टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन भी दोनों टीमों के बीच जंग जारी है। वहीं दूसरी ओर एक अन्य इंग्लिश क्रिकेटर ने अपनी अविश्वसनीय बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत को हिला कर रख दिया है।
इंग्लैंड के इस बल्लेबाज का नाम माइक सिमसन बताया जा रहा है, जिसने महज 52 गेंदों में दोहरा शतक जड़ दिया है। इस पारी में सिमसन ने 62 गेंदों में 30 छक्कों और 9 चौकों की मदद से 237 रन बनाए। शेफील्ड कॉलेजिएट के बल्लेबाज माइक सिमसन ने शेफील्ड एलियांस मिडवीक लीग मैच में बुधवार खान टीम के खिलाफ यह तूफानी पारी खेली।
बता दें कि 12 ओवर के इस मैच में एक ओवर 8 गेंदों का था। मैच के बाद सिमसन ने कहा, 'यह सीजन का आखिरी मैच था और अब हम लीग नहीं जीत सकते थे, मैंने सोचा कि बाहर जाकर खुलकर खेलूं। फिर ये अपने आप ही हो गया। मैं हमेशा से बिग हिटर रहा हूं और गेंदबाजी को अटैक किया है। मैने पिछले सालों में काफी छक्के लगाए हैं। ये मेरा स्वाभाविक खेल है।'
इस पारी के दौरान सिमसन ने जो रूट के भाई बिल रूट के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 245 रनों की शानदार साझेदारी भी बनाई। सिमसन ने इस पारी के बारे में कहा, 'ये यकीनन मेरी सर्वश्रेष्ठ पारियों की लिस्ट में है। ये सबसे ज्यादा मजेदार पारी है क्योंकि इसमे 30 छक्के और केवल 9 चौके शामिल है। ये अच्छा एहसास है। जब आप क्रीज पर होते हैं तो आपको ऐसा नहीं लगता कि आप असफल होंगे।'