भारतीय क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 22 नवंबर से शुरू होने वाले टेस्ट मैच से पहले पर्थ में नेट पर कड़ा अभ्यास किया। कप्तान रोहित शर्मा को छोड़कर टीम के सभी सदस्य ऑस्ट्रेलिया पहुंच चुके हैं। रोहित के व्यक्तिगत कारणों से पहले टेस्ट में नहीं भाग लेने की संभावना है। गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल, सहायक कोच रेयान टेन डोशेट और अभिषेक नायर की निगरानी में पूरी टीम बुधवार को पर्थ में अभ्यास सत्र में शामिल हुई।
बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) द्वारा जारी एक वीडियो में खिलाड़ियों को वॉर्म अप सेशन के बाद गेंदबाजी और बल्लेबाजी करते देखा जा सकता है। गेंदबाजों ने जहां बाउंसर डालने की प्रैक्टिस की, वहीं बल्लेबाजों ने शॉर्ट बॉल को खेलने का अभ्यास किया। विराट कोहली, यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल समेत सभी बल्लेबाज शॉर्ट बॉल को खेलते दिखे। वहीं, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज उछाल भरी विकेट का भरपूर इस्तेमाल करते दिखे।