क्रिकेट विश्व कप की शुरुआत हुए 13 दिन हो चुके हैं और टूर्नामेंट का रोमांच अपने चरम पर है। इन सबके बीच क्रिकेट प्रेमियों को इंतजार है तो 16 जून का जब दो बड़ी टीमें भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगी। दोनों टीमें एशिया कप के बाद एक बार फिर से टकराएंगी।
विश्व क्रिकेट में इन दोनों टीमों का मैच बहुत तनावपूर्ण और जोश से भरा होता है और यही कारण है कि जब भी दोनों टीमों के मुकाबले होते हैं, हर किसी की धड़कनें थम जाती हैं।
मैच का आलम यह होता है कि खिलाड़ियों के अलावा दोनों देशों के बाजार भी इसे खूब भुनाने की कोशिश करते हैं और अपने-अपने देश को बड़ा और दूसरे को नीचा दिखाने की कोशिश करते हैं। यही कारण है कि इस मैच से चंद दिन पहले अब दोनों ही देशों के चैनलों ने भी एक दूसरे पर छींटाकशी शुरू कर दी है।
इस मामले में अब पाकिस्तान के एक चैनल ने सभी मर्यादाओं को लांघते हुए भारतीय सेना के हीरो विंग कमांडर अभिनंदन का मजाक बनाने की शर्मनाक कोशिश की है जिसपर खासा विवाद हो गया है।