फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs PAK: कुलदीप-अक्षर की फिरकी में उलझा पाकिस्तान, अभिषेक-सूर्यकुमार की आतिशी बल्लेबाजी से भारत की आसान जीत

Sun, 14 Sep 2025 11:46 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई

सार

भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया 2025 का महामुकाबला खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम पर भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाया और विपक्षी टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर महज 127 रन ही बना पाई। 
विज्ञापन
1 of 9
भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : PTI
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 का महामुकाबला खेला गया। दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पर खेले गए इस मुकाबले में सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली भारतीय टीम ने पाकिस्तान को सात विकेट से हराकर मौजूदा टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। पहले भारतीय गेंदबाजों ने अपना क्लास दिखाते हुए पाकिस्तान पर दबाव बनाया था, इसके बाद अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव ने अपनी आतिशी बल्लेबाजी से टीम की जीत सुनिश्चित की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला पाकिस्तान के लिए भारी पड़ा और टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर केवल 127 रन बनाए। जवाब में भारत ने 15.5 ओवर में तीन विकेट पर 131 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन

2 of 9
भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : PTI
शुरुआत में ही झटका
पहले ही ओवर में हार्दिक पांड्या ने सैम अयूब को शून्य पर आउट कर पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेल दिया। उसके बाद बुमराह ने मोहम्मद हारिस को चलता किया। स्कोरबोर्ड पर केवल छह रन और दोनों ओपनर पवेलियन लौट गए। यह भारतीय गेंदबाजी का दबदबा दिखाने के लिए काफी था।
विज्ञापन

3 of 9
भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : PTI
फखर-साहिबजादा की साझेदारी
हालांकि, साहिबजादा फरहान (40 रन) और फखर जमां ने कुछ अच्छे शॉट्स खेलकर पारी को संभालने की कोशिश की और तीसरे विकेट के लिए 39 रन जोड़े। लेकिन फखर ज्यादा देर टिक नहीं पाए और अक्षर पटेल ने उन्हें चलता किया। वहीं पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा भी जल्दी ही आउट हो गए।

4 of 9
भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : PTI
स्पिनर्स ने बरपाया कहर
मध्य ओवरों में भारतीय स्पिनरों ने पाकिस्तान की कमर तोड़ दी। कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा तीन विकेट चटकाए और लगातार दो गेंदों पर हसन नवाज और मोहम्मद नवाज को आउट करके पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेल दिया। कुलदीप को तीसरी सफलता साहिबजादा फरहान के रूप में मिली। इसी के साथ चाइनामैन गेंदबाज इस मुकाबले में भारत के लिए सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज बन गए। पाकिस्तान के खिलाफ कुलदीप का रिकॉर्ड शानदार रहा है। अक्षर पटेल ने भी दो अहम विकेट झटके, जिनमें कप्तान सलमान आगा शामिल थे। वरुण चक्रवर्ती ने भी एक विकेट लेकर पाकिस्तान की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
विज्ञापन

5 of 9
जसप्रीत बुमराह - फोटो : BCCI
बुमराह का क्लास
जसप्रीत बुमराह ने पावरप्ले और डेथ ओवर्स दोनों में शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने दो विकेट लेकर पाकिस्तान की बल्लेबाजी को और कमजोर कर दिया।
विज्ञापन

6 of 9
भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : PTI
निचले क्रम में शाहीन ने जोड़े 33 रन
साहिबजादा फरहान को छोड़कर कोई भी पाकिस्तानी बल्लेबाज टिककर खेल नहीं सका। निचले क्रम से फहीम अशरफ और सुफियान मुकीम ने कुछ रन जोड़े, लेकिन वो भारत के खिलाफ चुनौती खड़ी करने के लिए काफी नहीं थे। हालांकि, शाहीन शाह अफरीदी पाकिस्तान के लिए दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 16 गेंदों में चार छक्कों की मदद से 33 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 206.25 का रहा।
विज्ञापन

7 of 9
अभिषेक शर्मा - फोटो : BCCI
अभिषेक ने दिलाई तेज शुरुआत
128 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत तेज रही। हालांकि शुभमन गिल केवल 10 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए, लेकिन अभिषेक शर्मा ने आक्रामक रुख अपनाते हुए पावरप्ले में ही मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने 13 गेंदों पर 31 रन बनाए, जिसमें चौके और छक्कों की आतिशबाजी देखने को मिली। हालांकि वह बड़ी पारी में इसे नहीं बदल पाए, लेकिन उनकी तेज शुरुआत ने टीम को मजबूत आधार दे दिया। 

8 of 9
तिलक वर्मा - फोटो : BCCI
तिलक का अहम योगदान
शुरुआती दो विकेट गंवाने के बाद तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी कर मैच को भारत की ओर मोड़ दिया। तिलक 31 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन उनका योगदान अहम रहा।
विज्ञापन

9 of 9
सूर्यकुमार यादव - फोटो : BCCI
मैच के हीरो रहे सूर्यकुमार
इसके बाद पूरी जिम्मेदारी सूर्यकुमार यादव ने अपने कंधों पर ली। उन्होंने कप्तानी पारी खेली, धैर्य और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया और अंत में छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। शिवम दुबे ने भी उनका अच्छा साथ दिया। भारत ने यह लक्ष्य 25 गेंदें शेष रहते हासिल कर लिया। उन्होंने दबाव की स्थिति में टीम को संभाला, तिलक के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी की और अंत तक टिककर छक्का मारा और भारत को जीत दिलाई। कप्तानी के साथ-साथ उनकी बल्लेबाजी का आत्मविश्वास ही भारत की जीत का सबसे बड़ा कारण रहा। सूर्यकुमार ने 37 गेंदों में 47 रन बनाकर नाबाद रहे। इस दौरान उन्होंने पांच चौके और एक छक्के लगाए।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें