फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

GT Strength: लगातार दूसरी बार अंक तालिका में शीर्ष पर रहा गुजरात, जानें इस टीम के दबदबे की 10 बड़ी वजहें

Mon, 22 May 2023 05:41 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

गुजरात की टीम लगातार दूसरे सीजन में 20 अंक के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर रही है। हार्दिक की कप्तानी में इस टीम ने शानदार खेल दिखाया है। यहां हम आईपीएल में गुजरात के दबदबे की 10 बड़ी वजहें बता रहे हैं। 
 
विज्ञापन
1 of 11
गुजरात टाइटंस बनाम लखनऊ सुपर जाएंट्स - फोटो : IPL/BCCI
आईपीएल 2023 में लीग चरण के मुकाबले खत्म हो चुके हैं। सभी 10 टीमों ने अपने 14 मैच खेल लिए हैं और चार टीमें प्लेऑफ में पहुंच चुकी हैं। गुजरात और चेन्नई की टीम शुरुआती दो स्थान पर रही थीं और पहला क्वालिफायर खेलेंगी। वहीं, लखनऊ और मुंबई की टीम तीसरे और चौथे स्थान पर रहीं। ये दोनों टीमें एलिमिनेटर मैच में आमने-सामने होंगी। गुजरात की टीम लगातार दूसरे सीजन अंक तालिका में शीर्ष पर रही है। साल 2022 में आईपीएल में शामिल होने वाली यह टीम अपने दोनों सीजन में 20 अंक के साथ शीर्ष पर रही है। पिछले सीजन गुजरात की टीम चैंपियन भी बनी थी और इस सीजन भी खिताब जीतने की प्रबल दावेदार है। 

आईपीएल में दो सीजन खेलने वाली गुजरात की टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है। गुजरात ने अब तक 30 मैच खेले हैं और 22 में जीत हासिल की है। वहीं, आठ में उसे हार का सामना करना पड़ा है। अब गुजरात के पहले क्वालिफायर मैच में चेन्नई से भिड़ना है। ऐसे में हम आईपीएल में इस टीम के दबदबे की 10 वजहें बता रहे हैं।
विज्ञापन

1. हार्दिक और अशीष नेहरा की जोड़ी का असर

2 of 11
हार्दिक पांड्या और आशीष नेहरा - फोटो : IPL/BCCI
हार्दिक पांड्या और आशीष नेहरा की जोड़ी गुजरात के लिए बेहद असरदार रही है। हार्दिक पहली बार गुजरात के लिए ही कप्तानी कर रहे हैं और नेहरा भी मुख्य कोच के रूप में पहली बार गुजरात के लिए ही काम कर रहे हैं। दोनों ने अपनी जिम्मेदारी को बखूबी समझा है और साथ मिलकर गुजरात की टीम को दूसरी बार चैंपियन बनाने के लिए तैयार हैं। कप्तान हार्दिक ने अपनी जिम्मेदारी समझी और निरंतरता के साथ अच्छा खेल दिखा रहे हैं। वह मैदान में खिलाड़ियों को उनकी क्षमता के अनुसार जिम्मेदारी देते हैं और खुद आगे बढ़कर नेतृत्व कर रहे हैं। वहीं, आशीष नेहरा टीम बनाने से लेकर खिलाड़ियों को तैयार करने तक हर काम में सफल रहे हैं।
विज्ञापन

2. शुभमन गिल टीम के मैच विनर

3 of 11
शुभमन गिल - फोटो : IPL/BCCI
शुभमन गिल ने गुजरात के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। गिल ने पिछले सीजन भी टीम के लिए कई मैच जिताऊ पारियां खेली थीं और इस सीजन तो वह अलग ही लय में दिखे हैं। उन्होंने लगातार दो पारियों में शतक लगाया है। गुजरात के लिए अब तक दो शतक लगे हैं और दोनों गिल के बल्ले से ही निकले हैं। गिल शुरुआत में संभलकर खेलते हैं और अंत में तेजी से रन बनाने में भी माहिर हैं। लक्ष्य का पीछा करते हुए गिल बेहतरीन अंदाज में खेलते हैं और मैच भी खत्म करते हैं। गुजरात की सफलता में उनकी शानदार फॉर्म और बेहतरीन बल्लेबाजी का बड़ा योगदान है।

3. राशिद और तेवतिया का कमाल

4 of 11
राहुल तेवतिया और राशिद खान - फोटो : IPL/BCCI
गुजरात के लिए गिल बतौर ओपनर निरंतरता के साथ रन बनाते हैं तो निचले क्रम में राहुल तेवतिया और राशिद खान विस्फोट करने में माहिर हैं। राशिद और तेवतिया को हर मैच में बल्लेबाजी भी नहीं मिलती है, लेकिन जब भी जरूरत पड़ी है, इन खिलाड़ियों ने करिश्माई पारियां खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई है। गुजरात के खिलाड़ी अपनी गलतियों से सीखकर वापसी करते हैं और यह टीम कभी भी लगातार मैच नहीं हारती है। अब तक गुजरात की टीम सिर्फ एक बार लगातार दो मैच हारी है। पिछले सीजन पंजाब और मुंबई के खिलाफ गुजरात को हार का सामना करना पड़ा था।
विज्ञापन

4. गेंदबाजी का संतुलन

5 of 11
गुजरात टाइटंस बनाम मुंबई इंडियंस - फोटो : IPL/BCCI
गुजरात के मुख्य कोच आशीष नेहरा हैं और उन्होंने गेंदबाजों के इर्द-गिर्द ही टीम तैयार की। मोहम्मद शमी से लेकर हार्दिक पांड्या और अल्जारी जोशेप जैसे खिलाड़ी तेज गेंदबाजी में कमाल कर रहे हैं। जोशुआ लिटिल, यश दयाल, मोहित शर्मा और लोकी फर्ग्यूसन ने भी गुजरात के लिए शानदार गेंदबाजी की है। राशिद खान और साई किशोर ने स्पिन गेंदबाजी में कमाल किया है। इस सीजन नूर अहमद ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। इन सभी गेंदबाजों को नेहरा ने रणनीति के तहत खरीदा और उनकी क्षमता के अनुसार ही उन्हें जिम्मेदारी दी गई। इसी वजह से ये टीम गेंदबाजी में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है।
विज्ञापन

5. हार्दिक पांड्या के चलते टीम मजबूत

6 of 11
हार्दिक पांड्या - फोटो : IPL/BCCI
हार्दिक पांड्या जैसा खिलाड़ी किसी भी टीम को मजबूती प्रदान करता है और यही फायदा गुजरात की टीम को मिल रहा है। हार्दिक तीसरे नंबर पर आकर गुजरात की पारी संभाल लेते हैं और अंत में तेजी से रन बनाने की क्षमता भी रखते हैं। अच्छी शुरुआत मिलने पर वह बीच के ओवरों में भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर सकते हैं। वहीं, गेंदबाजी में वह शमी के साथ मिलकर पावरप्ले में कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं। बीच के ओवरों में भी हार्दिक अपनी पटकी हुई गेंदों के साथ बेहद प्रभावी हैं। इस वजह से किसी गेंदबाज या बल्लेबाज का प्रदर्शन खराब होने पर हार्दिक उसकी भरपाई कर देते हैं और टीम मैच जीत जाती है।
विज्ञापन

6. सभी खिलाड़ियों को उनका काम पता

7 of 11
ऋद्धिमान साहा - फोटो : IPL/BCCI
गुजरात की टीम में अब कई स्टार खिलाड़ी हैं। कप्तान हार्दिक पांड्या से लेकर राशिद खान, शुभमन गिल और मोहम्मद शमी जैसे बड़े नाम इस टीम में हैं, लेकिन 2022 में ऐसा नहीं था। गिल भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की करने की कोशिश कर रहे थे। हार्दिक चोट के बाद वापसी कर रहे थे। शमी भी बड़े खिलाड़ी थे, लेकिन टी20 में उनका इकोनॉमी रेट कुछ खास नहीं था। राशिद अकेले टीम में बड़े स्टार थे। हालांकि, इस टीम में सभी खिलाड़ियों को उनका काम उनकी क्षमता के हिसाब से मिला है और उनका रोल साफ है। इसी वजह से ऋद्धिमान साहा से लेकर हार्दिक, गिल, राशिद और शमी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। विजय शंकर और राहुल तेवतिया भी गुजरात ने बखूबी इस्तेमाल किया है। सभी खिलाड़ियों का काम साफ होने की वजह से ही गुजरात के लिए मोहित शर्मा भी कमाल कर रहे हैं।

7. शमी की शानदार फॉर्म

8 of 11
मोहम्मद शमी - फोटो : IPL/BCCI
गुजरात में आने के बाद मोहम्मद शमी शानदार फॉर्म में हैं। हार्दिक उनसे नई गेंद से ही ज्यादा गेंदबाजी कराते हैं और शमी लगातार इस टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। वह पावरप्ले में विकेट चटका रहे हैं। इसी वजह से उनका इकोनॉमी रेट भी बेहतरीन है और बाकी गेंदबाजों का काम भी शमी आसान कर देते हैं। कई मुकाबलों में शमी ने पावरप्ले में गुच्छे में विकेट लिए हैं और विपक्षी टीम को शुरुआती छह ओवर में ही मैच से बाहर कर दिया है। अधिकतर टीमों के सबसे बेहतरीन बल्लेबाज शीर्ष क्रम में खेलते हैं और शमी पावरप्ले में इन्हीं बल्लेबाजों को आउट कर विपक्षी टीम को मुश्किल में डाल देते हैं।

8. हर मुकाबले में नया मैच विनर

9 of 11
विजय शंकर - फोटो : IPL/BCCI
गुजरात की सबसे बड़ी मजबूती टीम के रूप में शानदार खेल है। गिल और शमी जैसे खिलाड़ी भले ही हर मैच में कमाल कर रहे हों, लेकिन यह टीम किसी एक खिलाड़ी पर निर्भर नहीं है। गुजरात के लिए हर मैच में नया मैच विनर सामने आता है। कभी अभिनव मनोहर कमाल करते हैं तो कभी राहुल तेवतिया या विजय शंकर शानदार पारियां खेलते हैं। गेंदबाजी में मोहित शर्मा और नूर अहमद भी मौका मिलने पर अच्छा प्रदर्शन करते हैं। इसी वजह से विपक्षी टीम किसी एक खिलाड़ी को आउट करके गुजरात को हरा नहीं पाती है।

9. संसाधनों का सही उपयोग

10 of 11
डेविड मिलर और राहुल तेवतिया - फोटो : IPL/BCCI
गुजरात की टीम में खिलाड़ियों का मैनेजमेंट शानदार है। टी20 के धुरंधर नहीं होने के बावजूद इस टीम ने खिलाड़ियों का सही उपयोग किया है और लगातार सफलता हासिल की है। गुजरात की टीम में राहुल तेवतिया जैसे खिलाड़ी कम ही गेंद खेलते हैं और गेंदबाजी में भी कुछ ज्यादा योगदान नहीं देते हैं। इसके बावजूद वह लगातार मैच खेलते हैं और अहम मौकों पर टीम को जीत दिलाते हैं। गुजरात की टीम सभी खिलाड़ियों का सही उपयोग कर रही है और उन्हें सही क्रम पर बल्लेबाजी या गेंदबाजी के लिए भेज रही है। नेहरा और हार्दिक खिलाड़ियों के आधार पर टीम बनाने की बजाय टीम की जरूरत के हिसाब से खिलाड़ियों का चयन करते हैं। इसी वजह से यह टीम हर खिलाड़ी से उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवाती है।
विज्ञापन

10. युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का शानदार मिश्रण

11 of 11
गुजरात के ओपनर्स ऋद्धिमान साहा और शुभमन गिल - फोटो : IPL/BCCI
गुजरात की टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का शानदार मिश्रण है। इस टीम में शुभमन गिल और अभिनव मनोहर जैसे युवा खिलाड़ी हैं, जिनका खेल लगातार बेहतर हो रहा है। वहीं, ऋद्धिमान साहा और डेविड मिलर जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी हैं, जो अब सिर्फ टी20 फॉर्मेट खेल रहे हैं और अपनी नई पहचान बना रहे हैं। इसके अलावा इस टीम में हार्दिक पांड्या और राशिद खान जैसे खिलाड़ी भी हैं, जिनके पास अनुभव अच्छा खासा है, लेकिन इनकी उम्र भी ज्यादा नहीं है। यही खिलाड़ी टीम की मजबूती की सबसे बड़ी वजह हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें