सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में बिहार के 14 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए क्रिकेट इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया। महाराष्ट्र के खिलाफ खेले गए मैच में सूर्यवंशी ने सिर्फ 61 गेंदों में नाबाद 108 रन बनाए और अपने करियर का तीसरा टी20 शतक जड़ दिया। इस पारी के साथ ही उन्होंने इतिहास भी रच दिया। वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए।
7 चौके, 7 छक्के, वैभव का तूफान
वैभव सूर्यवंशी की इस पारी में सात चौके और सात छक्के शामिल थे और उनकी यह पारी कोलकाता के मशहूर ईडन गार्डन्स में दर्शकों के लिए किसी रोमांचक शो से कम नहीं थी। सूर्यवंशी ने मैदान के हर हिस्से में शॉट्स लगाए और महाराष्ट्र के गेंदबाजों को बेबस कर दिया।