टी20 विश्व कप 2024 को लेकर काउंटडाउन शुरू हो चुका है। आईपीएल 2024 के बाद यह टूर्नामेंट खेला जाना है और इसको लेकर सभी टीमों ने तैयारी शुरू कर दी है। एक मई से पहले सभी टीमों को अपने संभावित 15 खिलाड़ियों का एलान करना है। हालांकि, इस टूर्नामेंट को लेकर आईसीसी कई बड़े एलान कर रहा है। उसने हाल ही में जमैका के दिग्गज धावक उसैन बोल्ट को टूर्नामेंट का एम्बेसडर बनाया था।
अब क्रिकेट काउंसिल ने शुक्रवार को भारत के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह को भी एम्बेसडर नियुक्त किया है। युवराज ने 2007 में टी20 विश्व कप के पहले संस्करण में भारत को ट्रॉफी जीतने में काफी मदद की थी। उन्होंने 17 साल पहले हुए संस्करण में इंग्लैंड के खिलाफ स्टुअर्ट ब्रॉड के ओवर में छह छक्के लगाए थे। इस साल टी20 विश्व कप वेस्टइंडीज और अमेरिका की सह मेजबानी में खेला जाना है।