फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

WTC: टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया पहले और भारत चौथे स्थान पर, छह टीमें फाइनल की रेस में

Wed, 14 Sep 2022 11:48 AM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में दक्षिण अफ्रीका की हार के चलते कई टीमों के लिए फाइनल की राह आसान हो गई है। टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच खिताबी भिड़ंत हो सकती है। 
 
विज्ञापन
1 of 10
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के दावेदार - फोटो : अमर उजाला
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के दूसरे चक्र का फाइनल अगले साल होना है। इसके लिए सभी टीमें जोर लगा रही हैं। फिलहाल ऑस्ट्रेलिया की टीम इस रेस में सबसे आगे है, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में दक्षिण अफ्रीका की हार ने कई टीमों के लिए फाइनल के दरवाजे खुले छोड़ दिए हैं। अभी भी छह टीमें फाइनल की रेस में बनी हुई हैं। भारत की टीम अभी चौथे स्थान पर है, लेकिन आने वाले समय में भारत के पास भी फाइनल में पहुंचने का मौका रहेगा। यहां हम बता रहे हैं कि हर टीम के फाइनल में पहुंचने के समीकरण क्या हैं और किन दो टीमों के बीच फाइनल मुकाबला होने की संभावना सबसे ज्यादा है। 

अंकतालिका में पहले स्थान पर मौजूद ऑस्ट्रेलिया के अलावा भारत और पाकिस्तान के लिए फाइनल की राह आसान है। भारत की टीम लगातार दूसरी बार फाइनल खेल सकती है। वहीं, पिछले बार की चैंपियन न्यूजीलैंड फाइनल की रेस से बाहर हो चुकी है। 
विज्ञापन

ऑस्ट्रेलियाः 70 फीसदी प्वाइंट

2 of 10
ऑस्ट्रेलिया टेस्ट टीम - फोटो : twitter@ICC
ऑस्ट्रेलिया की टीम ने टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा चक्र में 70 फीसदी प्वाइंट हासिल किए हैं। कंगारू टीम पहली बार टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने की प्रबल दावेदार है। इसके लिए ऑस्ट्रेलिया को अगले साल भारत दौरे में बेहतर प्रदर्शन करना होगा। ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत में 2004 से कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीती है। ऐसे में उनकी कोशिश होगी कि वह कम से कम मैच हारें या सीरीज ड्रॉ कराकर वापस लौटें। इससे ऑस्ट्रेलिया के लिए फाइनल की राह बहुत आसान हो जाएगी। वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के पास आसान जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाने का मौका रहेगा। 

बची हुई सीरीजः वेस्टइंडीज (घर में दो टेस्ट), दक्षिण अफ्रीका (घर में तीन टेस्ट), भारत (बाहर चार टेस्ट)
विज्ञापन

दक्षिण अफ्रीकाः 60 फीसदी प्वाइंट

3 of 10
दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी - फोटो : सोशल मीडिया
दक्षिण अफ्रीका की टीम फिलहाल टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। हालंकि, इस टीम के लिए आगे की राह बहुत मुश्किल होने वाली है। वेस्टइंडीज के खिलाफ दो घरेलू टेस्ट में अफ्रीकी टीम आसानी से जीत हासिल कर सकती है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया में उसे तीन टेस्ट मैच खेलने हैं और जीतने पर ही दक्षिण अफ्रीका फाइनल की रेस में रह पाएगी। 

बची हुई सीरीजः ऑस्ट्रेलिया (बाहर तीन टेस्ट), वेस्टइंडीज (घर में दो टेस्ट)

श्रीलंकाः 53.33 फीसदी प्वाइंट

4 of 10
श्रीलंका - फोटो : सोशल मीडिया
श्रीलंकाई टीम भी फिलहाल विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है, लेकिन इस टीम के फाइनल खेलने की संभावनाएं बेहद कम हैं। श्रीलंका को टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलने के लिए न्यूजीलैंड को उसके घर में दो टेस्ट मैच की सीरीज में 2-0 से हराना होगा। एशिया कप में श्रीलंकाई टीम भले ही चैंपियन बनी हो, लेकिन न्यूजीलैंड के हालातों में कीवी टीम को लगातार दो टेस्ट में हराना किसी भी टीम के लिए आसान नहीं रहा है। 

बची हुई सीरीजः न्यूजीलैंड (बाहर दो टेस्ट मैच)
विज्ञापन

भारतः 52.08 फीसदी प्वाइंट

5 of 10
भारतीय टीम - फोटो : सोशल मीडिया
भारतीय टीम ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा चक्र में 52.08 फीसदी प्वाइंट हासिल किए हैं और फिलहाल अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। भारत को अब बांग्लादेश में दो टेस्ट और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने घर में चार टेस्ट खेलने हैं। भारत के लिए सभी छह मैचच जीतना बहुत मुश्किल नहीं होगा। बांग्लादेश की टीम टेस्ट में अभी भी बहुत मजबूत नहीं है और ऑस्ट्रेलिया को अपने घर में हराना भारत के लिए बहुत ज्यादा मुश्किल नहीं होगा। ऑस्ट्रेलिया के हारने पर उसका प्वाइंट प्रतिशत भी कम होगा और भारत के फाइनल में पहुंचने की संभावना बढ़ जाएगी। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली सीरीज सभी टीमों के फाइनल में पहुंचने के लिहाज से निर्णायक साबित हो सकती है। 

बची हुई सीरीजः बांग्लादेश (बाहर दो टेस्ट मैच) ऑस्ट्रेलिया (घर में चार टेस्ट)
विज्ञापन

पाकिस्तानः 51.85 फीसदी प्वाइंट

6 of 10
पाकिस्तान टीम - फोटो : ICC@twitter
पाकिस्तान ने अब तक 51.85 फीसदी प्वाइंट हासिल किए हैं और टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। हालांकि, पाकिस्तान को अब सभी टेस्ट घर में ही खेलने हैं। ऐसे में पाकिस्तान के लिए भी फाइनल की राह बेहद आसान है। पाकिस्तान की टीम को अब इंग्लैंड से तीन टेस्ट और न्यूजीलैंड से दो टेस्ट अपने घर में खेलने हैं। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में इस टीम को इंग्लैंड और न्यूजीलैंड से भी सावधान रहना होगा। 

बची हुई सीरीजः इंग्लैंड (घर में तीन टेस्ट मैच) न्यूजीलैंड (घर में दो टेस्ट) 
विज्ञापन

वेस्टइंडीजः 50 फीसदी अंक

7 of 10
वेस्टइंडीज - फोटो : twitter@ICC
वेस्टइंडीज की टीम अपने सभी मैच जीतकर 65.38 फीसदी अंक हासिल कर सकती है। इसके लिए उसे अपने बाकी चारो मैच जीतने होंगे। हालांकि, इसकी संभावना बेहद कम है। वेस्टइंडीज को अब चारों मैच अपने घर से बाहर खेलने हैं। ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों को उनके घर में हराना बहुत मुश्किल होता है और वेस्टइंडीज के लिए भी यह बहुत मुश्किल होगा। ऐसे में वेस्टइंडीज के फाइनल में पहुंचने की संभावना बेहद कम है। 

बची हुई सीरीजः ऑस्ट्रेलिया (बाहर दो टेस्ट मैच) दक्षिण अफ्रीका (बाहर दो टेस्ट मैच)

इंग्लैंडः 38.6 फीसदी प्वाइंट

8 of 10
इंग्लैंड टीम - फोटो : ट्विटर
इंग्लैंड की टीम ने पिछले कुछ महीनों में टेस्ट क्रिकेट में शानदार खेल दिखाया है, लेकिन इससे पहले इंग्लैंड का प्रदर्शन बहुत ही साधारण रहा था। रूट की कप्तानी में टीम 17 में से सिर्फ एक टेस्ट जीत पाई थी। इसी वजह से इंग्लैंड की टीम फाइनल की रेस से बाहर है। इंग्लैंड को टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा चक्र में अब सिर्फ एक सीरीज खेलनी है। पाकिस्तान के खिलाफ इस सीरीज में जीत के बावजूद इंग्लैंड के लिए फाइनल के दरवाजे नहीं खुलेंगे। 

बची हुई सीरीजः पाकिस्तान (बाहर तीन टेस्ट)

न्यूजीलैंडः 25.93 फीसदी प्वाइंट

9 of 10
न्यूजीलैंड के खिलाड़ी - फोटो : सोशल मीडिया
न्यूजीलैंड की टीम टेस्ट चैंपियनशिप की गत चैंपियन है, लेकिन इस बार उसके फाइनल में खेलने की संभावना भी न के बराबर है। न्यूजीलैंड ने अब तक 25.93 फीसदी प्वाइंट हासिल किए हैं और अंक तालिका में आठवें स्थान पर है। अपने बाकी सभी मैच जीतने पर भी कीवी टीम 48.72 फीसदी प्वाइंट ही हासिल कर पाएगी और फाइनल में जगह बनाने से चूक जाएगी। 

बची हुई सीरीजः पाकिस्तान (बाहर दो टेस्ट), श्रीलंका (घर में दो टेस्ट) 
विज्ञापन

बांग्लादेशः 13.33 फीसदी अंक

10 of 10
बांग्लादेश - फोटो : सोशल मीडिया
बांग्लादेश की टीम अब तक सिर्फ 13.33 फीसदी अंक हासिल कर पाई है। ऐसे में बांग्लादेश के भी टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलने की संभावना बेहद कम है। बांग्लादेश को अब अपने घर में भारत के खिलाफ दो टेस्ट मैच खेलने हैं। अगर इनमें से कोई एक टेस्ट भी बांग्लादेश की टीम जीत पाती है तो उसके लिए बड़ी उपलब्धि होगी और भारत का खेल खराब हो सकता है। 

बची हुई सीरीजः भारत (घर में दो टेस्ट)
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें