फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs WI Photos: स्मृति मंधाना ने हरमनप्रीत के साथ शेयर की ट्रॉफी, जीत के बाद मिताली के चेहरे पर लौटी मुस्कान

Sat, 12 Mar 2022 04:01 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, हैमिल्टन

सार

जीत के बाद स्मृति मंधाना को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। हालांकि, उन्होंने खेलभावना का परिचय देते हुए अवॉर्ड को हरमनप्रीत के साथ शेयर किया। 
विज्ञापन
1 of 10
स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर - फोटो : सोशल मीडिया
महिला विश्व कप में भारत ने वेस्टइंडीज को 155 रन से हराकर दूसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ टीम इंडिया प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। यह टूर्नामेंट राउंड रॉबिन फॉर्मेट में खेला जा रहा है और टॉप चार में रहने वाली टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 317 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 40.3 ओवर में 162 रन पर सिमट गई। 

टीम इंडिया की जीत में स्मृति मंधाना और उपकप्तान हरमनप्रीत कौर का अहम योगदान रहा। दोनों ने शतक लगाए और भारत को बड़े लक्ष्य तक पहुंचाया। मंधाना ने 119 गेंदों पर 123 रन और हरमनप्रीत कौर ने 107 गेंदों पर 109 रन की पारी खेली। जीत के बाद स्मृति मंधाना को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। हालांकि, उन्होंने खेलभावना का परिचय देते हुए अवॉर्ड को हरमनप्रीत के साथ शेयर किया। 
विज्ञापन

2 of 10
हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना - फोटो : सोशल मीडिया
मैच के बाद प्रजेंटेशन सेरेमनी में जब मंधाना को अवॉर्ड देने के लिए बुलाया गया, तो वह हरमनप्रीत को भी साथ लेकर गईं। उन्होंने कहा- मुझे लगता है कि शतक लगाने के बाद अगर खिलाड़ी को प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड नहीं मिले तो मुझे अच्छा नहीं लगेगा। मैंने और हरमनप्रीत दोनों ने 300 रन बनाने में बराबरी का योगदान दिया। इसलिए ट्रॉफी को शेयर करना ही सही होगा। हम दोनों यह अवॉर्ड पाने के हकदार हैं।

स्मृति मंधाना ने कहा- मैं और हरमनप्रीत अलग-अलग डिपार्टमेंट में मजबूत हैं। हरमन स्पिन को बेहतर खेलती हैं और मुझे पेसर्स पसंद हैं। इसलिए जब विंडीज के स्पिनर गेंदबाजी कर रहे थे तो मैं हरमनप्रीत को स्ट्राइक दे रही थी और जब तेज गेंदबाजी हो रही थी तो हरमन मुझे स्ट्राइक दे रही थीं। मुझे लगता है कि आईसीसी हम दोनों के लिए अलग-अलग ट्रॉफी की व्यवस्था करेगा। मुझे लगता है कि उनके पास इसके लिए बजट जरूर होगा।


 
विज्ञापन

3 of 10
हरमनप्रीत कौर - फोटो : सोशल मीडिया
उपकप्तान हरमनप्रीत कौर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ बेहतरीन शतक लगाकर बताया कि क्यों उन्हें बड़े मैच का प्लेयर कहा जाता है। दीप्ति के आउट होने के बाद मंधाना और हरमनप्रीत के बीच चौथे विकेट के लिए 174 गेंदों पर 184 रन की साझेदारी हुई। हरमनप्रीत कौर ने वनडे करियर का चौथा शतक लगाया।

4 of 10
स्मृति मंधाना - फोटो : सोशल मीडिया
ओपनर स्मृति मंधाना ने पहले यास्तिका भाटिया के साथ मिलकर टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी हुई। यास्तिका 21 गेंदों पर 31 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद कप्तान मिताली राज पांच रन और दीप्ति शर्मा 15 रन कुछ खास नहीं कर सकीं। मंधाना ने एक छोर से रन बनाना जारी रखा और वनडे करियर का पांचवां शतक लगाया।
विज्ञापन

5 of 10
स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर - फोटो : सोशल मीडिया
मंधाना ने 119 गेंदों पर 13 चौके और दो छक्के की मदद से 123 रन की पारी खेली। वहीं, हरमनप्रीत कौर 107 गेंदों पर 10 चौके और दो छक्के की मदद से 109 रन बनाकर आउट हुईं। वनडे विश्व कप में मंधाना का यह दूसरा शतक रहा। इससे पहले 2017 वनडे विश्व कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ ही मंधाना ने शतक लगाया था। वहीं, वनडे विश्व कप में हरमनप्रीत का यह तीसरा शतक रहा। विश्व कप में पहला शतक हरमनप्रीत ने 2013 में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था। विश्व कप में दूसरा शतक उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2017 में लगाया था।
विज्ञापन

6 of 10
हेली मैथ्यूज और डिएन्ड्रा डॉटिन - फोटो : सोशल मीडिया
318 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की शुरुआत शानदार रही। डिएन्ड्रा डॉटिन और हेली मैथ्यूज ने 12.2 ओवर में ही पहले विकेट के लिए 100 रन जोड़ लिए थे। डॉटिन 46 गेंदों पर 10 चौके और एक छक्के की बदौलत 62 रन बनाकर आउट हुईं। वह विंडीज की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं। हेली मैथ्यूज 36 गेंदों पर 43 रन बना सकीं।
विज्ञापन

7 of 10
स्नेह राणा को बधाई देतीं साथी खिलाड़ी - फोटो : सोशल मीडिया
स्नेह राणा ने टीम इंडिया को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने डॉटिन को मेघना के हाथों कैच कराया। स्नेह राणा ने मैच में सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। वहीं, मेघना सिंह को दो विकेट मिला। वहीं, झूलन गोस्वामी, राजेश्वरी गायकवाड़ और पूजा वस्त्राकर को एक-एक विकेट मिला।

8 of 10
टीम इंडिया - फोटो : सोशल मीडिया
भारतीय गेंंदबाजों के आगे वेस्टइंडीज का कोई बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका। कीसिया नाइट पांच रन, कप्तान स्टेफनी टेलर एक रन, शीमेन कैम्पबेल 11 रन, चेडियन नेशन 19 रन, चिनेले हेनरी सात रन, आलिया एलीने चार रन, अनीसा मोहम्मद दो रन और शमिलिया कोनेल शून्य पर आउट हुईं।

9 of 10
जीत के बाद कप्तान मिताली राज (बाएं) के चेहरे पर मुस्कान लौट आई - फोटो : सोशल मीडिया
महिला वनडे विश्व कप में भारत की वेस्टइंडीज पर ये लगातार सातवीं जीत है। इससे पहले टीम इंडिया ने विंडीज को 1993, 1997, 2005, 2009, 2013 और 2017 में खेले गए वर्ल्ड कप में हराया था। भारतीय टीम की यह इस टूर्नामेंट में दूसरी जीत है। इससे पहले टीम ने पाकिस्तान को 107 रन से हराया था। वहीं, टीम को न्यूजीलैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
विज्ञापन

10 of 10
झूलन को बधाई देते साथी खिलाड़ी - फोटो : सोशल मीडिया
झूलन महिला वनडे विश्व कप में सबसे ज्यादा विकेट (40) लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं। उन्होंने इस मामले में ऑस्ट्रेलिया की पूर्व गेंदबाज लिन फुल्सटन (39) को पीछे छोड़ दिया। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें