इस सीजन 59 दिनों में कई खास पल देखने को मिले। टूर्नामेंट की शुरुआत ही धमाकेदार अंदाज में हुई थी, जब ओपनिंग सेरेमनी में बॉलीवुड के दिग्गज सिंगर अरिजीत सिंह ने महेंद्र सिंह धोनी के पैर छुए थे। इसके बाद कई और खास पल देखने को मिले।
आईपीएल 2023 का अंत हो चुका है। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। इस सीजन काफी दिलचस्प मुकाबले खेले गए। 59 दिनों तक चले टूर्नामेंट में झमाझम क्रिकेट देखने को मिला और कुल 74 मुकाबले खेले गए। लीग राउंड में आखिरी मुकाबले तक प्लेऑफ की चार टीमों का फैसला नहीं हो पाया था। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और गुजरात टाइटंस के बीच लीग राउंड के 70वें मैच में जाकर प्लेऑफ की चार टीमें फाइनल हुईं। गुजरात टाइटंस, चेन्नई सुपर किंग्स, लखनऊ सुपर जाएंट्स और मुंबई की टीमें फाइनल में पहुंची थी। अब चेन्नई की टीम जाकर रिकॉर्ड पांचवीं बार चैंपियन बनी।
इस सीजन 59 दिनों में कई खास पल देखने को मिले। टूर्नामेंट की शुरुआत ही धमाकेदार अंदाज में हुई थी, जब ओपनिंग सेरेमनी में बॉलीवुड के दिग्गज सिंगर अरिजीत सिंह ने महेंद्र सिंह धोनी के पैर छुए थे। इसके बाद कई और खास पल देखने को मिले। आइए देखते हैं-
1. अरिजीत ने छुए धोनी के पैर
विज्ञापन
2 of 17
अरिजीत सिंह ने ओपनिंग सेरेमनी में धोनी के पैर छुए थे
- फोटो : IPL/BCCI
एमएस धोनी दुनिया के सबसे पसंदीदा क्रिकेटरों में से एक हैं और स्टार गायक अरिजीत सिंह भी अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज के बहुत बड़े प्रशंसक हैं। दोनों ने 31 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2023 के उद्घाटन समारोह के दौरान एक भावुक पल साझा किया। तस्वीर में अरिजीत को धोनी के पैर छूते हुए देखा जा सकता है।
दरअसल, अरिजीत ने उद्घाटन समारोह के दौरान अपने हिट गानों से फैंस को रोमांचित कर दिया। उनके साथ अभिनेत्री रश्मिका मंदाना और तमन्ना भाटिया ने भी हिट गानों पर परफॉर्म किया। परफॉर्मेंस के बाद ट्रॉफी अनावरण के लिए तीनों स्टेज पर मौजूद थे। तभी दोनों टीमों के कप्तानों को बुलाया गया। पहले चेन्नई के कप्तान धोनी स्टेज पर पहुंचे। जैसे ही वह अरिजीत के पास पहुंचे, अरिजीत ने उनके पैर छू लिए। उनके इस अंदाज ने फैंस का दिल जीत लिया।
2. मैदान पर भिड़े कोहली-गंभीर और नवीन
विज्ञापन
3 of 17
RCB vs LSG मैच में कोहली और गंभीर भिड़ गए थे
- फोटो : IPL/BCCI
यह पूरा मामला आईपीएल के इस सीजन के लखनऊ सुपर जाएंट्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर मैच का है। पहले बल्लेबाजी करते हुए बैंगलोर ने 126 रन बनाए। रन चेज के दौरान लखनऊ की पारी के 17वें ओवर में पूरा मामला शुरू हुआ, जब विराट स्टंप के पीछे से दौड़ते हुए आए और लखनऊ के नवीन उल हक को देखकर कुछ इशारा किया। इस पर अफगानिस्तान के नवीन भी उनके करीब आ गए और दोनों में बहस शुरू हो गई। इस बहस के दौरान विराट ने अपने जूते की तरफ भी इशारा किया और उसमें से मिट्टी निकाली, मानो औकात की बात कर रहे हों। बाकी खिलाड़ियों ने बीच-बचाव की कोशिश की तो कोहली और अमित मिश्रा के बीच भी बहस हो गई।
बैंगलोर की जीत के बाद जब दोनों टीमों के खिलाड़ी हाथ मिला रहे थे तो कोहली ने नवीन से कुछ कहा। कोहली के बोलते ही नवीन भी ताव में आकर कुछ बोलते दिखाई पड़े। यहां भी दोनों के बीच बहस होती है। इसके बाद कोहली जब बाउंड्री के किनारे चल रहे होते हैं तो लखनऊ के काइल मेयर्स से उनसे बातचीत करने लगते हैं। तभी गंभीर आए और मेयर्स को विराट से दूर ले गए और उनसे बातचीत करने से मना कर दिया। इसके बाद गंभीर कुछ कहते हैं जिस पर कोहली उन्हें पास बुलाते हैं और दोनों बेहद करीब आ जाते हैं। दोनों के बीच बहस देखने को मिलती है।
3. धोनी ने गावस्कर को दिया ऑटोग्राफ
4 of 17
धोनी ने दुनिया के महानतम बल्लेबाजों में शुमार गावस्कर की शर्ट पर ऑटोग्राफ दिया
- फोटो : IPL/BCCI
आईपीएल 2023 में 14 मई को चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच चेपक के मैदान में एक दिलचस्प मुकाबला खेला गया। कोलकाता ने इस मैच में छह विकेट से जीत हासिल की थी। मैच के बाद जो कुछ हुआ वह देखकर फैंस भावुक हो गए।
दरअसल, मैच के बाद चेन्नई के खिलाड़ी फैंस को थैंक-यू कहने के लिए चेन्नई स्टेडियम के चक्कर लगा रहे थे। इसी बीच भारत के पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर, जो आईपीएल में कमेंट्री टीम का हिस्सा हैं, दौड़ते हुए सीएसके के कप्तान धोनी के पास पहुंचते और शर्ट पर ऑटोग्राफ की मांग करते हैं। इसके बाद धोनी मुस्कुराने लगे और उन्होंने गावस्कर की शर्ट पर ऑटोग्राफ दिया। इस पल को देखकर चेपक स्टेडियम में मौजूद फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स भावुक हो गए।
4. जडेजा के थ्रो पर वॉर्नर की बल्ले से 'तलवारबाजी'
विज्ञापन
5 of 17
रवींद्र जडेजा और वॉर्नर के बीच मजाकिया पल देखने को मिला था
- फोटो : IPL/BCCI
आईपीएल 2023 में 20 मई को चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच फिरोज शाह कोटला स्टेडियम में मैच खेला गया। इस मैच में ऑन-फील्ड कई रोमांचक पल देखने को मिले। इसमें सबसे दिलचस्प वाकया तब हुआ, जब डेविड वॉर्नर रवींद्र जडेजा को चिढ़ाने के लिए उनके स्टाइल में बल्ले से 'तलवारबाजी' करने लगे। इस दृश्य को देखकर स्टेडियम में मौजूद फैंस खुश हो गए और खूब तालियां बजाईं।
दरअसल, मैच के दौरान दिल्ली की पारी के पांचवें ओवर में दीपक चाहर गेंदबाजी कर रहे थे। इस ओवर की तीसरी गेंद पर वॉर्नर ने कवर में शॉट लगाया। इसके बाद उन्होंने एक रन लिया। मोईन अली ने थ्रो किया जो रहाणे के पास पहुंची। वॉर्नर ने दूसरे बल्लेबाज फिलिप सॉल्ट से दूसरे रन की मांग की और वह आगे बढ़ गए, लेकिन फिर रहाणे के हाथ में गेंद को देखकर क्रीज से थोड़ा आगे रुक गए। रहाणे ने थोड़ा रुककर थ्रो किया जिसे जडेजा ने रोका।
वॉर्नर ने नॉन-स्ट्राइकर एंड पर फिर क्रीज से निकलने की कोशिश की। जडेजा ने भी गेंद पकड़कर थ्रो करने का स्टाइल किया। इस पर वॉर्नर ने मजेदार जवाब दिया। उन्होंने जडेजा को चिढ़ाने के लिए जडेजा स्टाइल में बल्ले से 'तलवारबाजी' की। जडेजा शतक या अर्धशतक लगाने के बाद इसी तरह से बल्ले से जश्न मनाते हैं। इस पर जडेजा हंसने लगे और फिर दूसरी तरफ घूम गए। वॉर्नर और सॉल्ट समेत सभी खिलाड़ी भी मुस्कुराने लगे।
5. अर्शदीप ने लगातार दो गेंदों पर दो स्टंप्स तोड़े
विज्ञापन
6 of 17
अर्शदीप सिंह ने दो स्टंप तोड़ दिए
- फोटो : IPL/BCCI
आईपीएल 2023 में 22 अप्रैल को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच रोमांचक मुकाबले खेला गया था। इस मैच में पंजाब के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके थे। इनमें आखिरी यानी 20वें ओवर में तिलक वर्मा और नेहल वढेरा के विकेट भी शामिल हैं। अर्शदीप को 20वें ओवर में 16 रन बचाने थे और उन्होंने सिर्फ दो रन खर्च किए। अर्शदीप ने सिर्फ तिलक और नेहल को बोल्ड नहीं किया, बल्कि दोनों बार मिडिल स्टंप तोड़ दिए। ऐसे में अंपायर को दोनों बार नए स्टंप्स लगाने पड़े। पंजाब ने यह मैच 13 रन से अपने नाम किया।
6. आईपीएल इतिहास में पहली बार दो अनकैप्ड खिलाड़ियों ने शतक लगाया
विज्ञापन
7 of 17
आईपीएल इतिहास में पहली बार दो अनकैप्ड प्लेयर यशस्वी जायसवाल और प्रभसिमरन सिंह ने शतक लगाए
- फोटो : IPL/BCCI
आईपीएल इतिहास में पहली बार एक सीजन में दो अनकैप्ड खिलाड़ियों ने शतक जड़ा। इनमें राजस्थान रॉयल्स के यशस्वी जायसवाल और पंजाब किंग्स के प्रभसिमरन सिंह शामिल हैं। यशस्वी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल 2023 के 42वें मैच में 62 गेंदों पर 124 रन की पारी खेली थी। इस पारी में उन्होंने 16 चौके और आठ छक्के लगाए थे। हालांकि, राजस्थान की टीम यह मैच हार गई थी। यशस्वी का बल्ला यहीं नहीं थमा। उन्होंने 11 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आईपीएल इतिहास के सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। उन्होंने 13 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा था और केएल राहुल के 14 गेंदों पर अर्धशतक का रिकॉर्ड तोड़ा था।
वहीं, आईपीएल 2023 के 59वें मैच में पंजाब किंग्स ने 31 रन से दिल्ली कैपिटल्स को हरा दिया था। वहीं इस मुकाबले में पंजाब के हीरो प्रभसिमरन सिंह रहे जिन्होंने 103 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। आईपीएल इतिहास में शतक लगाने वाले प्रभसिमरन सिंह सातवें अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए। इससे पहले यह कारनामा शॉन मार्श, मनीष पांडे, पॉल वाल्थाटी, रजत पाटीदार, यशस्वी जायसवाल कर चुके हैं। यशस्वी ने इस सीजन 14 मैचों में 625 रन बनाए।
7. मोहित शर्मा की आईपीएल में जबरदस्त वापसी
8 of 17
मोहित शर्मा ने इस आईपीएल में जबरदस्त वापसी की
- फोटो : IPL/BCCI
आईपीएल दुनिया की सबसे बड़ी टी20 क्रिकेट लीग है। इस टूर्नामेंट में न सिर्फ आपके पास खुद को साबित करने के लिए बड़ा प्लेटफॉर्म होता है, बल्कि कुछ खास करने पर आप अपनी टीम और फैंस के लिए हीरो भी बन जाते हैं। कुछ ऐसा ही मोहित शर्मा ने भी कर दिखाया। मोहित ने 30 महीने बाद आईपीएल में वापसी की। इस बीच उन्हें क्या कुछ नहीं सहना पड़ा है, लेकिन मोहित ने हार नहीं मानी और दमदार वापसी करते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई।
मोहित को दिल्ली कैपिटल्स ने 2020 सीजन में अपने साथ जोड़ा था, लेकिन वहां कोई छाप नहीं छोड़ पाए। इस आईपीएल के बाद मोहित को बैक इंजरी हुई थी और वह क्रिकेट से कुछ समय के लिए दूर हो गए। बैक सर्जरी से वापसी करने के बाद मोहित घरेलू क्रिकेट खेले। 2022 के मेगा ऑक्शन में उनमें किसी भी फ्रेंचाइजी ने दिलचस्पी नहीं दिखाई थी और मोहित अनसोल्ड रहे।
