मुंबई इंडियंस बनाम सनराइजर्स हैदराबाद
- फोटो : Amar Ujala Graphics
1. प्रियम का कैच छोड़ना: प्रियम इस सीजन हैदराबाद के लिए अपना पहला मैच खेल रहे थे। छठे ओवर में डेनियल सैम्स की गेंद पर संजय यादव ने प्रियम का कैच छोड़ा। तब वह 10 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। इसके बाद प्रियम ने रन भी बनाए और राहुल त्रिपाठी के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 78 रन की साझेदारी भी निभाई। प्रियम 26 गेंदों पर 42 रन की तूफानी पारी खेल आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने चार चौके और दो छक्के लगाए।
2. राहुल त्रिपाठी की बेहतरीन पारी: राहुल त्रिपाठी ने एकबार फिर नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने इस सीजन का अपना तीसरा और ओवरऑल आईपीएल करियर का 10वां अर्धशतक लगाया। इस सीजन नंबर-तीन पर बल्लेबाजी करते हुए उनके नाम सबसे ज्यादा 50 प्लस का स्कोर बनाने का रिकॉर्ड है। त्रिपाठी ने पहले प्रियम के साथ 78 रन और फिर निकोलस पूरन के साथ तीसरे विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी निभाई। त्रिपाठी 44 गेंदों पर 76 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने नौ चौके और तीन छक्के लगाए। पूरन ने 38 रन बनाए।
राहुल त्रिपाठी
3. हैदराबाद के लोअर ऑर्डर बल्लेबाज फेल: प्रियम, राहुल त्रिपाठी और पूरन ने टीम को अच्छी शुरुआत तो दिलाई, लेकिन हैदराबाद के लोअर ऑर्डर के बल्लेबाज उसे बड़े स्कोर में बदलने में नाकाम रहे। एडेन मार्करम चार गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुए। वहीं, खराब फॉर्म में चल रहे कप्तान केन विलियम्सन इस मैच में छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे। वे सात गेंदों पर महज आठ रन बनाकर नाबाद रहे। उनका खराब फॉर्म एसआरएच टीम मैनेजमेंट के लिए चिंता का विषय है। वहीं, वॉशिंगटन सुंदर ने भी सात गेंदों पर सिर्फ नौ रन बनाए। इन सभी बल्लेबाजों ने काफी गेंदें खेलीं, लेकिन उस हिसाब से रन नहीं बना पाए।
4. रमनदीप सिंह की बेहतरीन गेंदबाजी: मुंबई के युवा ऑलराउंडर रमनदीप सिंह ने गेंद से अपनी उपयोगिता साबित की। उन्होंने तीन ओवर में 20 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके। सबसे पहले रमनदीप ने प्रियम गर्ग को अपनी ही गेंद पर कैच पकड़ पवेलियन भेजा। फिर राहुल त्रिपाठी को तिलक वर्मा के हाथों कैच कराया। इसके साथ ही मार्करम का भी विकेट लिया।
रमनदीप सिंह
5. मुंबई की बेहतरीन ओपनिंग साझेदारी: मुंबई को कप्तान रोहित शर्मा और ईशान किशन ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़े। रोहित 36 गेंदों पर 48 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने दौ चौके और चार छक्के लगाए। यह साल 2022 में किसी भी टी-20 मैच में रोहित की सर्वश्रेष्ठ पारी रही। वहीं, ईशान ने 34 गेंदों पर 43 रन की पारी खेली। इसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल है।
6. सैम्स और तिलक हुए फेल: मुंबई टीम मैनेजमेंट ने इस मैच में डेनियल सैम्स को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा और वह फेल रहे। सैम्स 11 गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, इस सीजन की खोज रहे तिलक हैदराबाद के खिलाफ अपना कमाल नहीं दिखा सके। वह नौ गेंदों पर आठ रन बनाकर आउट हुए। दोनों को उमरान मलिक ने पवेलियन भेजा।
7. टिम डेविड की तूफानी पारी: कीरोन पोलार्ड को मुंबई की टीम पिछले कुछ मैचों से प्लेइंग-11 में नहीं शामिल कर रही है। उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में जगह बना चुके टिम डेविड ने एकबार फिर प्रभावित किया और 18 गेंदों पर 46 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने लगभग मुंबई को मैच जिता ही दिया था, लेकिन 18वें ओवर में डेविड रन आउट हो गए। अपनी पारी में डेविड ने तीन चौके और चार छक्के लगाए।
टिम डेविड
8. भुवनेश्वर का विकेट मेडन: भुवनेश्वर कुमार 19वां ओवर फेंकने के लिए आए और उन्होंने इस ओवर में मैच पलट दिया। तब मुंबई को जीत के लिए दो ओवर में 19 रन की जरूरत थी, लेकिन भुवी ने यह ओवर विकेट मेडन डाला। ओवर की दूसरी ही गेंद पर उन्होंने संजय यादव (0) को जगदीश सुचित के हाथों कैच कराया।
इसके बाद बुमराह क्रीज पर आए और वह इस ओवर में एक भी रन नहीं बना पाए। 18वें ओवर में मुंबई का स्कोर छह विकेट पर 175 रन था और 19वां ओवर खत्म होने के बाद भी मुंबई का स्कोर सात विकेट पर 175 रन ही रहा। आखिरी ओवर में मुंबई को जीत के लिए 19 रन की जरूरत थी और टीम 15 रन ही बना सकी और तीन रन से मैच हार गई।