जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर 8 मुकाबले में संजू सैमसन ने 15 गेंदों में 24 रन की तेज पारी खेली, लेकिन शॉर्ट गेंद पर एक बार फिर डीप में कैच आउट हो गए। सुनील गावस्कर ने कहा कि सैमसन इस क्षेत्र में कई बार इसी तरह आउट हो चुके हैं और उन्हें इससे सीख लेने की जरूरत है।
सुनील गावस्कर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर 8 मुकाबले में संजू सैमसन के आउट होने पर खुलकर अपनी राय रखी। सैमसन ने तेज शुरुआत करते हुए 15 गेंदों में 24 रन बनाए, जिसमें दो छक्के और एक चौका शामिल था। यह मुकाबला चेन्नई में खेला गया, जहां भारत को सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए जीत बेहद जरूरी थी।
विज्ञापन
2 of 3
संजू सैमसन
- फोटो : PTI
अच्छी शुरुआत दिलाकर आउट हुए सैमसन
सैमसन की पारी ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई और भारत ने 23 गेंदों में 48 रन की अपनी टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ ओपनिंग साझेदारी दर्ज की। लेकिन चौथे ओवर में ब्लेसिंग मुजरबानी की धीमी गेंद पर वह बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में डीप मिडविकेट पर रयान बर्ल के हाथों कैच आउट हो गए। इससे पहले सैमसन ने टूर्नामेंट में केवल नामीबिया के खिलाफ एक मैच खेला था।
रवि शास्त्री और गावस्कर ने जताई नाराजगी
कमेंट्री के दौरान रवि शास्त्री ने कहा, 'वह इस शॉट से निराश होंगे।' वहीं, गावस्कर ने ज्यादा विस्तार से विश्लेषण करते हुए कहा, 'वह जरूर निराश होंगे क्योंकि वह इस क्षेत्र में कई बार आउट हो चुके हैं। हर कोई जानता है कि उन्हें शॉर्ट गेंद डालो और डीप स्क्वेयर लेग पर फील्डर रखो। मुजरबानी की लंबाई की वजह से गेंद थोड़ी ज्यादा उछली, जिससे शॉट पूरी तरह बल्ले के बीच में नहीं लगा।' हालांकि, सैमसन के आउट होने के बाद भी भारतीय बल्लेबाजी की रफ्तार कम नहीं हुई। स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा ने इस टी20 विश्व कप में अपना पहला अर्धशतक जड़ते हुए 30 गेंदों में 55 रन बनाए, जिसमें चार चौके और चार छक्के शामिल थे।