हालांकि, नीलामी में नहीं चुने जाने के बावजूद वह लीग का हिस्सा बने। उन्हें गुजरात टाइटंस ने नेट गेंदबाज के तौर पर अपने साथ जोड़ा था। मोहित नेट्स में गुजरात के बल्लेबाजों को तैयारी करवाते रहे और हार नहीं मानी। इस सीजन मोहित फिर से ऑक्शन में उतरे और गुजरात ने उन्हें उनके बेस प्राइस पर खरीद लिया। गुजरात का यह फैसला सही साबित हुआ और उन्होंने इस सीजन 24 विकेट लिए। गुजरात की टीम कई मैचों में मोहित शर्मा के डेथ ओवर में बॉलिंग की वजह से जीती। मुंबई के खिलाफ क्वालिफायर-दो में मोहित ने 10 रन देकर पांच विकेट झटके थे।
8. सूर्यकुमार ने लगाया आईपीएल करियर का पहला शतक
9 of 17
सूर्यकुमार यादव ने इस सीजन आईपीएल करियर का पहला शतक लगाया
- फोटो : IPL/BCCI
मुंबई इंडियंस के विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने आईपीएल में अपना पहला शतक लगाया। सूर्यकुमार ने 12 मई को गुजरात टाइटंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में नाबाद 103 रन की पारी खेली। उन्होंने 49 की पारी में 11 चौके और छह छक्के लगाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 210.20 का रहा। सूर्यकुमार की इस पारी की बदौलत मुंबई ने लीग राउंड में गुजरात को हराया था। इसी मैच में राशिद खान ने 32 गेंदों में तीन चौके और 10 छक्के की मदद से नाबाद 79 रन की विस्फोटक पारी खेली थी।
9. धोनी ने चेन्नई में लिया लैप ऑफ ऑनर
10 of 17
दर्शकों का अभिवादन स्वीकारते धोनी
- फोटो : IPL/BCCI
आईपीएल 2023 में 14 मई को चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच चेपक स्टेडियम में मुकाबला खेला गया। यह चेन्नई का लीग राउंड में चेपक में आखिरी मुकाबला था। इस मैच को केकेआर ने जीता। मैच के बाद धोनी ने चेन्नई के चेपक में लैप ऑफ ऑनर लिया। उन्होंने साथी खिलाड़ियों के साथ स्टेडियम के चक्कर लगाए और टीम को हमेशा समर्थन देने के लिए फैंस का आभार जताया। धोनी के साथ टीम के सीईओ काशी विश्वनाथन, रवींद्र जडेजा, मोईन अली, अजिंक्य रहाणे, तुषार देशपांडे, दीपक चाहर, कोच स्टीफन फ्लेमिंग समेत पूरी टीम नजर आई। धोनी ने लैप ऑफ ऑनर के दौरान घुटने में चोट की वजह से खास तरह का नी-बैंड भी पहन रखा था। धोनी सीजन की शुरुआत से ही चोटिल थे और मैच के दौरान कई बार लंगड़ा कर चलते भी दिखे। इस दौरान धोनी के हाथ में एक रैकेट था और उन्होंने सीएसके के लोगो वाली बॉल को दर्शकों को गिफ्ट के तौर पर दिया। इससे पहले वह दर्शकों को कुछ जर्सी भी गिफ्ट कर चुके थे। इस दौरान स्टेडियम में मौजूद पुलिस वाले और अन्य स्टाफ ने भी धोनी के ऑटोग्राफ लिए और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
10. रिंकू सिंह ने लगातार पांच छक्के लगाकर केकेआर को जीत दिलाई
11 of 17
रिंकू सिंह
- फोटो : IPL/BCCI
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में नौ अप्रैल को गुजरात के कप्तान राशिद खान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया था। गुजरात ने 20 ओवर में चार विकेट पर 204 रन बनाए थे। कोलकाता ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन राशिद खान ने 17वें ओवर में हैट्रिक लेकर मैच को गुजरात की ओर मोड़ दिया। कोलकाता को आखिरी ओवर में जीत के लिए 29 रन बनाने थे। ऐसा लगा था कि वह मैच हार जाएगी, लेकिन यहां बाएं हाथ के युवा स्टार रिंकू सिंह ने कमाल कर दिया। रिंकू ने यश दयाल के आखिरी ओवर में लगातार पांच छक्के लगाकर कोलकाता को यादगार जीत दिला दी। उमेश यादव ने पहली गेंद पर एक रन लिया तो पांच गेंद पर कोलकाता को 28 रन बनाने थे। यहां से रिंकू ने अंतिम पांचों गेंद पर छक्का लगाया। इस तरह कोलकाता नाइटराइडर्स ने रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटंस को हरा दिया।
11. संदीप शर्मा के नो बॉल ने राजस्थान को किया बाहर
12 of 17
सैमसन ने संदीप शर्मा के नो बॉल पर बयान दिया
- फोटो : IPL/BCCI
आईपीएल 2023 में सात मई को राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में दो विकेट गंवाकर 214 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद को आखिरी ओवर में 17 रन की जरूरत थी। तब अब्दुल समद और मार्को यानसेन क्रीज पर थे। संदीप शर्मा गेंदबाजी के लिए आए और उन्होंने पहली पांच गेंदों पर 12 रन दिए। आखिरी गेंद पर पांच रन की जरूरत थी। तभी संदीप ने ओवर-स्टेप कर दिया और नो बॉल फेंकी। ऐसे में आखिरी गेंद पर मिले फ्री-हिट पर अब्दुल समद ने छक्का लगाकर हैदराबाद को चार विकेट से जीत दिलाई। इस एक मैच में हार की वजह से राजस्थान की टीम प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी। उसके 14 मैचों के बाद 14 अंक ही रहे।
12. शाहरुख ने कोहली को 'झूमे जो पठान' गाने पर डांस सिखाया
13 of 17
विराट कोहली और शाहरुख खान झूमे जो पठान गाने पर डांस करते हुए
- फोटो : IPL/BCCI
इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें सीजन में छह अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मैच खेला गया। इसमें कोलकाता की टीम ने धाकड़ प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मैच को देखने के लिए कोलकाता के मालिक शाहरुख खान भी पहुंचे। उन्होंने मैच के बाद विराट कोहली के साथ डांस भी किया जिसका वीडियो हर तरफ वायरल हुआ। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए मैच में अपनी टीम की विशाल जीत के बाद शाहरुख खान काफी खुश नजर आए। शाहरुख मैदान पर आए और उन्होंने सभी खिलाड़ियों को गले लगाया। उन्होंने कोहली से भी मुलाकात की और उन्हें कसकर गले लगाया। इसके बाद उन्होंने विराट कोहली को पठान फिल्म के फेमस गाने ‘झूमे जो पठान’ के डांस स्टेप्स भी सिखाए।
13. कोहली ने लगातार दो शतक जड़े
14 of 17
कोहली ने लगातार दो शतक जड़े
- फोटो : IPL/BCCI
आरसीबी को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए लीग राउंड के आखिरी दोनों मैच जीतने थे। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल 2023 के 65वें मैच में आरसीबी को 187 रन का लक्ष्य मिला था। इस मैच को बैंगलोर ने आठ विकेट से जीता था। कोहली ने इस मैच में 63 गेंदों में 12 चौके और चार छक्के की मदद से 100 रन की पारी खेली थी। यह उनके आईपीएल करियर का पांचवां शतक रहा। इसके बाद आरसीबी का लीग राउंड का आखिरी मैच गुजरात टाइटंस के खिलाफ था। इस मैच में जीतने के साथ ही बैंगलोर प्लेऑफ में पहुंच जाती। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी की और कोहली ने 61 गेंदों में नाबाद 101 रन की पारी खेली। उन्होंने 13 चौके और एक छक्का लगाया। इस पारी की बदौलत आरसीबी ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 197 रन बनाए। हालांकि, गुजरात ने 19.1 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया और आरसीबी बाहर हो गई।
14. किंग कोहली के बाद 'प्रिंस' शुभमन गिल का जलवा
15 of 17
शुभमन गिल ने लगातार दो शतक लगाए
- फोटो : IPL/BCCI
आईपीएल 2023 के आखिरी लीग राउंड मैच में टेबल टॉपर्स गुजरात टाइटंस ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को छह विकेट से हरा दिया। बैंगलोर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 197 रन बनाए थे। जवाब में गुजरात ने 19.1 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। बैंगलोर के लिए 'किंग' यानी विराट कोहली ने 61 गेंदों में नाबाद 101 रन की बेहतरीन पारी खेली। वहीं, गुजरात के लिए 'प्रिंस' यानी कोहली के उत्तराधिकारी माने जा रहे शुभमन गिल ने 52 गेंदों में नाबाद 104 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने पांच चौके और आठ छक्के लगाए। शुभमन का यह शतक आईपीएल में उनका लगातार दूसरा शतक रहा। इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ गुजरात के पिछले मैच में उन्होंने 58 गेंदों में 13 चौके और एक छक्के की मदद से 101 रन की पारी खेली थी। शुभमन यहीं नहीं रुके। इसके बाद मुंबई के खिलाफ क्वालिफायर-दो के मुकाबले में शुभमन ने 60 गेंदों में सात चौके और 10 छक्के की मदद से 129 रन की पारी खेली। यह चार मैचों के अंदर शुभमन का तीसरा शतक रहा। इसकी बदौलत गुजरात ने 20 ओवर में तीन विकेट पर 233 रन बनाए। जवाब में मुंबई 18.2 ओवर में 171 रन पर सिमट गई।
15. जहां गए धोनी वहां फैंस ने उन्हें किया चीयर
16 of 17
धोनी के समर्थन में भारत के हर स्टेडियम में दर्शक पहुंचे
- फोटो : IPL/BCCI
41 साल के धोनी अपने आईपीएल करियर की पांचवीं ट्रॉफी जीतने के बाद संन्यास ले सकते हैं। धोनी के फैंस सीजन की शुरुआत से ही इस बात को समझते थे और इस सीजन धोनी जिस भी मैदान पर खेले, वहां उनके फैंस उन्हें विदाई देने पहुंचे। कोलकाता से लेकर जयपुर तक धोनी जहां भी खेले, उनके फैंस उन्हें विदाई देने पहुंचे। इसी वजह से धोनी कोलकाता में भावुक हो गए और अपने करियर के पुराने दिन याद किए। अपने करियर की शुरुआत में धोनी खड़कपुर रेलवे स्टेशन में नौकरी करते थे और कोलकाता के मैदान में ही खेलने आते थे। कई विपक्षी टीमों के कप्तानों ने भी यह बात स्वीकार की। जयपुर में पूरे स्टेडियम में चेन्नई के फैंस देखकर संजू सैमसन ने भी कहा कि आमतौर पर यही फैन राजस्थान का सपोर्ट करते हैं, लेकिन धोनी की वजह से सभी चेन्नई की जर्सी में स्टेडियम पहुंचे।
धोनी ने फाइनल मैच जिताने वाले जडेजा को गोद में उठा लिया
- फोटो : IPL/BCCI
चेन्नई सुपर किंग्स ने बारिश से बाधित मैच को डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर पांच विकेट से अपने नाम किया। एक वक्त चेन्नई को आखिरी दो गेंदों पर 10 रन की जरूरत थी। तब जडेजा ने पांचवीं गेंद पर छक्का लगाया और आखिरी गेंद पर चौका लगाकर चेन्नई को जीत दिलाई। इसके बाद जडेजा डगआउट की तरफ भागे। वहां धोनी मौजूद थे और उन्होंने खुशी में जडेजा को गोद में उठा लिया। धोनी को इससे पहले कभी इस तरह से जश्न मनाते नहीं देखा गया था। मैच के बाद धोनी काफी भावुक दिखे।