टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच मुंबई में 22 अक्टूबर को तीन वन डे मैचों की सीरीज का पहला मैच खेला जाएगा। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली का यह वन डे करियर में 200 वां मैच होगा। विराट कोहली ने 199 मैच में 30 शतक लगाए हैं। उन्होंने वन डे करियर में 8767 रन बनाए हैं। 183 उनका सर्वाधिक स्कोर है। यह पारी पाकिस्तान के खिलाफ ढाका के एशिया कप में विराट कोहली ने खेली थी। 30 शतक के अलावा उन्होंने 45 अर्धशतक भी लगाए हैं। उनका प्रति मैच रनों का औसत 55 है। दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज विराट कोहली रनों का पीछा करने के मामले में सबसे आगे है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कोलकाता में विराट पिछली वन डे सीरीज में 92 रनों पर अपना विकेट गंवाकर 31 वें शतक से वंचित रह गए थे। श्रीलंका के खिलाफ पिछली सीरीज में दो मैचों में लगातार दो शतक लगाकर विराट कोहली ने श्रीलंका के सनथ जयसूर्या को शतकों के मामले में पीछा छोड़ा था।
मुंबई में क्रिकेट प्रेमी दर्शकों को विराट से शतकीय पारी की उम्मीद होगी। विराट कोहली भी मैच में शतक जड़ अपना 200 वां वन डे यादगार बनाना चाहेंगे।