फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL 2023: धोनी सबसे अनुभवी कप्तान, नीतीश राणा और मार्करम पहली बार संभालेंगे कमान; जानें किसके पास कितना अनुभव

Mon, 27 Mar 2023 08:42 PM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

कोलकाता नाइटराइडर्स ने सोमवार (27 मार्च) को नीतीश राणा के नाम पर मुहर लगा दी। वह चोटिल श्रेयस अय्यर की जगह टीम की कमान संभालेंगे।
विज्ञापन
महेंद्र सिंह धोनी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
आईपीएल का 16वां सीजन 31 मार्च को शुरू होगा। पहले मुकाबले में चार बार की चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स के सामने गत विजेता गुजरात टाइटंस होगी। टूर्नामेंट से पहले सभी टीमों के कप्तान के नाम सामने आ चुके हैं। कोलकाता नाइटराइडर्स ने सोमवार (27 मार्च) को नीतीश राणा के नाम पर मुहर लगा दी। वह चोटिल श्रेयस अय्यर की जगह टीम की कमान संभालेंगे। नीतीश पहली बार आईपीएल में कप्तानी करेंगे। उनके अलावा सनराइजर्स हैदराबाद के एडेन मार्करम भी पहली बार नेतृत्व करेंगे। ऐसे में हम आपको बता रहे हैं कि किस टीम के कप्तान के पास कितना अनुभव है...
विज्ञापन

चेन्नई सुपरकिंग्स: महेंद्र सिंह धोनी

2 of 11
महेंद्र सिंह धोनी - फोटो : सोशल मीडिया
चेन्नई सुपरकिंग्स की कप्तानी महेंद्र सिंह धोनी के पास 2008 से है। उन्होंने 2022 में कमान रवींद्र जडेजा को सौंप दी थी, लेकिन वह दबाव को नहीं झेल पाए। आठ मैचों के बाद ही जडेजा ने कप्तानी छोड़ दी थी। उसके बाद फिर से धोनी को ही टीम की कमान संभालनी पड़ी। वह आईपीएल में अब तक 210 मुकाबलों में कप्तानी कर चुके हैं। इस दौरान 123 में जीत और 86 में हार मिले हैं। एक मैच में नतीजा नहीं निकला। इनमें राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स के आंकड़े भी शामिल हैं। धोनी ने 2016 में 14 मैचों में पुणे की कप्तानी की थी। इस दौरान पांच में जीत और नौ में हार मिली थी।
विज्ञापन
विज्ञापन

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा

3 of 11
रोहित शर्मा - फोटो : IPL/BCCI
आईपीएल के सबसे सफल कप्तान रोहित शर्मा हैं। उन्होंने पांच बार मुंबई को चैंपियन बनाया है। रोहित ने 2013 से अब तक 143 मैचों में मुंबई की कप्तानी की है। इस दौरान उन्हें 79 में जीत और 60 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। उनकी कप्तानी में चार मैच टाई रहे हैं।

दिल्ली कैपिटल्स: डेविड वॉर्नर

4 of 11
डेविड वॉर्नर - फोटो : IPL/BCCI
कार दुर्घटना में चोटिल हुए ऋषभ पंत की जगह डेविड वॉर्नर दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करेंगे। वह इससे पहले दिल्ली डेयरडेविल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए कप्तानी कर चुके हैं। आईपीएल में उन्होंने 69 मैचों में कप्तानी की है। इस दौरान 35 में जीत और 32 में हार मिली। दो मैच टाई रहे। इस आंकड़े में दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए 2013 में दो मैचों में कप्तानी भी शामिल हैं। तब दोनों मुकाबलों में वॉर्नर की टीम को हार मिली थी।
विज्ञापन

लखनऊ सुपर जाएंट्स: केएल राहुल

5 of 11
केएल राहुल - फोटो : IPL/BCCI
भारत के अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल ने 2020 से अब तक आईपीएल के 42 मैचों में कप्तानी की है। वह लखनऊ सुपर जाएंट्स से पहले पंजाब किंग्स के कप्तान थे। राहुल ने दोनों टीमों को मिलाकर कुल 42 मैचों में कमान संभाली है। 20 में उन्हें जीत और 20 में हार मिली है। राहुल की कप्तानी में लखनऊ की टीम पिछले सीजन में प्लेऑफ तक पहुंची थी।
विज्ञापन

राजस्थान रॉयल्स: संजू सैमसन

6 of 11
संजू सैमसन - फोटो : IPL/BCCI
राजस्थान रॉयल्स को पिछले सीजन में फाइनल तक पहुंचाने वाले संजू सैमसन ने आईपीएल में 31 मैचों में कप्तानी की है। इस दौरान उन्हें 15 में जीत और 16 में हार मिली है।
विज्ञापन

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: फाफ डुप्लेसिस

7 of 11
फाफ डुप्लेसिस - फोटो : IPL/BCCI
भारत के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली ने पिछले साल आईपील में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) की कप्तानी छोड़ दी थी। उनके स्थान पर फ्रेंचाइजी ने फाफ डप्लेसिस को कमान सौंपी। उनकी कप्तानी में टीम प्लेऑफ तक पहुंची थी। डुप्लेसिस ने 16 मैचों में कप्तानी की। इस दौरान नौ में जीत और सात में हार का सामना करना पड़ा।

गुजरात टाइटंस: हार्दिक पांड्या

8 of 11
हार्दिक पांड्या - फोटो : IPL/BCCI
2022 में पहली बार गुजरात टाइटंस की टीम ने आईपीएल में हिस्सा लिया था। हार्दिक पांड्या ने भी पहली बार ही कप्तानी की थी। उन्होंने टीम को फाइनल तक पहुंचाया और पहले ही सीजन में चैंपियन भी बना दिया। हार्दिक ने 15 मैचों में कप्तानी की है। इस दौरान 11 में जीत और चार मैचों में हार मिली है।

पंजाब किंग्स: शिखर धवन

9 of 11
शिखर धवन - फोटो : सोशल मीडिया
पंजाब किंग्स ने इस सीजन में शिखर धवन को कप्तान बनाया है। पिछले सीजन में टीम के कप्तान मयंक अग्रवाल थे। उन्हें फ्रेंचाइजी ने टीम से बाहर कर दिया। मयंक हैदराबाद के लिए खेलेंगे। धवन ने अब तक आईपीएल में 10 मैचों में कप्तानी की है। 2014 में उनकी कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम चार मैचों में जीती थी और छह में उसे हार का सामना करना पड़ा था।
 

कोलकाता नाइटराइडर्स: नीतीश राणा

10 of 11
नीतीश राणा और रिंकू सिंह - फोटो : IPL/BCCI
कोलकाता नाइटराइडर्स ने आगामी सीजन के लिए नीतीश राणा को कप्तान बनाया है। उनके पास आईपीएल में कप्तानी का अनुभव नहीं है। वह घरेलू क्रिकेट में दिल्ली की कप्तानी कर चुके हैं। इस दौरान 12 मैचों में से टीम को आठ में जीत मिली थी। दिल्ली को चार में हार का सामना करना पड़ा।

सनराइजर्स हैदराबाद: एडेन मार्करम

11 of 11
एडेन मार्करम - फोटो : IPL/BCCI
दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्करम भी पहली बार आईपीएल में कप्तानी करेंगे। वह दक्षिण अफ्रीकी की नई टी20 लीग एसए20 (SA20) में सनराइजर्स फ्रेंचाइजी की टीम सनराइजर्स ईस्टर्न केप की कप्तानी कर चुके हैं। उन्होंने टूर्नामेंट के पहले ही सीजन में टीम को चैंपियन बनाया। इसका इनाम उन्हें फ्रेंचाइजी ने दिया और हैदराबाद की भी कमान सौंप दी। अब देखना है कि मार्करम एसए20 की सफलता आईपीएल में दोहरा पाते हैं या नहीं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next