सिराज
- फोटो : Twitter
ओवल में चौथे दिन क्या हुआ था?
दरअसल, ओवल में इंग्लैंड को 374 रन का लक्ष्य मिला। इसके जवाब में एक वक्त टीम ने 106 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। हैरी ब्रुक और जो रूट क्रीज पर थे। इंग्लैंड की दूसरी पारी के 35वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा गेंदबाजी के लिए आए। पहली ही गेंद उन्होंने शॉर्ट लेंथ पर फेंकी। इस पर बड़े शॉट के प्रयास में ब्रुक ने इसे हवा में खेला। गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर लॉन्ग लेग पर गई। वहां सिराज बाउंड्री लाइन पर खड़े थे। उन्होंने कैच लिया, लेकिन उनका दायां पैर कैच के बाद बाउंड्री लाइन से टकरा गया। सिराज खुद को ठीक से बैलेंस नहीं कर पाए। गेंद छक्के के लिए गई। तब ब्रुक 19 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे।
इसके बाद तो ब्रुक ने कोई मौका नहीं दिया और बैजबॉल के अंदाज में चौके छक्कों की बारिश कर दी। उन्होंने शतक पूरा किया और 98 गेंद में 14 चौके और दो छक्कों की मदद से 111 रन की पारी खेली। आकाश दीप ने उन्हें पवेलियन भेजा, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। जीवनदान मिलने के बाद ब्रुक ने रूट के साथ चौथे विकेट के लिए 195 रन की साझेदारी निभाई। सिराज अगर वह कैच ले लेते तो परिस्थिति कुछ और हो सकती थी, क्योंकि ब्रुक के चौथे विकेट के रूप में आउट होने के बाद भारत ने 36 रन के अंदर दो और विकेट गिरा दिए। इंग्लैंड ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक छह विकेट पर 339 रन बना लिए थे। सिराज से कैच छूटने की याद उन्हें ताउम्र सताएगी। हालांकि, सिराज ने पांचवें दिन इसकी भरपाई की और दूसरी पारी में कुल पांच लेने में सफल रहे।