फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL Final: जानें गंभीर ने कैसे बदली कोलकाता की किस्मत, 10 साल बाद जिताया खिताब, क्या बनेंगे भारत के मुख्य कोच?

Mon, 27 May 2024 09:49 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

केकेआर ने मौजूदा सीजन से पहले 2012 और 2014 में ट्रॉफी जीती थी और उस वक्त टीम के कप्तान गौतम गंभीर थे। गंभीर के संन्यास लेने के बाद केकेआर लंबे समय तक खिताबी जीत का इंतजार करती रही, लेकिन अब गंभीर के मेंटर बनते ही कोलकाता चैंपियन बनकर उभरी।
विज्ञापन
1 of 6
गौतम गंभीर - फोटो : अमर उजाला
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर आईपीएल 2024 का खिताब जीता। कोलकाता की टीम इससे पहले 2021 सीजन के फाइनल में भी पहुंची थी, लेकिन तब टीम को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) से हार का सामना करना पड़ा था। केकेआर ने मौजूदा सीजन से पहले 2012 और 2014 में ट्रॉफी जीती थी और उस वक्त टीम के कप्तान गौतम गंभीर थे। गंभीर के संन्यास लेने के बाद केकेआर लंबे समय तक खिताबी जीत का इंतजार करती रही, लेकिन अब गंभीर के मेंटर बनते ही कोलकाता चैंपियन बनकर उभरी। 
विज्ञापन

2 of 6
गौतम गंभीर - फोटो : IPL
अपनी कप्तानी में दिलाए थे दो खिताब 
शाहरुख खान के मालिकाना हक वाली कोलकाता टूर्नामेंट के शुरुआत से ही लीग का हिस्सा है, लेकिन उसे अपनी पहली खिताबी जीत के लिए चार साल का इंतजार करना पड़ा था। 2011 सीजन के लिए हुई खिलाड़ियों की नीलामी में कोलकाता ने गंभीर पर दांव लगाया और कप्तान भी नियुक्त किया। उस सीजन केकेआर के अधिकतर खिलाड़ी बदल चुके थे। गंभीर ने अपनी टीम खड़ी की और टीम पहली बार प्लेऑफ में पहुंचने में सफल रही। उस सीजन कोलकाता चौथे स्थान पर रही थी। 2012 सीजन में टीम एक बार फिर गंभीर के नेतृत्व में उतरी। उस सीजन गंभीर का बल्ला भी जमकर बोला और टीम ने पहली बार फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में कोलकाता का सामना लगातार दो सीजन की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) से था। 
विज्ञापन

3 of 6
गंभीर और रॉबिन उथप्पा - फोटो : IPL
कोलकाता के सामने धोनी की कप्तानी वाली सीएसके की कठिन चुनौती थी। यह मुकाबला चेन्नई के होम ग्राउंड चेपॉक स्टेडियम पर हुआ था और चेन्नई ने केकेआर के सामने जीत के लिए 191 रनों का लक्ष्य रखा जिसे कोलकाता ने दो गेंद शेष रहते पांच विकेट खोकर हासिल किया। इस तरह केकेआर ने गंभीर की कप्तानी में पहली बार खिताब जीता। इसके बाद टीम ने 2014 सीजन में पंजाब किंग्स को हराकर दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की। केकेआर और गंभीर का साथ 2017 सीजन के बाद टूट गया क्योंकि गंभीर ने क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला किया। 

4 of 6
दिनेश कार्तिक - फोटो : IPL
सात सीजन में चार कप्तानों के नेतृत्व में खेली टीम 
गंभीर का टीम का साथ छोड़ने के बाद 2018 से 2020 तक दिनेश कार्तिक ने केकेआर की कमान संभाली। हालांकि कार्तिक के नेतृत्व में टीम का प्रदर्शन काफी खराब और केकेआर तीन में से सिर्फ एक बार ही प्लेऑफ में जगह बना सकी थी। कोलकाता 2018 में तीसरे, 2019 और 2020 में पांचवें स्थान पर रही। 2021 सीजन में इयोन मोर्गन को कप्तान बनाया गया और इस सीजन का पहला चरण टीम के लिए काफी निराशाजनक रहा। उस सीजन कोविड-19 के कारण टूर्नामेंट निलंबित हो गया और इसका दूसरा चरण सितंबर-अक्टूबर में हुआ। दूसरे चरण में कोलकाता ने शानदार वापसी की और टीम फाइनल में जगह बनाने में सफल रही। हालांकि केकेआर ट्रॉफी नहीं जीत सकी। अगले सीजन श्रेयस अय्यर दिल्ली कैपिटल्स की जगह केकेआर से जुड़े और टीम ने उन्हें कप्तान नियुक्त किया। 2022 में कोलकाता का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और टीम सातवें स्थान पर रही। 2023 सीजन में श्रेयस चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर रहे और उनकी जगह नीतीश राणा ने केकेआर की कमान संभाली, लेकिन नीतीश भी खिताबी सूखे को समाप्त नहीं करा सके।
विज्ञापन

5 of 6
गौतम गंभीर - फोटो : IPL
गंभीर ने मेंटर के तौर पर की सफल वापसी
केकेआर को आईपीएल का खिताब जीते लंबा समय बीत चुका था और टीम प्रबंधन का कोई भी प्रयोग ट्रॉफी का सूखा समाप्त नहीं करा पा रहा था। ऐसे में कोलकाता ने एक बार फिर अपने पूर्व कप्तान की ओर देखा। गंभीर 2022 सीजन से आईपीएल में शामिल हुई लखनऊ सुपरजाएंट्स के मेंटर के तौर पर जुड़े और उन्होंने दो बार टीम को प्लेऑफ तक पहुंचाया। 2023 सीजन के बाद यह खबरें आने लगी कि शाहरुख खान गंभीर को दोबारा टीम में शामिल करने में रुचि जता रहे हैं और आखिरकार गंभीर की मेंटर के तौर पर कोलकाता में वापसी हुई। गंभीर के साथ-साथ कोलकाता के लिए यह सुखद संकेत रहा क्योंकि टीम लंबे इंतजार के बाद आखिरकार 10 साल का खिताबी सूखा समाप्त करने में कामयाब रही।
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
गौतम गंभीर - फोटो : IPL/BCCI
भारत के कोच बनने की दौड़ में आगे चल रहे हैं गंभीर
भारतीय टीम रोहित शर्मा की अगुआई में अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप में खेलने उतरेगी। इस टूर्नामेंट के बाद मुख्य राहुल द्रविड़ का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। माना जा रहा है कि द्रविड़ अब आगे टीम के साथ नहीं रहेंगे इसलिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने कोच पद के लिए आवेदन मंगाए थे। बताया जा रहा है कि बीसीसीआई ने इस पद के लिए गंभीर से चर्चा की है और वह भारत के अगले कोच बनने की दौड़ में आगे चल रहे हैं। केकेआर की जीत के बाद अब यह दावा और पुख्ता हो गया है। भारतीय टीम के कोच बनने के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 27 मई है और आने वाले कुछ दिनों में इस रहस्य से पर्दा उठने की संभावना है कि कौन-कौन टीम के कोच बनने की दौड़ में शामिल है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें