मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां ने 'अमर उजाला' से एक्सक्लूसिव बातचीत में कई हैरान करने वाले खुलासे किए। हसीन ने सबसे पहले शमी की गलत हरकतों का जिक्र करते हुए कहा, 'मैं तो शादी के बाद से ही इसकी (शमी) गलत हरकतों के बारे में जानती थी, ये चैंटिंग करता रहता था। इस दौरान वह मुंबई की एक आलिशा नाम की लड़की से चैटिंग करता हुआ पकड़ा गया था। वह लड़की शमी को लेकर काफी परेशान थी। इससे परेशान होकर मैंने अपने पापा को भी उस लड़की का नंबर दिया था। इसके बाद वह दुबई की एक और लड़की हुमा खान से चैटिंग करता था। खैर मुझे लगा कि यह सब चैंटिंग तक सीमित है, लेकिन इतनी गंदगी करेगा ऐसा कभी नहीं सोचा था।'
हसीन जहां ने आगे कहा, 'शादी के बाद बीवी को जो इज्जत दी जाना चाहिए, वो शमी ने मुझे कभी नहीं दी। उन्होंने कभी मुझे उस लायक नहीं समझा। मेरी नौकरी, मॉडलिंग सब छुड़वा दी। मुझे घर में बैठा दिया। वह दो साल से मुझसे तलाक मांग रहा है। जब ये सब चीजें बर्दाश्त से बाहर हो गई, तब मैंने उसकी पोल खोलना शुरू की।'
यह पूछने पर कि शमी की गलत हरकते जानने पर आपने क्या किया, तो हसीन ने कहा, 'दक्षिण अफ्रीका दौरे से लौटते वक्त शमी दुबई में अलिश्बा नाम की लड़की से मिला था और दोनों एक होटल के रूम में एक साथ रुके थे। दोनों ने एक साथ वहां ब्रेकफास्ट किया था।'
हसीन जहां ने साथ ही कहा, '17 मार्च को दक्षिण अफ्रीका दौरा खत्म होने के बाद इसको (शमी) घर आना था, लेकिन उससे पहले वह अलिश्बा से मिलने के लिए पूरा प्लान बना चुका था। अलिश्बा से रंगरलियां मनाने के बाद जब वह घर आया, तो अलग तरह से बर्ताव करने लगा। उसकी गाड़ी से 4 कंडोम मिले। अलिश्बा से मिलने के बाद वह पूरा बदल गया था और हमको छोड़कर अलिश्बा के साथ समय बिताना चाहता था। यदि मैं मीडिया का सहारा नहीं लेती तो वह मुझे पूरी तरह से तबाह कर देता। इनके परिवार ने मुझसे मारपीट की। वह किसी भी हाल में मुझसे पीछा छुड़ाना चाहता था। वह हमेशा मुझे इग्नोर करता रहा और दूसरी लड़कियों से गंदगी करता रहा।'
यह पूछने पर कि क्या आपने अमरोहा में जमीन खरीदने पर शमी का विरोध किया तो हसीन ने कहा, 'जब से हसीद (मोहम्मद शमी के भाई) जिंदगी में आया है तब से शमी की इंसानियत खत्म हो चुकी है। मैं क्यों जमीन खरीदने का विरोध करूंगी। हां, मैंने ये जरूर कहा कि जमीन खरीदना है तो वह मेरे अंडर रहेगी।'
इसके साथ ही हसीन ने शमी द्वारा लगाए गए प्रॉपर्टी के आरोपों पर कहा, 'इससे पहले शमी ने कभी नहीं कहा कि वह प्रॉपर्टी को लेकर यह सब कर रही है। उन्होंने हमेशा यही कहा कि मेरा दिमागी संतुलन खराब हो गया है, उसको कोई थर्ड पार्टी बहका रहा है वगैरह-वगैरह। शमी ने उस दौरान कभी नहीं कहा कि मैं प्रॉपर्टी को लेकर यह सब कर रही हूं। यह बात तो वह अब कह रहा है, इससे पहले वह ये बात क्यों नहीं कहता था।'
बकौल हसीन, 'मैं प्रॉपर्टी को लेकर क्या करुंगी। मैं तो चाहती हूं कि मेरा सुहाग रहे। मेरा पति अच्छा रहे। मेरी बेटी का बाप जिंदा रहे।'
यह पूछने पर कि पहली शादी की बात आपने छुपाई तो हसीन ने कहा, 'शमी को बखूबी सब पता था। मैं पहले पति को तलाक दे चुकी हूं। शमी ने मुझसे ये सब जानते हुए शादी की और उसके परिवार ने इसका पूरा साथ दिया।'
वहीं, शमी के कानूनी कार्रवाई करने वाले सवाल पर हसीन ने कहा, 'उसके पास तो अब कुछ बचा ही नहीं। वह माफी तो मांग नहीं सकता, तो अब इधर-उधर की बातें कर रहा है। मैं हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हूं, लेकिन उस सवाल का जवाब दूंगी जो देने के लायक होगा। इस गंदगी के सवाल का क्या जवाब दूंगी, जो होगा वह कोर्ट में फैसला होगा।' बता दें कि हसीन ने शमी पर मारपीट, रेप, हत्या की कोशिश, घरेलू हिंसा और मैच फिक्सिंग जैसे कई गंभीर आरोप लगाए हैं।