रोहित शर्मा ने एक बार फिर से अपनी बल्लेबाजी से बता दिया कि क्यों वे टी-20 के किंग हैं। राजकोट में रोहित ने कप्तानी पारी खेलती हुए बांग्लादेशी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। तीन मैचों की टी-20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में रोहित का बल्ला जमकर बोला और उन्होंने ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी खेल डाली।
राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 153 रन बनाए। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी रोहित और धवन की जोड़ी ने जबरदस्त शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 11 ओवर में 118 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी कर डाली।
मैच में रोहित बहुत तेजी से अपने पांचवें शतक की तरफ बढ़ रहे थे लेकिन अमिनुल इस्लाम के ओवर में उठाकर मारने के चक्कर में मोहम्मद मिथुन को कैच दे बैठे। हालांकि आउट होने से पहले रोहित ने 43 गेंदों में ही छह छक्के और छह चौके की मदद से 85 रन की पारी खेल डाली। रोहित ने इस दौरान कई रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए।