टीम इंडिया के लिए विश्व कप से पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बुधवार को संपन्न वन-डे सीरीज आंख खोलने वाली रही। इस सीरीज में टीम इंडिया को कई प्रयोग करके 2019 विश्व कप के लिए अपने टीम संयोजन पर ध्यान देना था। टीम इंडिया के मनोबल को गहरा धक्का जरूर लगा क्योंकि सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाने के बाद वह लगातार तीन मैच हारा और सीरीज 2-3 से गंवा बैठा।
टीम इंडिया को पांचवें व अंतिम वन-डे में 35 रन की शिकस्त झेलनी पड़ी। भारतीय टीम को विश्व कप का प्रबल दावेदार माना जा रहा है और इससे पहले उसे आखिरी वन-डे सीरीज में करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। बता दें कि पांचवें व अंतिम वन-डे में युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को खराब प्रदर्शन के लिए कड़ी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। पंत के पास दिल्ली में अपनी उपयोगिता साबित करने का बेहतरीन मौका था, लेकिन वह इस मौके का फायदा नहीं उठा सके और 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
इससे पहले चौथे वन-डे में भी पंत को फीके प्रदर्शन की वजह से फैंस व क्रिकेट पंडितों की खरीखोटी सुननी पड़ी थी। चौथे वन-डे में पंत ने विकेटकीपिंग में कई मौके गंवाए थे। पंत के खराब प्रदर्शन पर फैंस नाराज हैं और उन्होंने 2019 विश्व कप को लेकर अपनी राय प्रकट की है। कई फैंस का मानना है कि पंत को विश्व कप में नहीं लेकर जाना चाहिए और उनकी जगह अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक की वापसी होना चाहिए।