कप्तान शुभमन गिल (161 रन) के दूसरे शतक की बदौलत भारत ने शनिवार को एजबेस्टन में जारी दूसरे टेस्ट के चौथे दिन अपनी दूसरी पारी छह विकेट पर 427 रन बनाकर घोषित की और इंग्लैंड को जीत के लिए 608 रन का अंसभव लक्ष्य दिया। पांचवें दिन इंग्लैंड के बल्लेबाज मुश्किल में होंगे क्योंकि टीम ने दूसरी पारी में स्टंप तक 72 रन तक तीन विकेट गंवा दिए जिसमें दो विकेट आकाश दीप और एक विकेट मोहम्मद सिराज ने झटका।
प्रिंस के नाम से मशहूर गिल ने एजबेस्टन टेस्ट की पहली पारी में दोहरा शतक लगाया था। उन्होंने लगातार दो पारियों में दो शतक जड़कर अपना नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज करा लिया। इसके बाद क्रिकेट के किंग कहे जाने वाले विराट कोहली ने इंस्टाग्राम स्टोरी में गिल की तारीफ की है। कोहली ने लिखा, 'क्या खूब खेला है स्टार बॉय। आप फिर से इतिहास लिख रहे हैं। यहां से सिर्फ आप ऊपर की तरफ जाएंगे और आगे बढ़ेंगे। आप इस सब के हकदार हैं।'