे टीम में वापसी की। 2013 में उन्होंने अपना पहला टेस्ट मैच भी खेला और इसी साल से वनडे-टी20 में टीम इंडिया के नियमित ओपनर बन गए। 

अब रोहित तीनों फॉर्मेट में भारतीय टीम के कप्तान हैं और तीनों फॉर्मेट में पारी की शुरुआत करते हैं। वो वनडे क्रिकेट में तीन दोहरे शतक लगाने वाले एकमात्र बल्लेबाज हैं। वनडे क्रिकेट में सबसे बड़ा स्कोर (264 रन) भी रोहित के ही नाम है।
विज्ञापन

2 of 17
रोहित शर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 15 साल पूरे होने पर रोहित शर्मा ने अपने फैन्स का आभार जताया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, "आज मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 15 साल पूरे कर रहा हूं। यह निश्चित रूप से ऐसी यात्रा रही है, जिसे मैं जीवन भर संजो कर रखूंगा। मैं बस उन सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं जो इस यात्रा का हिस्सा रहे हैं। उन लोगों को विशेष धन्यवाद जिन्होंने मुझे वह खिलाड़ी बनने में मदद की जो मैं आज हूं। सभी क्रिकेट प्रेमियों, प्रशंसकों और आलोचकों को धन्यवाद, टीम के लिए आपका प्यार और समर्थन ही हमें उन बाधाओं से छुटकारा दिलाता है, जिसका हम सभी लगातार सामना करते रहे हैं।" यहां हम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रोहित का 15 सालों का सफर 15 तस्वीरों में दिखा रहे हैं। 
विज्ञापन

1. आयरलैंड के खिलाफ शुरु हुआ अंतरराष्ट्रीय करियर

3 of 17
रोहित शर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
रोहित शर्मा ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत आयरलैंड के खिलाफ वनडे मैच में की थी। हालांकि, पहले मैच में उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला था। रोहित पहली बार दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बल्लेबाजी के लिए उतरे थे और सिर्फ आठ रन बनाकर आउट हो गए थे। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी रोहित सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए थे।

2. इंग्लैंड के खिलाफ खेला पहला टी20 मैच

4 of 17
रोहित शर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
वनडे की शुरुआती दो पारियों में खराब प्रदर्शन के बावजूद रोहित को भारत की टी20 टीम में शामिल किया गया और यहां उन्होंने अपना कमाल दिखाया। इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे मैच में नाबाद अर्धशतक लगाया और अपनी उपयोगिता साबित की। इस मैच में उन्होंने दिखा दिया था कि उनके अंदर कितनी क्षमता है। 
विज्ञापन

3. पाकिस्तान के खिलाफ लगाया पहला अर्धशतक

5 of 17
रोहित शर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
वनडे में रोहित के करियर का पहला अर्धशतक पाकिस्तान के खिलाफ आया था। उन्होंने जयपुर के मैदान में 61 गेंद में 52 रन की उपयोगी पारी खेली थी। हालांकि, भारत यह मैच 31 रन से हार गया था। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 306 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारत ने रोहित के 52 और युवराज को 50 रन की बदौलत 275 रन बनाए थे, लेकिन ये दोनों बल्लेबाज गलत समय पर आउट हो गए और भारत को हार का सामना करना पड़ा था। 
विज्ञापन

4. जिम्बाब्वे के खिलाफ पहला शतक लगाया

6 of 17
रोहित शर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
2007 में अपना वनडे करियर शुरू करने वाले रोहित ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहला शतक लगाया था। उन्हें पहला शतक लगाने में तीन साल लग गए थे। बुलवायो में रोहित ने 114 रन की बेहतरीन पारी खेली थी। यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक था, लेकिन मध्यक्रम में युवराज सिंह, सुरेश रैना और महेंद्र सिंह धोनी जैसे खिलाड़ियों के चलते रोहित की जगह टीम में पक्की नहीं थी। 
विज्ञापन

5. अगली पारी में ही दूसरा शतक भी लगाया

7 of 17
रोहित शर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
रोहित ने अगली ही पारी में श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 101 रन बनाए और अब भारतीय टीम से उन्हें बाहर करना आसान नहीं था। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रोहित के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी थी, लेकिन दो पारियों में दो शतक कुछ और ही कहानी बयां कर रहे थे। हालांकि, इसके बाद 16 पारियों में रोहित के बल्ले से सिर्फ एक अर्धशतक निकला और 2011 विश्व कप टीम में उनका चयन नहीं हुआ।  

6. वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू हुआ टेस्ट करियर

8 of 17
रोहित शर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
2011 विश्व कप में न चुने जाने के बाद रोहित ने जमकर मेहनत की और इसका नतीजा उनकी बल्लेबाजी में भी दिखा। 2011 विश्व कप के बाद रोहित को मौका मिला और पांच पारियों में उन्होंने तीन अर्धशतक लगाए। इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में रोहित को मौका मिला। यह सचिन तेंदुलकर की आखिरी टेस्ट सीरीज थी और रोहित ने अपने डेब्यू मैच में ही शतक लगाकर सुर्खियां बटोर लीं। 

7. शुरुआती दो टेस्ट पारियों में लगातार दो शतक 

9 of 17
रोहित शर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
अगली पारी में भी रोहित के बल्ले से शतक निकला। टेस्ट में शुरुआती दो पारियों में शतक लगाने के बाद रोहित ने सनसनी मचा दी। कई लोगों ने यहां तक कह दिया कि सचिन के जाने के बाद भारत को नई रन मशीन मिल गई है। हालांकि, इसके बाद रोहित टेस्ट में कुछ खास नहीं कर पाए और टीम से अंदर बाहर होते रहे। 

8. 2013 चैंपियंस ट्रॉफी में बने सलामी बल्लेबाज

10 of 17
रोहित शर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
2013 चैंपियंस ट्रॉफी में रोहित ने कप्तान धोनी के कहने पर पारी की शुरुआत की और पीछे मुड़कर नहीं देखा। सलामी बल्लेबाज के रूप में रोहित ने पहली पारी में ही शानदार अर्धशतक लगाया और मैच जिताऊ पारी खेली। इस टूर्नामेंट में धवन के साथ मिलकर उन्होंने हर मैच में भारत को शानदार शुरुआत दी और भारत ने यह टूर्नामेंट भी जाती। इसमें रोहित का अहम योगदान था। 

9. भारतीय टीम में पक्की हुई जगह

11 of 17
रोहित शर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
चैंपियंस ट्रॉफी में रोहित-धवन की सलामी जोड़ी सुपरहिट रही थी और अब टीम इंडिया में रोहित की जगह पक्की हो चुकी थी। धोनी की कप्तानी में अब वनडे में रोहित शर्मा और शिखर धवन को ही हर मैच में पारी की शुरुआत करनी थी। टीम में स्थान पक्का होने के बाद रोहित खुलकर खेलने लगे और अब उनके अंदर परिपक्वता भी आ चुकी थी। इसी वजह से रोहित लगातार भारत को अच्छी शुरुआत दे रहे थे। 

10. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला दोहरा शतक लगाया

12 of 17
रोहित शर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में रोहित शर्मा ने अपने करियर का पहला दोहरा शतक लगाया। वो वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी बने। उनसे पहले सिर्फ सचिन तेंदुलकर और वीरेन्द्र सहवाग ही ऐसा कर पाए थे। अब इस खास सूची में रोहित का नाम भी शामिल हो चुका था। 

11. श्रीलंका के खिलाफ वनडे क्रिकेट की सबसे बड़ी पारी खेली

13 of 17
रोहित शर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
2014 में रोहित ने अपने बल्ले से इतिहास रच दिया। कोलकाता का ईडन गार्डंस का मैदान इसका गवाह बना। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ एक मैच में 264 रन बना दिए। यह वनडे क्रिकेट में किसी बल्लेबाज का सबसे बड़ा स्कोर था। रोहित का यह रिकॉर्ड आज भी कायम है। इस पारी के बाद रोहित को हिटमैन नाम दे दिया गया और इसी नाम से वो पूरी दुनिया में मशहूर हो गए। 

12. श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 208 रन बनाए

14 of 17
रोहित शर्मा - फोटो : ट्विटर
2017 में रोहित ने वनडे में तीसरा दोहरा शतक लगा दिया और यह कारनामा करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। इस बार भी उन्होंने श्रीलंका के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और 153 गेंदो में नाबाद 208 रन बना दिए। रोहित अंतरराष्ट्रीय वनडे मैचों में तीन दोहरे शतक लगाने वाले एकमात्र बल्लेबाज हैं। 

13. भारत की टी20 टीम के कप्तान बने

15 of 17
रोहित शर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
2021 विश्व कप के दौरान भारत के कप्तान विराट कोहली ने कहा था कि वो अपना वर्कलोड कम करने के लिए टी20 टीम की कप्तानी छोड़ना चाहते हैं। इसके साथ ही उन्होंने बताया था कि टी20 विश्व कप के बाद वो सबसे छोटे फॉर्मेट में भारत के कप्तान नहीं होंगे। कोहली के जाने के बाद रोहित टी20 टीम के नियमित कप्तान बने और पहली सीरीज में ही न्यूजीलैंड को 5-0 से हराया। 

14. वनडे में भी भारत के कप्तान बने

16 of 17
रोहित शर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
भारत की टी20 टीम के कप्तान बनने के कुछ समय बाद ही रोहित को वनडे टीम की कमान भी दे दी गई। बीसीसीआई ने फैसला किया कि वनडे और टी20 टीम का कप्तान अलग-अलग नहीं हो सकता। ऐसे में विराट की जगह रोहित को वनडे का नया कप्तान बनाया गया।
विज्ञापन

15. तीनों फॉर्मेट में भारतीय टीम की कमान संभाली

17 of 17
रोहित शर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
टी20 और वनडे में भारत की कप्तानी मिलने के लगभग एक महीने बाद रोहित का टेस्ट कप्तान बनना भी तय हो गया। विराट ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज हारने के बाद सभी फॉर्मेट से कप्तानी छोड़ दी और तीनों फॉर्मेट में रोहित का कप्तान बनना तय था। हालांकि, बीसीसीआई ने कुछ समय बाद औपचारिक रूप से विराट को टी20 टीम का कप्तान बनाया। 

अब हिटमैन तीनों फॉर्मेट में भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे हैं। उनके ऊपर भारत को टी20 विश्व कप 2022 और वनडे विश्व कप 2023 में चैंपियन बनाने की जिम्मेदारी है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें