फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL 2025: जानें पांच मौके जब सवालों के घेरे में आए अंपायर के फैसले, विवाद हुआ तो फैंस बोले- मैच फिक्स है क्या?

Tue, 03 Jun 2025 11:45 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

सार

आईपीएल 2025 में कुछ संदिग्ध फैसलों ने कुछ मैचों का मजा किरकिरा कर दिया। सोशल मीडिया पर इसको लेकर जमकर बहस हुई। आइए आईपीएल 2025 के पांच ऐसे अंपायरिंग के फैसलों पर एक नजर डालते हैं जिन्होंने विवाद को जन्म दिया...
विज्ञापन
1 of 6
आईपीएल 2025 - फोटो : ANI/IPL/BCCI
आईपीएल के हर सीजन में कोई न कोई विवाद देखने को मिलता है और यह सीजन कोई अपवाद नहीं रहा है। हमेशा की तरह, विवाद खिलाड़ियों और कोच तक सीमित नहीं था, अंपायरों ने एक बार फिर खुद को इस बहस के केंद्र में पाया। दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग में खराब अंपायरिंग के कई चर्चे हुए और उन्हें आलचनाओं का शिकार भी होना पड़ा। विवाद इतना गर्माया कि फैंस ने मैच फिक्सिंग तक के आरोप लगा दिए। हालांकि, इस सीजन कुछ शानदार अंपायरिंग भी देखने को मिली, लेकिन कुछ संदिग्ध फैसलों ने कुछ मैचों का मजा किरकिरा कर दिया। सोशल मीडिया पर इसको लेकर जमकर बहस हुई। आइए आईपीएल 2025 के पांच ऐसे अंपायरिंग के फैसलों पर एक नजर डालते हैं जिन्होंने विवाद को जन्म दिया...

पांच मौके जब अंपायरिंग के फैसले बड़े विवादों का कारण बने
विज्ञापन

2 of 6
शुभमन गिल - फोटो : IPL/BCCI
5. गिल के रन आउट पर विवाद, अंपायर पर उठे सवाल
आईपीएल 2025 के 51वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल अपने रन आउट से काफी निराश दिखे। शुभमन गिल 38 गेंद में 76 रन बनाकर आउट हुए। गुजरात की पारी के 13वें ओवर की अंतिम गेंद पर जोस बटलर ने एक रन लेना चाहा, लेकिन स्ट्राइक एंड पर शुभमन को पहुंचने में देर हो गई। इस दौरान हर्षल पटेल ने विकेटकीपर क्लासेन को थ्रो किया। क्लासेन से हर्षल पटेल का यह थ्रो सही से कलेक्ट नहीं हुआ था, लेकिन उन्होंने गेंद को स्टंप्स की ओर धकेल दिया। इस प्रयास के बीच विकेट से बेल्स नीचे गिर गई और बत्ती जलने लगी। मामला बहुत करीबी था। क्योंकि क्लासेन के हाथ में गेंद पूरी तरह से नहीं आई थी, लेकिन गेंद भी विकेट के बिल्कुल करीब दिख रही थी। ऐसे में थर्ड अंपायर को फैसला देने में थोड़ा वक्त लग गया।

टीवी रिप्ले में थर्ड अंपायर को भी ये सबूत नहीं मिल पाया कि विकेट पर पहले ग्लव्स लगी है या फिर गेंद, जिसकी वजह से बेल्स गिर गईं। ऐसे में बेनिफिट ऑफ डाउट फील्डिंग टीम को मिला और शुभमन गिल को रन आउट करार दे दिया गया। अंपायर के इस फैसले शुभमन गिल बहुत ज्यादा निराश दिखे। डग आउट में पहुंचते ही शुभमन थर्ड अंपायर के साथ बहस करने लगे। क्योंकि शुभमन को ऐसा लगा कि क्लासेन ने विकेट को तब हिट किया जब गेंद उनके हाथ से छिटक गई थी। गिल का मानना था कि उन्हें गलत रन आउट दिया गया। कमेंट्री कर रहे आकाश चोपड़ा को भी ऐसा ही लगा था।
विज्ञापन

3 of 6
आईपीएल 2025 - फोटो : IPL/BCCI
4. राजस्थान के खिलाफ मिचेल स्टार्क का पिछला पैर रिटर्न क्रीज को छू गया
दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल 2025 के 32वें मुकाबले में सुपर ओवर में हराया। सुपर ओवर में दिल्ली के लिए मिचेल स्टार्क ने बॉलिंग की। स्टार्क ने सुपरओवर की चौथी गेंद राउंड द विकेट से डाली। इस गेंद को रियान पराग ने चौके के लिए भेजा। इस बीच नो बॉल का सायरन बज गया। इसके बाद बाद राजस्थान को फ्री हिट मिला। हालांकि, आरआर की टीम इसका फायदा नहीं उठा पाई और रन चुनाने की कोशिश में रियान रन आउट भी हो गए।

रिप्ले में दिखा कि मिचेल स्टार्क का पिछला पैर लैंडिंग के वक्त रिटर्न क्रीज को छू गया था, जिसकी वजह से अंपायर ने नो बॉल करार दिया। इस फैसले पर फैंस दो हिस्सों में बंट गए थे। MCC के नियम 21.5.1 के अनुसार, 'गेंदबाज का पिछला पैर उसकी गेंद डालते वक्त रिटर्न क्रीज के भीतर होना चाहिए और उसे छूना नहीं चाहिए।' अगर पैर लाइन को छूता भी है तो नो बॉल होगा और बल्लेबाजी टीम को अगली गेंद पर फ्री हिट मिलेगी। हालांकि, कुछ अन्य मौके पर नो बॉल नहीं दिया गया। इससे पहले एक मैच के दौरान मुंबई इंडियंस के विग्नेश पुथुर ने रिटर्न क्रीज को छुआ था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।

4 of 6
आईपीएल 2025 - फोटो : IPL/BCCI
3. आरसीबी के खिलाफ डेवाल्ड ब्रेविस नॉट आउट थे, लेकिन डीआरएस नहीं मिला
आईपीएल 2025 के 32वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चेन्नई सुपर किंग्स को रोमांचक मुकाबले में दो रन से हराया था। इस मैच में एक विवादित पल भी देखने को मिला जब डेवाल्ड ब्रेविस को आउट करार दिया गया। ब्रेविस लुंगी एनगिडी की गेंद पर एल्बीडब्ल्यू आउट दिए गए। हालांकि, आमतौर पर डिसीजन रिव्यू सिस्टम (डीआरएस) के समय बिग स्क्रीन पर टाइमर ऑन रहता है ताकि बल्लेबाज 15 सेकंड के अंदर डीआरएस ले सकें, लेकिन इस मैच में न तो टाइमर चला और न ही बल्लेबाज को पता चल सका। इसके बाद जब ब्रेविस ने डीआरएस की मांग की तो अंपायर ने समय का हवाला देकर उन्हें वापस जाने को कहा। इसको लेकर रवींद्र जडेजा की अंपायरों से बहस भी हुई। शानदार फॉर्म में चल रहे ब्रेविस का आउट होना मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ और सीएसके मैच हार गई। इस पर बहस छिड़ गई कि डेवाल्ड ब्रेविस के आउट होने में किसकी गलती है? समय से DRS नहीं ले पाना या बिग स्क्रीन पर टाइमर का नहीं चलना।
विज्ञापन

5 of 6
आईपीएल 2025 - फोटो : IPL/BCCI
2. जितेश शर्मा की मांकड़िंग का फैसला
आईपीएल 2025 के 70वें यानी लीग राउंड के आखिरी मैच में नाटकीय मोड़ तब आया जब LSG के स्पिनर दिग्वेश राठी ने नॉन-स्ट्राइकर छोर पर RCB के कार्यवाहक कप्तान जितेश शर्मा को रन आउट करने की कोशिश की। रिप्ले में दिखा कि जितेश अपनी क्रीज से बाहर थे, लेकिन थर्ड अंपायर ने उन्हें नॉट आउट करार दिया। आरसीबी इस महत्वपूर्ण मैच में 228 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा कर रही थी। 17वें ओवर की अंतिम गेंद पर दिग्वेश राठी ने देखा कि जितेश शर्मा नॉन-स्ट्राइकर छोर पर अपनी क्रीज से बाहर निकल रहे हैं। राठी ने जल्दी से बेल्स हटा दी और मांकड़ रन-आउट की कोशिश की। अंपायर ने पुष्टि की कि गेंदबाज अपील करना चाहता है या नहीं। इस पर 25 वर्षीय खिलाड़ी ने सहमति जताई और फैसला सीधे तीसरे अंपायर के पास गया। हालांकि रिप्ले में यह स्पष्ट था कि जितेश स्पष्ट रूप से क्रीज के बाहर थे, लेकिन तीसरे अंपायर ने जितेश को नॉट आउट घोषित कर दिया।

इस बीच एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत ने दरियादिली दिखाते हुए अपील वापस ले ली। इसके बाद जितेश और पंत गले मिले। नॉन-स्ट्राइकर रन-आउट के बारे में एमसीसी के एक विशिष्ट नियम के कारण जितेश शर्मा आउट करार नहीं दिए गए। भले ही जितेश अपनी क्रीज से बाहर थे, लेकिन राठी ने पहले ही अपना बॉलिंग एक्शन पूरा कर लिया था। इसका मतलब है कि उनका हाथ उस बिंदु से आगे निकल गया था जहां से वह आमतौर पर गेंद छोड़ते हैं। एमसीसी कानून 38.3 के मुताबिक, गेंदबाज अपने एक्शन को पूरा करने से पहले ही नॉन-स्ट्राइकर को रन आउट कर सकता है। चूंकि राठी ने बहुत देर कर दी, इसलिए तीसरे अंपायर ने जितेश को नॉट आउट करार देते हुए कहा, 'गेंदबाज ने अपना एक्शन पूरा कर लिया है।'
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
ईशान किशन - फोटो : IPL/BCCI
1. ईशान किशन का मुंबई इंडियंस के खिलाफ वॉक अवे
मुंबई और सनराइजर्स के बीच आईपीएल 2025 का 41वां मुकाबला भी विवादों में रहा। ईशान किशन चर्चा में आए। मुंबई इंडियंस के खिलाफ वह सिर्फ एक रन बना पाए। इस मैच में जिस तरह से ईशान आउट हुए, उसने सभी को हैरान कर दिया। इस मैच में ईशान किशन अपनी गलती के कारण दीपक चाहर का शिकार बन बैठे। तीसरे ओवर की पहली गेंद लेग साइड की तरफ जा रही थी, उन्होंने खेलने का प्रयास किसा लेकिन गेंद न तो उनके बल्ले से लगी थी और न ही उनके शरीर से लगी। विकेटकीपर ने गेंद को बिना किसी गलती के लपक लिया। इस दौरान अंपायर विनोद शेषन ने पहले गेंद को वाइड देने के लिए अपना हाथ उठाया, लेकिन ईशान किशन ने अंपायर की अंगुली उठने का भी इंतजार नहीं किया और पवेलियन की तरफ लौटने लगे। अंपायर भी इसे देखकर चौंक गए। 

जब ईशान किशन को अहसास हुआ कि अंपायर वाइड बॉल दे रहे हैं, तो वह क्रीज की तरफ लौटने लगे। तभी अंपायर और भ्रमित हो गए। उन्होंने दो बार हिचकिचाते हुए अंगुली उठाकर आउट करार देने का मन बनाया। आखिरकार अंपायर ने उन्हें आउट करार दिया। हैरानी की बात यह रही कि इससे पहले मुंबई के किसी भी खिलाड़ी ने अपील नहीं की थी, लेकिन ईशान किशन को बाहर जाता देखकर हार्दिक ने अपील की और अंपायर ने उन्हें आउट दे दिया। ईशान किशन भी पवेलियन को लौट गए और रिव्यू भी नहीं लिया। कुछ समय बाद इस विकेट का रिव्यू दिखाया गया तो स्निकोमीटर पर कोई हलचल नहीं दिखाई दी जिससे साफ हो गया कि ईशान अपना विकेट खुद ही फेंककर चले गए। अंपायर के इस फैसले पर सभी चौंके थे और फैंस ने तो मैच फिक्सिंग का भी आरोप लगाया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें