पहले मैच में हार फिर अगले मैच में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में पीटने के बाद टीम इंडिया फिर से जीत के रंग में लौट आई है और टी-20 वर्ल्ड कप में उसकी अगली चुनौती होगी बांग्लादेश के खिलाफ जिसमें वह बड़ी जीत के इरादे से मैदान पर उतरेगी। यह मैच होली से एक दिन पहले रात (7:30 बजे) में बंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।
मेजबान टीम इंडिया को टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अपने दोनों मुकाबले जीतने ही होंगे। पहले मैच में हार से धोनी ब्रिगेड को तगड़ा झटका लगा था और अंतिम 4 में जगह बनाने के वास्ते अपनी राह आसान करने के लिए उसे बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया को हराना ही होगा।
अगर टीम इंडिया इस मैच में जीत हासिल करती है तो वह सुपर-10 के ग्रुप टू में शीर्ष 2 टीमों में आ जाएगी। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच मंगलवार को होने वाले मुकाबले से पहले की स्थिति पर बात की जाए तो किवी टीम अपने दोनों मैच जीतकर शीर्ष पर बनी हुई है और पाक एक मैच में हार के बावजूद दूसरे स्थान पर बना हुआ है। भारत चौथे स्थान पर है और इस लिहाज से देखा जाए तो उसे चौथे से शीर्ष 2 में आने के लिए एड़ी-चोटी का पसीना बहाना ही होगा।
शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों की नाकामी के बाद रहाणे को मिलेगा मौका?
महेंद्र सिंह धोनी
सोमवार की रात बांग्लादेश को 3 विकेट से हराने के बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम अंकतालिका में तीसरे पायदान पर आ गई जिससे भारत अपने ग्रुप में चौथे स्थान पर खिसक गया है। धोनी के धुरंधरों के लिए अगला मैच बांग्लादेश के खिलाफ है और जिसे वह एशिया कप में उनके ही घर में 2 बार हरा चुके हैं।
बांग्लादेश की टीम पिछले कुछ समय से शानदार फॉर्म में है और इस समय वह दुनिया की हर टीम को सीमित ओवरों के खेल में जर्बदस्त चुनौती दे रही है। बांग्ला टीम अब पुरानी टीम जैसी भी नहीं रही और अब वह मैच भी जीतने लगी है। भारत को इस मैच में भी काफी सावधान रहना होगा और जीत के साथ-साथ टीम को अपना रनरेट सुधारने पर भी ध्यान देना होगा। इसके बाद भारत का अगला मैच ऑस्ट्रेलिया की टीम से है।
वहीं बांग्ला टीम अपने दोनों मैच हारकर सेमीफाइनल की रेस से लगभग बाहर हो चुकी है, लेकिन गणितीय जोड़-तोड़ से उसकी भी संभावना बनी हुई है। हर बार की तरह इस मैच में भी टीम इंडिया को अपनी बल्लेबाजी पर खासा भरोसा रहेगा। विराट कोहली तो इस कदर शानदार फॉर्म में हैं कि अकेले अपने दम पर मैच का रुख मोड़ने में सक्षम हैं। लेकिन सिर्फ उन्हीं पर भरोसा करना टीम के लिए खतरा बन सकता है। रोहित शर्मा, शिखर धवन और सुरेश रैना अभी वर्ल्ड कप में ज्यादा रन नहीं बना सके हैं तो वे इस मैच के जरिए फॉर्म में लौटना चाहेंगे।
युवराज सिंह ने कोहली के साथ पाक के खिलाफ मैच में 61 रनों की बड़ी साझेदारी की है, लेकिन अब तक अपनी चिर-परिचित पारी नहीं खेल सके हैं। कप्तान धोनी, हार्दिक पांड्या और रविंद्र जडेजा को ऑलराउंड प्रदर्शन करना होगा।
एक संभावना यह भी बन रही है कि इस मैच में अंजिक्य रहाणे को अंतिम एकादश में लिया जा सकता है क्योंकि रोहित के साथ-साथ धवन और रैना भी फ्लॉप रहे हैं ऐसे में धोनी के पास रहाणे को शामिल करने का मौका रहेगा।
टर्निंग पिच हुई तो हरभजन सिंह करेंगे वापसी
टीम इंडिया
जहां तक गेंदबाजी का सवाल है तो टीम इंडिया में एक बड़ा बदलाव हो सकता है। हालांकि यह पिच की स्थिति पर निर्भर करता है कि वह किस तरह की बनती है। फिलहाल अभी तक जिस तरह से फिरकी गेंदबाजों के अनुकूल पिच तैयार की जा रही है तो टीम में अनुभवी ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह को रखा जा सकता है।
वहीं बांग्लादेश की टीम अपने 2 गेंदबाजों के गेंदबाजी करने से प्रतिबंधित किए जाने के बाद से काफी तनाव में है। बांग्लादेश के कप्तान मशरफे मुर्तजा ने अवैध एक्शन के कारण निलंबित किए गए अपने तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद का समर्थन किया है और कहा है कि वह उनका निलंबन रद्द करवाने के लिए तय प्रक्रिया का पालन करेंगे।
हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अन्य गेंदबाज बाएं हाथ के स्पिनर अराफात सनी को लेकर पैरवी नहीं करेंगे। सनी को भी अवैध एक्शन के कारण आईसीसी ने निलंबित कर दिया है। मुर्तजा ने कहा कि दो अहम खिलाड़ियों की ऐसे मौके पर सेवा उपलब्ध न होना बड़ा नुकसान है लेकिन हम नियमों का पालन करेंगे और पूरी प्रक्रिया निभाएंगे।