केएल राहुल
- फोटो : BCCI
राहुल ऑफ स्पिनर रोकिसियोली की गेंद को लेग साइड में खेलना चाहते थे और इसके लिए वह बैकफुट पर आ गए, लेकिन वह शॉट नहीं खेल सके। नतीजा यह हुआ कि गेंद उनके बाएं पैड पर लगी और उनके ऑफ स्टंप से टकराई। पहली पारी में राहुल केवल चार रन बना सके थे। उनका खराब फॉर्म जारी है। ऐसा माना जा रहा है कि राहुल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 22 नवंबर से शुरू हो रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले टेस्ट में यशस्वी जायसवाल के साथ ओपनिंग करते दिख सकते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि रोहित शर्मा के पहले टेस्ट में खेलने पर संशय है। निजी कारणों की वजह से रोहित पर्थ टेस्ट से दूर रह सकते हैं। आमतौर पर राहुल को टेस्ट में पांचवें स्थान पर भेजा जाता है, लेकिन फिलहाल पांचवें नंबर पर ऋषभ पंत अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। ऐसे में राहुल के लिए फिलहाल मध्यक्रम में जगह खाली नहीं है।